डिजिटल समाचार स्रोत

...

ऑटो बेकाबू होकर पलटा, ड्राइवर की मौत:ढूंढोत्सव से लौट रहे परिवार की 2 महिलाओं समेत 4 घायल

डूंगरपुर में नवाटापरा के पास एक ऑटो बेकाबू होकर पलट गया। इस हादसे में ऑटो ड्राइवर की मौत हो गई, जबकि उसमें सवार 2 महिलाओं सहित 4 लोग घायल हो गए। सभी घायल डूंगरपुर अस्पताल में भर्ती हैं। यह परिवार एक ढूंढोत्सव कार्यक्रम से लौट रहा था। दोवड़ा थाना पुलिस के अनुसार, ऐरावाला नेपालपुरा निवासी रूपलाल (45) पुत्र पूंजा अहारी अपने परिवार के साथ नवाटापरा में चाचा की बेटी के बच्चे के ढूंढोत्सव कार्यक्रम में गए थे। शनिवार देर शाम कार्यक्रम के बाद सभी लोग ऑटो से अपने घर लौट रहे थे। ऑटो रूपलाल ही चला रहा था। नवाटापरा गांव में ही ऑटो बेकाबू होकर पलट गया। हादसे में ऑटो ड्राइवर रूपलाल अहारी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, जयंतीलाल (45) पुत्र होमजी अहारी मीणा, तुलसी पत्नी गौतम, अजनबलाल और आशा देवी (40) पत्नी देवीलाल निवासी नेपालपुरा गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत डूंगरपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद रूपलाल को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर दोवड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। घायलों का इलाज जारी है।मृतक रूपलाल पेशे से ड्राइवर था। उसके 4 बेटे हैं और एक बेटी की शादी हो चुकी है। होली से पहले हुई इस घटना से परिवार सदमे में है।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 10:27 am

राष्ट्र-संत ललितप्रभ सागर 2 मार्च को पाली आएंगे:स्वास्थ्य सुधार और संस्कार निर्माण विषय पर देंगे प्रवचन

राष्ट्र-संत ललितप्रभ सागर और डॉ. मुनि शांतिप्रिय सागर 2 मार्च को पाली आएंगे। शहर के लोढ़ा के वास स्थित शांतिनाथ मंदिर उपाश्रय में 2 मार्च की सुबह 9 से 11 बजे तक 'जीवन जीने की कला' विषय पर सत्संग एवं प्रवचन का आयोजन किया जाएगा।कार्यक्रम के आयोजक श्री जैन श्वेतांबर खरतर गच्छ संघ कार्यवाहक समिति के मोतीलाल कटारिया ने बताया कि संत अपने ओजस्वी प्रवचनों के माध्यम से जन-मानस को जीवन-निर्माण, पारिवारिक प्रेम और तनाव मुक्ति के गुर सिखाएंगे। हैदराबाद में चातुर्मास पूरा कर राजस्थान की ओर पदयात्रा कर रहे है। आप 'जीवन को स्वर्ग कैसे बनाएं, स्वास्थ्य सुधार और संस्कार निर्माण' जैसे विषयों पर प्रवचन देंगे। कार्यक्रम में जैन समाज सहित राजस्थानी, गुजराती, मारवाड़ी एवं सकल समाज के श्रद्धालु सम्मिलित होंगे। श्री संघ ने समस्त नगरवासियों से इस आध्यात्मिक महाकुंभ का लाभ लेने की अपील की है।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 10:26 am

अनियंत्रित ट्रेलर ने आलू लदी ट्रैक्टर को मारी टक्कर:चालक की मौत, सड़क पर बिखरे आलू, चालक फरार

रायबरेली में लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। एक अनियंत्रित ट्रेलर ने आलू से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। यह दुर्घटना हरचंदपुर थाना क्षेत्र के टांडा के पास डिडौली राधा स्वामी सत्संग आश्रम के सामने हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में लदे आलू सड़क पर बिखर गए। मृतक की पहचान हिलालगंज निवासी 22 वर्षीय अंकुल पुत्र रामदुलारे के रूप में हुई है। वह अपनी ट्रैक्टर-ट्रॉली चला रहा था। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश कर रही है। मामले की जांच जारी है। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक अंकुल पेशे से किसान थे। उनके पास लगभग 8 से 10 बीघा खेती की जमीन थी, जिस पर वे हर साल मौसमी आलू की पैदावार करते थे। वे आज अपने आलू रायबरेली शहर स्थित गल्ला मंडी में बेचने जा रहे थे। हरचंदपुर थाना अध्यक्ष ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही 112 नंबर और थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। मामले में कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी गई है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को हिरासत में ले लिया गया है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से फरार ड्राइवर की तलाश की जा रही है। ट्रेलर के नंबर के आधार पर यह रायबरेली का ही बताया जा रहा है।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 10:26 am

सागर में खाद्य विभाग की कार्रवाई शुरू:नमकीन फैक्ट्री की जांच कर सैंपल लिए, मिठाई दुकानों पर जांची क्वालिटी

होली का त्योहार नजदीक आते ही खाद्य विभाग ने बाजार में जांच अभियान शुरू कर दिया है। उद्देश्य है कि त्योहार के दौरान लोगों को मिलावटी या खराब खाद्य सामग्री न मिले। खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रीति राय ने टीम के साथ शहर की मिठाई और नमकीन दुकानों का निरीक्षण किया। मिठाई और नमकीन दुकानों से लिए गए सैंपल जांच के दौरान मावा, मिठाइयां, नमकीन, गुजिया और चकली के नमूने लिए गए। परकोटा स्थित चौरसिया नमकीन भंडार, गुजराती नमकीन हाउस और सुभाष नगर की जेके नमकीन फैक्ट्री से नमकीन के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे गए। इसके अलावा पटेरिया स्वीट्स और कटरा बाजार के महेश नमकीन भंडार का निरीक्षण कर मिठाइयों की गुणवत्ता जांची गई। शिकायत पर टी स्टाल की जांच विभाग को मिली शिकायत के आधार पर नई गल्ला मंडी स्थित भरत टी स्टाल का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान दुकान पर गंदगी पाई गई। इस पर संचालक को सुधार सूचना पत्र जारी किया गया। दुकान से बनी हुई चाय का नमूना भी जांच के लिए लिया गया। सैंपल भोपाल लैब भेजे गए खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रीति राय ने बताया कि सभी सैंपल जांच के लिए भोपाल की लैब में भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद नियम अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग का कहना है कि त्योहार के दौरान यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 10:25 am

होटल के कमरे में अचानक से लगी आग:देखते ही देखते हुई विकराल, दो फायर ब्रिगेड गाड़ियों ने आधे घंटे में पाया काबू

जोधपुर के पांचबत्ती चौराहे स्थित होटल सोनल में आज सुबह अचानक से आग लग गई। इसके चलते होटल में हड़कंप मच गया। आग की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड टीम को दी गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची टीम ने आग पर काबू पाया। निगम के CFO जलज घसिया ने बताया कि आज सुबह 9 बजे के करीब आग लगने की सूचना मिली थी। इस पर चौपासनी हाउसिंग बोर्ड फायर स्टेशन से गाड़ी मौके पर पहुंची। एक गाड़ी शास्त्रीनगर फायर स्टेशन से भी मंगवाई गई। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि आग को समय रहते काबू पा लिए जाने से बड़ा नुकसान नहीं हुआ। बता दें कि होटल के एक कमरे में अचानक से आग लग गई थी। हालांकि उस समय वहां कोई नहीं था, लेकिन आग लगने का पता चलते ही होटल स्टाफ ओर अन्य गेस्ट भी घबरा गए। समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से बड़ा खतरा टल गया। बताया जा रहा है कि जिस होटल में आग लगी वहां फायर सेफ्टी को लेकर उपकरण काम नहीं कर रहे थे। वहीं आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 10:23 am

बूंदी के दुगारी बांध का 10 करोड़ से होगा विकास:सीएम ने विधानसभा में की घोषणा, ओवरफ्लो होने पर गांवों में होते है बाढ़ के हालात

बूंदी जिले के दुगारी बांध के जीर्णोद्धार के लिए 10 करोड़ रुपए खर्च करने की घोषणा की गई है। यह घोषणा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को विधानसभा में की। यह घोषणा विनियोग विधेयक के तहत की गई। हालांकि, जल संसाधन विभाग के सामने असमंजस की स्थिति है, क्योंकि विभाग के अनुसार बांध के जीर्णोद्धार की आवश्यकता नहीं है, बल्कि ओवरफ्लो पानी को गांव में घुसने से रोकने की जरूरत है। पिछले 2 साल से ओवरफ्लो के कारण दुगारी गांव में बाढ़ की स्थिति बन रही है। सांसद और पूर्व मंत्री ने किया था दौराइससे पहले नैनवां जल संसाधन विभाग ने दुगारी बांध के ओवरफ्लो पानी को दुगारी गांव में प्रवेश करने से रोकने के लिए एक प्रस्तावित परियोजना के लिए बजट की मांग की थी। सांसद दामोदर अग्रवाल और पूर्व कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी ने दुगारी में बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया था और अधिकारियों को विशेष बजट के लिए प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए थे। ग्रामीणों में खुशी की लहरमुख्यमंत्री की घोषणा के बाद दुगारी गांव और आसपास के क्षेत्र के ग्रामीणों में खुशी की लहर है। ग्रामीणों ने पूर्व कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी के निजी आवास पर जाकर उनका धन्यवाद और आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर नैनवां के पूर्व प्रधान पदम नागर, धाकड़ समाज के प्रदेश प्रवक्ता मुकेश नागर, दुगारी सरपंच रामलाल खिची और मानपुरा सरपंच पति आशाराम नागर सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। बांध का भराव स्तर 10 फीटजल संसाधन विभाग के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, दुगारी बांध रियासत काल में निर्मित हुआ था। बांध का भराव स्तर 10 फीट है और इसकी कुल भराव क्षमता 639 एमसीएफटी है। बांध के अपस्ट्रीम में 3 अन्य बांध (अन्नपूर्णा, खोड़ी और ग्वाला) और बड़ी का खाल एनीकट स्थित हैं। कई गांवों में बनते है बाढ़ के हालातनैनवां तहसील में पिछले 2 साल से अत्यधिक बरसात हो रही है। दुगारी बांध से पानी की निकासी की क्षमता पर्याप्त नहीं होने के कारण जल निकासी की समस्या उत्पन्न हो रही है। बांध के ओवरफ्लो होने पर इसके डाउनस्ट्रीम में स्थित दुगारी, बांसी, उरासी, मानपुरा, बिजन्ता और भामर जैसे गांवों में बाढ़ की स्थिति बन जाती है। विशेष रूप से दुगारी गांव में तो बाजारों और मकानों में पानी घुस जाता है। दुगारी बांध में पूर्ण जल भराव के बाद पानी की सुरक्षित निकासी के लिए दुगारी बांध की बड़ा पारा की चादर पर बड़े गेट लगाकर नाले की निकास क्षमता बढ़ाया जाना आवश्यक है। चादर के दायीं व बांयी तरफ नाले में सुरक्षा दीवार बनायी जाना, जिससे दुगारी की तरफ कटाव नही हो, पानी की आसानी से निकासी के लिए चादर के डाउनस्ट्रीम के नाले की ट्रेचिंग कार्य कराया जाना, बांध की मोनिटरिंग के लिए चादर डाउनस्ट्रीम में एक पुल बनाकर नाले के दूसरी तरफ जाने का रास्ता बनाना शामिल था।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 10:23 am

खेत की बाड़ लगाने पर किसान की पीटकर हत्या:बेटे ने की शिकायत; पुलिस ने 24 घंटे में आरोपी को पकड़ा, डंडा बरामद

टीकमगढ़ जिले के कुड़ीला थाना क्षेत्र में शनिवार को जमीनी विवाद को लेकर एक किसान की हत्या कर दी गई। खेत की बाड़ लगाने को लेकर हुए विवाद में किसान के साथ मारपीट की गई थी, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। एसडीओपी राहुल कटरे ने बताया कि शनिवार को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि थाना कुड़ीला के ग्राम मुन्डू बरिया चक्र 1 दोह में विवाद के दौरान एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खरगापुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मनका अहिरवार (55) को मृत घोषित कर दिया। बेटे की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था मृतक के बेटे हरदयाल अहिरवार की रिपोर्ट पर कुड़ीला थाने में भारतीय न्याय संहिता (बी.एन.एस.) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पोस्टमार्टम की कार्यवाही पूरी होने के बाद आरोपी की तलाश शुरू की गई। थाना प्रभारी कुड़ीला के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीमें गठित की गईं। इन टीमों ने कार्रवाई करते हुए आरोपी गज्जू अहिरवार (48), निवासी दोह चक्र 1, थाना कुड़ीला को घटना के 24 घंटे के भीतर मनिहारी पहाड़िया क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंडा भी जब्त किया है। आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी कुड़ीला अरविंद यादव के साथ असलम खांन, अनिल शर्मा, ताहिर खांन, सुनील कुमार और वेदप्रकाश शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 10:19 am

बदायूं में दो सिपाही नशे में लड़खड़ाते दिखे:उझानी कोतवाली गेट पर VIDEO बनाने पर भड़के, बोले- दो-चार और बना ले

बदायूं जिले की उझानी कोतवाली से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें कोतवाली गेट पर तैनात दो सिपाही कथित तौर पर नशे की हालत में लड़खड़ाते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस घटना से पुलिस महकमे की छवि पर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि ये दोनों सिपाही शराब के नशे में धुत होकर राहगीरों से उलझ रहे थे और सड़क पर हंगामा कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब कुछ लोगों ने उनका वीडियो बनाना शुरू किया, तो दोनों सिपाही उनसे भी भिड़ गए। वीडियो में उनकी चाल-ढाल संदिग्ध लग रही है और वे सामान्य स्थिति में नहीं दिख रहे। बताया जा रहा है कि इन सिपाहियों में से एक का नाम मोहित और दूसरे का अभिनव छोकर है। वीडियो में सिपाही मोहित यह कहते हुए सुनाई दे रहा है, वीडियो बना रहे हो, दो-चार और बना लो। जबकि दूसरा सिपाही उसे वहां से चलने को कह रहा है। यह पूरा मामला उझानी कोतवाली गेट का बताया जा रहा है। हालांकि, वीडियो कब का है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि यह घटना ड्यूटी के दौरान की है या ड्यूटी के बाद की। इस मामले में फिलहाल विभागीय अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। यदि वीडियो की पुष्टि होती है, तो दोनों सिपाहियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई तय मानी जा रही है।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 10:19 am

शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद आज करेंगे बड़ा खुलासा:गौकशी और गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने का राज्य सरकार को दिए 40 में से 30 दिन पूरे

शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद रविवार को अपने विद्यामठ आश्रम में बड़े खुलासे करेंगे। रविवार को राज्य सरकार को गौकशी बंद करने और गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने की राज्य सरकार को दिए 40 दिन में से 30 दिन पूरे हो रहे हैं। शंकराचार्य 40वें दिन 11 मार्च को लखनऊ में बड़ा आंदोलन करने वाले हैं। जिसमें सवा लाख से अधिक लोगों के आने की संभवना है। ऐसे में आज शंकराचार्य इस मांग के 30 दिन पूरे होने पर बड़े खुलासे कर सकते हैं। इसके पहले शंकराचार्य पर लगे पाक्सो एक्ट पर हाईकोर्ट ने फैसला देते हुए उनकी गिरफ्तारी पर अगली सुनवाई तक रोक लगा दी है। जिससे उनको राहत मिली है। वहीं शनिवार को भी भक्तों का मठ में तांता लगा रहा और हाईकोर्ट में शंकराचार्य के अधिवक्त पीएन मिश्रा ने भी शंकराचार्य से मुलाकात किया। जानिए कोर्ट में क्या हुआ ? इलहाबाद हाईकोर्ट में जस्टिस जितेंद्र कुमार सिन्हा ने अग्रिम जमानत पर फैसला सुरक्षित रख लिया है, वहीं फैसला आने तक गिरफ्तारी नहीं होगी। कट ने कराचार्य जांच में सहयोग करेंगे। अदालत में शंकराचार्य का पक्ष वकील पीएन मिश्रा ने रखा, जबकि राज्य सरकार की तरफ से अपर महाधिवक्ता मनीष गोयल पेश हुए। शिकायकर्ता आशुतोष महाराज की वकील रीना सिंह ने भी दलीलें रखीं। दरअसल, तुलसी पीठाधीश्वर स्वामी रामभद्राचार्य के शिष्य आशुतोष ब्रह्मचारी ने 173 (4) के तहत जिला कोर्ट में याचिका दाखिल की थी। जज (रेप एंड पोक्सो स्पेशल कोर्ट) विनोद कुमार चौरसिया के आदेश के बाद झूंसी थाने की पुलिस ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ बटुकों से कुकर्म की FIR दर्ज की थी। जानिए अधिवक्ता पीएन मिश्रा ने क्या कहा ? शंकराचार्य के अधिवक्ता पीएन मिश्रा ने कहा - ये सत्य की विजय है और संतान धर्म की विजय है।यह सनातन धर्म को समाप्त करने का एक बहुत बड़ा षडयंत्र चल रहा है। जैसे की वेद की स्वर के उच्चारण को पढ़ाने की परम्परा है। वह कुछ ही जगह बची हुई है जहां उसे पढ़ाया जाता है। विद्यार्थियों को रखकर स्वरोच्चारण के साथ वेद को पढ़या जाता है। यह सम्पात करने के लिए कुछ विद्यार्थियों को लाकर बयान दिलवाया जा रहा है ताकि संचालकों पर पाक्सो एक्ट लग जाए। और हर व्यक्ति इससे डर जाएगा और ये गुरुकुल बंद हो जाएं गुरुकुल चलाने की हिम्मत नहीं करेगा और गुरुकुल बंद हो जाएगा। यह बहुत बड़ा षड्यंत्र है ताकि वैदिक शिक्षा बंद हो जाए। अब जानिए कोर्ट से राहत के बाद क्या बोले शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद… हाईकोर्ट के फैसले पर शंकराचार्य ने कहा, शंकराचार्य जैसी संस्था को बदनाम करने की कोशिश की गई। आज जो हालात हैं कि अपने भाई पर भरोसा नहीं कर पा रहे हैं। सारा अमला भ्रष्ट नहीं हो सकता। कहीं तो कोई होगा, जिसके मन में न्याय होगा। इसलिए संघर्ष जारी रहना चाहिए। पूरे देश का हिंदू समुदाय आशंकित था। उन्हें लगने लगा था कि हमारे गुरु ने क्या गड़बड़ी की है। मुकदमा झूठा बनाया गया था। बटुक कभी आश्रम में नहीं रहे हैं।शिकायकर्ता आशुतोष महाराज ने कहा, हमें पूर्ण विश्वास है की धर्म की विजय होगी ओर पीड़ित पक्ष को न्याय मिलेगा। झूठी कहानी अदालत में ध्वस्त हो गयी शंकराचार्य ने बताया- वकील पीएन मिश्रा से बात हुई है। उन्होंने बताया कि न्यायालय में हम लोगों ने आपका पक्ष रखा। विस्तार से न्यायालय में चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने अपनी अपनी दलील रखी। न्यायालय ने ये कहा, हम फैसला रिजर्व कर रहे हैं। साथ ही जो गिरफ्तारी की कार्रवाई को रोक दिया है। शंकराचार्य ने कहा- वहां पर जो दलील रखी, वह इस बात पर थी कि मुकदमा झूठा बनाया गया है। जज को हमारी रखी बात में बल दिखाई दिया। तभी तो उन्होंने एक निर्देश दिय़ा है। इसलिए हम शुरुआत से कह रहे थे। हम लोगों ने अपनी बात जो सही थी, वह रखी। और आप देखिए न्यायाधीश ने जो एक आदेश पारित किया है। उससे ये पता चलता है कि इस मामले को बना करके रखा गया है। जितना बड़ा प्रचार किया जा रहा है कि आश्रम में बटुकों का शोषण, गुरुकुल में बटुकों का शोषण इनके यहां होता है। ये जो बात चलाई जा रही थी। उसको तो जो AG है, उन्होंने ने ही समाप्त कर दिया।उन्होंने ही कह दिया कि आश्रमें ये बटुक रहे ही नहीं। हम लोग पहले से ही कह रहे थे। आज वह बात जनता के सामने प्रमाणित कर दी। जो कहानी बनाई गई थी, वह पूरी तरीके से ध्वस्त हो गई। हिंदू समुदाय बहुत आहत था कि ये क्या हो रहा है। लोगों में तरह- तरह की आशंकाएं थीं। उन लोगों को लगने लगा था कि हमारे गुरु जी ने कुछ गड़बड़ी की है। आज कम से कम प्रथम दृष्टया ही सही, लेकिन सबको पता तो चला। कहीं न कहीं सुनवाई होती है, कहीं न कहीं न्याय होता है। अब जानिए पूरा मामला प्रयागराज माघ मेले में 18 जनवरी को मौनी अमावस्या के दिन शंकराचार्य और प्रशासन के बीच विवाद हुआ था। इसके 8 दिन बाद 24 जनवरी को जगद्गुरु रामभद्राचार्य के शिष्य आशुतोष महाराज ने पुलिस कमिश्नर से शिकायत की। इसमें माघ मेला-2026 और महाकुंभ-2025 के दौरान बच्चों से यौन शोषण के आरोप लगाए थे। पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए 8 फरवरी को स्पेशल पॉक्सो कोर्ट में याचिका दाखिल की गई। 13 फरवरी को 2 बच्चों को कोर्ट में पेश किया। 21 फरवरी को उनके बयान दर्ज हुए। कोर्ट के आदेश पर उसी दिन झूंसी थाने में FIR दर्ज की गई। FIR में शंकराचार्य, उनके शिष्य मुकुंदानंद और 2-3 अज्ञात आरोपी बनाए गए। 24 फरवरी को शंकराचार्य ने प्रयागराज एडिशनल कमिश्नर अजय पाल शर्मा पर साजिश रचने का आरोप लगाया। साथ ही इलाहाबाद हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की। 26 फरवरी को शंकराचार्य के खिलाफ यौन उत्पीड़न मामले में बच्चों की मेडिकल रिपोर्ट आ गई। पुलिस सूत्रों का दावा है कि बच्चों के साथ कुकर्म की पुष्टि हुई है। इधर, एक पीड़ित बटुक पहली बार मीडिया के सामने आया। 'आज तक' को दिए इंटरव्यू में दावा किया- मैं अध्ययन के लिए गया था, तभी मेरा शोषण किया गया।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 10:17 am

एटा में ASP ने पुलिस बल के साथ गश्त की:होली के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया, निर्देश दिए

एटा में होली के त्योहार के मद्देनजर अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडे ने भारी पुलिस बल के साथ मरहरा कस्बे में व्यापक पैदल गश्त की। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए। गश्त के दौरान एटा के बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों, होटल, ढाबों और रोडवेज बस स्टैंड पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडे के साथ क्षेत्राधिकारी सदर संकल्पदीप कुशवाह भी मौजूद रहे। उन्होंने कस्बे में भ्रमण कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। 3 तस्वीरें देखिए… पैदल गश्त के दौरान एएसपी ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था का स्वयं निरीक्षण किया। इसमें मुख्य बाज़ार, सार्वजनिक स्थान और प्रमुख मार्ग शामिल थे। उन्होंने शराब ठेकों की चेकिंग की, साथ ही सड़क किनारे खड़े अनावश्यक वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की भी जांच की। अपर पुलिस अधीक्षक ने संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने और सायंकालीन गश्त को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्रीय लोगों से अपील की कि वे होली का त्योहार आपसी सौहार्द के साथ मनाएं और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आग्रह भी किया गया।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 10:16 am

अमेठी में 1.48 लाख लोगों को नो मैपिंग नोटिस:मतदाता सूची सुधारने के लिए 75 हजार से अधिक फॉर्म 6 भरे गए

अमेठी में मतदाता सूची को मजबूत करने के लिए एसआईआर (SIR) प्रक्रिया जारी है। इस प्रक्रिया के तहत जिले में 1 लाख 48 हजार लोगों को 'नो मैपिंग' के आधार पर नोटिस जारी किए गए हैं। जिला प्रशासन नए मतदाताओं के नाम जोड़ने में सक्रिय रूप से लगा हुआ है। अब तक जिले में 75 हजार से अधिक फॉर्म 6 भरवाए जा चुके हैं। ये फॉर्म नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए इस्तेमाल होते हैं। प्रशासन का लक्ष्य है कि जिले की मतदाता सूची को अधिक सटीक और मजबूत बनाया जा सके। यह पूरी प्रक्रिया जिलाधिकारी संजय चौहान के निर्देशन में चल रही है। प्रशासन ने अगले 15 दिनों में इस अभियान को और तेज करने का दावा किया है। उनका मानना है कि जो नागरिक अपनी आयु पूर्ण कर चुके हैं, उन्हें अनिवार्य रूप से मतदाता सूची में शामिल किया जाना चाहिए। डीएम संजय चौहान का कहना है कि हमारा प्रयास है कि जितने भी नए मतदाता हैं उन लोगों का नाम छूटने न पाए इसलिए अधिक से अधिक फार्म को भरवाये जा रहै है।जिले में अभी तक 1 लाख 48 हजार लोगों को जो मैपिंग जोन के आधार पर नोटिस जारी किया जा चुका है।एस आई आर प्रक्रिया को पूर्ण करने के लिए हम लोग लगातार लगे हुए हैं।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 10:16 am

कौशांबी में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई:पांच थाना क्षेत्रों में छापेमारी, 9 गिरफ्तार, 107 लीटर शराब जब्त, लहन नष्ट

कौशांबी पुलिस ने होली से पहले अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जनपद के पांच थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने छापेमारी कर 107 लीटर अवैध देशी शराब जब्त की और नौ कारोबारियों को गिरफ्तार किया। इस दौरान एक क्विंटल लहन (शराब बनाने का कच्चा माल) भी नष्ट किया गया। यह कार्रवाई कौशांबी जनपद के कोखराज, करारी, महेवाघाट, कड़ाधाम और पिपरी थाना क्षेत्रों के गांवों में की गई। पुलिस टीमों ने अवैध शराब बनाने के उपकरण भी नष्ट किए। यह अभियान पुलिस अधीक्षक कौशांबी राजेश कुमार के निर्देश पर चलाया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य जनपद में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी पर प्रभावी रोक लगाना है। गिरफ्तार किए गए नौ आरोपियों की पहचान तुलसी दास निषाद (निवासी औधन, थाना पिपरी), लखन सरोज (निवासी बाबा का पुरवा, मजरा अन्धावा, थाना महेवाघाट), रामलोचन (निवासी पनारा गोपालपुर, मौजा दरियाव का पुरवा, थाना सराय अकिल), विजय कुमार (निवासी हकीमपुर, थाना कड़ाधाम), सूरजकली (पत्नी सूरजपाल, निवासी ग्राम सकाढा, थाना कोखराज), रीता (पत्नी बद्री, निवासी ग्राम सकाढा, थाना कोखराज), शर्मीला (पत्नी सद्री, निवासी ग्राम सकाढा, थाना कोखराज), शांति (पत्नी लौटन, निवासी ग्राम सकाढा, थाना कोखराज) और समर्थी लाल (निवासी किंग नगर कस्बा व थाना करारी) के रूप में हुई है। ये सभी कौशांबी जनपद के निवासी हैं। पुलिस पूछताछ में पकड़े गए सभी नौ आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे लंबे समय से इस अवैध धंधे में शामिल थे और अवैध शराब बनाकर बेचते थे। उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 10:15 am

मिर्जापुर में 92 लीटर अवैध शराब जब्त, 6 गिरफ्तार:पुलिस ने 6 कुंतल लहन नष्ट कर भट्ठियां तोड़ीं

मिर्जापुर में होली पर्व के मद्देनजर अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। लालगंज और मड़िहान थाना पुलिस तथा आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने 92 लीटर अवैध कच्ची देशी शराब के साथ छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। मौके पर लगभग 6 कुंतल कच्चा माल (लहन) और शराब बनाने की भट्ठियां व उपकरण नष्ट किए गए। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजक कौशिक ने होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी थाना प्रभारियों को अवैध शराब की तस्करी और बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के सख्त निर्देश दिए थे। इसी क्रम में यह कार्रवाई की गई। क्षेत्राधिकारी लालगंज के नेतृत्व में पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर लालगंज और मड़िहान क्षेत्र के विभिन्न गांवों में दबिश दी। छापेमारी के दौरान अवैध रूप से कच्ची शराब तैयार की जा रही थी। पुलिस टीम को देखते ही कुछ लोग भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन घेराबंदी कर छह आरोपियों को मौके से पकड़ लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से कुल 92 लीटर कच्ची देशी शराब बरामद की गई। इसके अतिरिक्त, लगभग 6 कुंतल लहन, अवैध भट्ठियां और शराब बनाने में प्रयुक्त ड्रम, पाइप व अन्य उपकरण मौके पर ही नष्ट कर दिए गए, ताकि इनका दोबारा उपयोग न हो सके। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में लालगंज थाना क्षेत्र के बलिराम (50) निवासी ग्राम बस्तरा पांडेय, राजन (23) निवासी ग्राम हर्दिया, अरुण कुमार (23) निवासी ग्राम खजुरी, मुन्नुलाल (34) निवासी ग्राम बभनी गहरवार, राज सिंह (19) निवासी ग्राम खजुरी और मड़िहान थाना क्षेत्र के देवरी कला निवासी बाबूलाल (52) शामिल हैं। पुलिस ने सभी अभियुक्तों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों के मद्देनजर अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 10:14 am

सीतापुर में घर में घुसकर महिलाओं से छेड़छाड़:कपड़े फाड़ने की कोशिश, विरोध पर दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट

सीतापुर के इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक युवक द्वारा घर में घुसकर ननद और भाभी से छेड़छाड़ किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित महिलाओं का आरोप है कि घटना के समय दोनों घर में अकेली थीं। इसी दौरान गांव का ही युवक जर्नादन पुत्र जगदीश जबरन घर में घुस आया और अशोभनीय हरकतें करने लगा। महिलाओं ने जब विरोध किया तो आरोपी ने उनके कपड़े फाड़ने की कोशिश की और मारपीट की। बताया जाता है कि शोरगुल सुनकर आरोपी युवक जर्नादन के परिजन तथा पीड़ित महिला के भी परिजन मौके पर पहुंच गए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई, जिससे पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण भी एकत्र हो गए। पीड़ित महिला ने आरोप लगाया है कि इस घटना में जर्नादन के साथ उसके भाई निर्मल, लवकुश और केशव सहित अन्य लोग भी शामिल थे, जिन्होंने मिलकर महिलाओं के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित पक्ष ने तत्काल डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने पीड़ित महिलाओं से तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक आशीष तिवारी का कहना है कि तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 10:14 am

पत्नी ने बॉयफ्रेंड-संग मिलकर पति को मार डाला:किराए की गाड़ी से बाइक को मारी टक्कर,साथ रहने साजिश रची;1 साल से चल रहा था अफेयर

राजधानी रायपुर में शनिवार को पत्नी ने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर की पति की हत्या कर दी और वारदात को हादसा दिखाने की कोशिश की। लेकिन हत्या के कुछ घंटे बाद ही पुलिस ने पत्नी और उसके बॉयफ्रेंड सहित 4 आरोपियों को अरेस्ट कर लिया। मामला खरोरा थाना क्षेत्र के ग्राम खसेरा का है। जानकारी के मुताबिक, किशोर सारथी की पत्नी रोशनी का पिछले एक साल से गांव के ही लिलेश उर्फ मुरू अफेयर चल रहा था। दोनों एक साथ रहना चाहते थे। ऐसे में उन्होंने किशोर का रास्ते से हटाने का प्लान बनाया। लिलिश और उसके साथियों ने किराए के गाड़ी से बाइक सवार किशोर को टक्कर मारी गई, जिससे उसकी मौत हो गई। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए जांच की मांग की। पुलिस ने जांच तेज करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया। देखिए पहले ये तस्वीरें- पढ़िए सिलसिलेवार हत्या की पूरी कहानी दरअसल, 28 फरवरी की सुबह किशोर सारथी (27) का शव ग्राम मांठ स्थित सागौन वाटिका के पास संदिग्ध हालत में मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पाकर पुलिस, डॉग स्क्वॉड और FSL टीम और परिजन मौके पर पहुंचे। इधर, सड़क किनारे शव देखकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। मामले की गंभीरता का देखते हुए पुलिस ने जांच तेज की। जांच में पता चला कि यह कोई सामान्य मौत नहीं, बल्कि प्लानिंग के तहत हत्या की गई है। शक की सूई किशोर की पत्नी रोशनी पर टिकी। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो सच सामने आया। रोशनी ने बताया कि उसका पिछले एक साल से लिलेश उर्फ मुरू से प्रेम संबंध चल रहा था। रोशनी और लिलेश साथ रहना चाहते थे। यह बात पति किशोर को भी पता था, जिसके कारण पति-पत्नी में अक्सर विवाद होते रहते थे। इसके अलावा किशोर रोशनी के साथ मारपीट भी करता था। पति से छुटकारा पाने के लिए रोशनी ने लिलेश संग हत्या की प्लानिंग की। साली को लेने के निकला था 27 फरवरी की रात रोशनी ने साजिश के तहत पति को अपनी बहन को लाने के बहाने ग्राम बिठिया अकेले भेज दिया। रास्ते में पहले से ही लिलेश अपने दो साथी अजय राज कुलदीप और देवेंद्र कुमार के साथ गाड़ी लेकर घात लगाए बैठा था। टक्कर से दूर फेंकाया किशोर, तोड़ा दम जैसे ही बाइक सवार किशोर वहां पहुंचा तो आरोपियों ने गाड़ी से किशोर को जोरदार टक्कर मारी। जिससे वह दूर फेंका गया और घायल अवस्था में पड़ा। बाद में उसने दम तोड़ दिया। मौके पर घसीटे जाने के निशान भी मिले। सभी आरोपी गिरफ्तार फिलहाल, आरोपी पत्नी के बताए अनुसार पुलिस ने आरोपी बॉयफ्रेंड और उसके 2 दोस्तों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ हत्या और अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है, जिसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। …………………….. इससे जुड़ी यह खबर भी पढ़ें… बॉयफ्रेंड संग मिलकर हेड-कॉन्स्टेबल पति को मार-डाला: धारदार हथियार से हत्या कर शव रेत में गाड़ा; प्रेमी ने मिलने के बहाने बलरामपुर बुलाया था छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में 2 बच्चों की मां ने शादीशुदा बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर अपने पति को मार डाला। वह अपने बॉयफ्रेंड के साथ रहना चाहती थी। दोनों ने छिपकर शादी भी कर ली थी। इस वजह से पत्नी ने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची। पढ़ें पूरी खबर…

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 10:14 am

3 मार्च को चंद्र ग्रहण, 2 मार्च को होलिका दहन:ज्योतिषाचार्यों की सलाह पर प्रदोष काल में होगा दहन

धौलपुर में इस वर्ष फाल्गुन शुक्ल पूर्णिमा पर होलिका दहन 2 मार्च को होगा। 3 मार्च को चंद्र ग्रहण और तिथियों में परिवर्तन के साथ भद्रा के साये के कारण ज्योतिषाचार्यों ने दहन के समय को लेकर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। भागवत आचार्य पंडित तुलसीराम महेरे के अनुसार, पूर्णिमा तिथि 2 मार्च को शाम 5:56 बजे से शुरू होकर 3 मार्च को शाम 5:08 बजे तक रहेगी। चूंकि प्रदोष काल में पूर्णिमा 2 मार्च को पड़ रही है, इसलिए शास्त्रानुसार होलिका दहन इसी दिन करना उचित है। निर्णय सागर पंचरंग के मुताबिक, प्रदोष बेला में शाम 6:16 बजे से रात 8:52 बजे तक होलिका दहन का शुभ मुहूर्त रहेगा। होलिका दहन भद्रा रहित काल में करना श्रेष्ठपंडित महेरे ने यह भी बताया कि होलिका दहन भद्रा रहित काल में करना श्रेष्ठ होता है। हालांकि, इस वर्ष 2 मार्च को शाम 5:56 बजे से भद्रा शुरू होकर 3 मार्च को सुबह 5:32 बजे तक रहेगी। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, यदि भद्रा अर्धरात्रि को पार कर जाए, तो भद्रा मुख को छोड़कर 'भद्रा पुच्छ' काल में दहन किया जा सकता है। गणना के अनुसार, रात 2:38 बजे से 4:38 बजे तक भद्रा मुख रहेगा, जिसे पूरी तरह त्याज्य माना गया है। भद्रा मुख में किए गए शुभ कार्य बाधा और अशांति का कारण बन सकते हैं, जबकि भद्रा पुच्छ में किए गए कार्य मंगलकारी होते हैं। होलिका दहन को लेकर तैयारियां पूरीहोलिका दहन को लेकर धौलपुर जिले में व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दहन के बाद 3 और 4 मार्च को जिले के विभिन्न स्थानों पर धुलंडी के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शहर में मुख्य होलिका दहन पुरानी नगर परिषद, पुराना शहर और जगन तिराहा सहित एक दर्जन से अधिक जगहों पर होगा।होली पर्व के मद्देनजर बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है। रंग, गुलाल और पिचकारियों से सजी दुकानें ग्राहकों को आकर्षित कर रही हैं, जिससे बाजार पूरी तरह गुलजार दिख रहे हैं।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 10:13 am

गुरुग्राम में डिलीवरी बॉय की मौत का लाइव वीडियो:ट्रक ने अचानक राइट टर्न लेकर कुचला, रुकने की बजाय दोबारा गाड़ी चढ़ाई

गुरुग्राम में उद्योग विहार सेक्टर 19 के पीपल वाला चौक पर एक ट्रक ने ब्लिंकिट डिलीवरी बॉय को कुचल दिया। हादसे में कानपुर के रहने वाले कृष्ण गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर उद्योग विहार थाने पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया। इस घटना का एक सीसीटीवी भी सामने आया है। जिसमें ट्रक ड्राइवर की लापरवाही नजर आ रही है। कृष्ण गुप्ता गुरुग्राम में किराए के कमरे पर रहता था। वह ब्लिंकिट कंपनी में बतौर डिलीवरी पार्टनर काम करता था। शनिवार शाम को करीब साढ़े चार बजे वह अपनी बाइक पर ऑर्डर डिलीवर करने जा रहा था। पीपल वाला चौक पर ट्रैफिक सिग्नल पर एक ट्रक अचानक राइट टर्न लेने लगा। रुकने की बजाय दोबारा गाड़ी चढ़ाई ट्रक को टर्न लेता देखकर कृष्णा ने तुरंत ब्रेक लगा दिए, जिससे बाइक का बैलेंस बिगड़ गया और वह फिसलकर ट्रक के नीचे चला गया। ट्रक ड्राइवर ने लापरवाही बरतते हुए पहली बार कुचलने के बाद रुकने के बजाय गाड़ी को पीछे करके दोबारा कुचल दिया। बचाव में हाथ पैर मारे प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कृष्ण ने बचाव के लिए हाथ-पैर मारे और जोर-जोर से चिल्लाया, लेकिन ड्राइवर ने कोई ध्यान नहीं दिया। इसके बाद युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि ड्राइवर ट्रक को छोड़कर फरार हो गया। CCTV में कैद हुई घटना इस घटना का एक सीसीटीवी भी सामने आया है। जिसमें ट्रक के नीचे बाइक और कृष्ण दोनों कुचलते नजर आ रही है। घटना इतनी भयावह थी कि आसपास के लोग स्तब्ध रह गए। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस ने ट्रक जब्त कर लिया है और ड्राइवर की तलाश की जा रही है। गुरुग्राम में एक लाख डिलीवरी बॉय गुरुग्राम में करीब एक लाख डिलीवरी बॉय काम करते हैं। कृष्णा गुप्ता जैसे युवा ब्लिंकिट, स्विगी, जोमेटा, इंस्टामार्ट, बिग बास्केट जैसी 50 से ज्यादा क्विक कॉमर्स कंपनियों में डिलीवरी पार्टनर हैं। अधिकतर कंपनियों में 10 से15 मिनट की डिलीवरी का दबाव उन्हें रिस्की राइडिंग के लिए मजबूर करता है। परिवार में अकेला कमाने वाला परिवार ने न्याय की मांग की है और कहा है कि छोटे भाई की मौत ने घर उजाड़ दिया है। चार भाइयों में सबसे छोटे कृष्णा परिवार की उम्मीद थे, लेकिन अब उनकी कमी हमेशा खलेगी। फिलहाल पोस्टमॉर्टम के बाद परिवार शव को कानपुर लेकर चले गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में लापरवाही, ओवरस्पीडिंग और संभावित ड्राइविंग नियमों की अनदेखी से यह एक्सीडेंट हुआ है। उद्योग विहार थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 10:13 am

होली पर छपरा-बलिया-गोरखपुर स्पेशल ट्रेन:1 मार्च से 31 मार्च तक, सप्ताह में पांच दिन चलेगी

रेल प्रशासन ने होली पर्व के अवसर पर यात्रियों की सुविधा के लिए छपरा से गोरखपुर कैंट के बीच एक विशेष अनारक्षित ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह होली स्पेशल ट्रेन 1 मार्च से 31 मार्च, 2026 तक सप्ताह में पांच दिन संचालित होगी। यह ट्रेन गुरुवार और रविवार को नहीं चलेगी। कुल 23 फेरों के लिए इसका संचलन निर्धारित किया गया है। रेल प्रशासन ने इस विशेष ट्रेन के नंबर 05125 और 05126 जारी किए हैं। गाड़ी संख्या 05125 छपरा-गोरखपुर कैंट होली अनारक्षित विशेष ट्रेन छपरा से सुबह 04:15 बजे प्रस्थान करेगी। यह बकुल्हा से 04:40 बजे, सुरेमनपुर से 04:57 बजे, दल छपरा से 05:05 बजे, रेवती से 05:12 बजे, सहतवार से 05:24 बजे, बलिया से 05:50 बजे, फेफना से 06:04 बजे, इन्दारा से 07:30 बजे, भटनी से 09:00 बजे और देवरिया सदर से 09:25 बजे छूटकर गोरखपुर कैंट सुबह 10:30 बजे पहुंचेगी। वापसी में, गाड़ी संख्या 05126 गोरखपुर कैंट-छपरा होली अनारक्षित विशेष ट्रेन गोरखपुर कैंट से शाम 16:45 बजे रवाना होगी। यह देवरिया सदर से 17:37 बजे, भटनी से 18:07 बजे, इन्दारा से 20:25 बजे, फेफना से 21:12 बजे, बलिया से 21:35 बजे, सहतवार से 21:57 बजे, रेवती से 22:09 बजे, दल छपरा से 22:17 बजे, सुरेमनपुर से 22:27 बजे और बकुल्हा से 22:42 बजे छूटकर छपरा रात 23:10 बजे पहुंचेगी। इस विशेष ट्रेन में कुल 12 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें सामान्य द्वितीय श्रेणी के 10 कोच और एसएलआरडी के 02 कोच शामिल हैं।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 10:13 am

उधारी का विवाद, दोस्त ने की दोस्त की हत्या:मुख्य आरोपी गिरफ्तार, एक फरार; बीहर नदी में फेंका था शव

रीवा के कुठुलिया फार्म हाउस के पीछे बीहर नदी में मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक संदेही से पूछताछ जारी है और एक अन्य आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान विनीत कुशवाहा के रूप में हुई थी। उसकी लाश तीन दिन पहले बीहर नदी के पानी में मिली थी। शव पर चोट के निशान पाए गए थे, जिससे प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा था। इसके बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी थी। जांच के दौरान संदेह के आधार पर मृतक के दोस्त अनुज वर्मा निवासी कुठुलिया को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पुलिस के अनुसार अनुज ने बताया कि विनीत ने उससे कर्ज ले रखा था। जब वह बार-बार रुपए वापस मांगता था तो विनीत टालमटोल करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। गुस्से में आकर अनुज ने पत्थर से विनीत के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपियों ने शव को बीहर नदी में फेंक दिया ताकि मामला दुर्घटना लगे। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। एक अन्य संदेही से पूछताछ जारी है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 10:13 am

मंत्री दानिश अंसारी बोले- AAP का असली चेहरा उजागर:सपा को बताया भ्रष्टाचार और अपराधियों को पोषित करने वाली पार्टी

बलिया पहुंचे अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने 2027 में उत्तर प्रदेश में भाजपा की प्रचंड बहुमत वाली सरकार बनने का दावा किया। उन्होंने पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में मीडिया से बात करते हुए विपक्ष पर जमकर हमला बोला। मंत्री अंसारी ने समाजवादी पार्टी (सपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि उसे 2017 और 2022 जैसे ही परिणाम मिलेंगे। उन्होंने सपा के 'पीडीए' नारे को 'पारिवारिक डेवलपमेंट अथॉरिटी' बताया, आरोप लगाया कि यह अपने परिवार को विकसित करने के लिए एक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की तरह काम कर रही है। उन्होंने आगे कहा कि सपा को न तो जनता से मतलब है और न ही प्रदेश के विकास से। यह पार्टी केवल सत्ता में काबिज होकर अपने निजी राजनीतिक स्वार्थों को पूरा करना चाहती है। मंत्री ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी भ्रष्टाचार, अपराध, अपराधियों और दंगाइयों को पोषित करने वाली पार्टी है। मंत्री ने भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने प्रदेश में चहुंमुखी विकास किया है। उत्तर प्रदेश आज एक्सप्रेस-वे, उद्योग, बेहतर कानून व्यवस्था और नकल विहीन परीक्षाओं के लिए जाना जाता है। उन्होंने बताया कि योगी सरकार ने शिक्षा माफियाओं और अपराधियों पर नकेल कसी है, जिससे प्रदेश सुशासन की ओर बढ़ा है। इन्हीं कार्यों के दम पर भाजपा 2027 में फिर से सरकार बनाएगी। आम आदमी पार्टी (AAP) पर टिप्पणी करते हुए मंत्री ने कहा कि अरविंद केजरीवाल सहित 23 लोगों को कोर्ट से बरी होने के बावजूद, AAP ने आम जनता के साथ जिस तरह से धोखा, फरेब और विश्वासघात किया है, उसी के कारण जनता ने उसे सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाया। उन्होंने कहा कि AAP का असली चाल, चरित्र और चेहरा जनता के सामने उजागर हो चुका है। शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद की गिरफ्तारी पर स्टे के सवाल पर मंत्री ने कहा कि यह मामला अभी न्यायालय में विचाराधीन है और इस पर टिप्पणी करना उचित नहीं है।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 10:12 am

कुरुक्षेत्र में तस्करों का गौ-रक्षा दल पर हमला:गाड़ी ऊपर चढ़ाने की कोशिश की, पीछा करने पर फेंके पत्थर, 2 आरोपी पकड़े

कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद आज सुबह गौ-तस्करों ने गौ रक्षा दल के सदस्यों पर हमला कर दिया। गौ रक्षा दल के सदस्यों ने उनकी पिकअप गाड़ी को रोकने की, तो गौ-तस्करों ने उनकी गाड़ी को टक्कर मारनी चाही। गौ-रक्षा दल के सदस्यों ने उनका पीछा नहीं छोड़ा तो तस्करों ने उन पर पत्थरों से हमला कर दिया। हालांकि बाद में गौ-रक्षा दल के सस्दयों ने दो तस्करों को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। अन्य तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने उनके खिलाफ FIR दर्ज कर ली। तस्कर पंजाब की तरफ से गोवंश को काटने के लिए लेकर जा रहे थे। घटना जलेबी पुल के पास सुबह करीब 3 बजे की है। सुबह गुप्त सूचना मिली गौ रक्षा दल के जिला अध्यक्ष निखिल निवासी अंचला चौक कुरुक्षेत्र ने बताया कि आज सुबह करीब 3 बजे सूचना मिली कि पिकअप गाड़ी (UK07CA9125) में गोवंश को वध के लिए गौ तस्कर यूपी की तरफ लेकर जा रहे हैं। इस पर वे अपने अन्य साथियों के साथ शाहाबाद के ठोल रोड पर पहुंचे और गश्त करने लगे। टक्कर मारने की कोशिश की कुछ देर बाद उनको संदिग्ध पिकअप आती दिखी। उन्होंने उसे रोकने का इशारा किया, तो ड्राइवर ने उन्हें टक्कर मारने की कोशिश की, लेकिन वे किसी तरह से बच गए। उन्होंने अपनी गाड़ी से उनका पीछा किया, तो पिकअप के पीछे खड़े तस्करों ने उन पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। पंक्चर होने पर गाड़ी छोड़कर भागे इसी दौरान तस्करों की गाड़ी पंक्चर हो गई और एक्सीडेंट हो गई। गाड़ी रुकते ही तस्कर उसे छोड़कर जलेबी पुल की तरफ भागने लगे। भागते समय 2 तस्कर खेतों की नुकीली तारों में फंस गए। एक का सिर बाढ़ के पिल्लर से टकराया, जिससे उसे चोट लगी। टीम ने उनको काबू कर लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर पकड़े तस्कर गाड़ी में 4 गोवंश को ठूंस-ठूंस कर भरा हुआ था। टीम ने गोवंश को छुड़ाकर गौशाला में छोड़ दिया। वहीं पकड़े गए तस्करों की पहचान मोनिष निवासी सुल्तानपुर और सानु निवासी दुधगढ़ यूपी) के रूप हुई, जबकि उनके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने उनके खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 10:12 am

डीग में तेज रफ्तार गाड़ी ने बाइक को मारी टक्कर:हादसे में 1 व्यक्ति घायल, गंभीर हालत में भरतपुर रेफर

डीग में गोवर्धन रोड पर शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार विजेंद्र (55) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद भरतपुर के हायर सेंटर रेफर किया गया है। विजेंद्र अपनी बाइक से गोवर्धन गेट पुरानीचुंगी के पास स्थित अपने घर गोवर्धन मोड़ की ओर जा रहे थे। टक्कर लगने के बाद वह सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े रहे। वहां से गुजर रहे बजरंगी गौ सेवा समिति के गौ सेवकों ने उन्हें देखा। गौ सेवकों ने घायल को पहुंचाया अस्पतालगौ सेवक तुरंत घायल विजेंद्र को अपनी कैंपर गाड़ी में बैठाकर डीग जिला अस्पताल ले गए। अस्पताल में विजेंद्र का प्राथमिक उपचार किया गया।घटना की सूचना मिलने पर घायल के परिजन अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों ने विजेंद्र की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर भरतपुर रेफर कर दिया।डॉ. राजेंद्र सिंह चौधरी ने बताया कि 'हमारे पास एक्सीडेंट से घायल एक व्यक्ति आया था, जिसके सिर में चोट लगी थी। हमने उसका प्राथमिक उपचार किया। हेड इंजरी की संभावना के चलते उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया है।'

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 10:11 am

स्लीपर बस में लगी आग, यात्रियों ने कूदकर बचाई जान:बांसवाड़ा-सलूंबर हाईवे पर हादसा हुआ, दो घंटे तक लगा रहा लंबा ट्रैफिक जाम

सलूंबर जिले के झल्लारा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। बांसवाड़ा से उदयपुर जा रही एक स्लीपर कोच बस में गरडा गांव के पास अचानक आग लग गई। कुछ ही मिनटों में पूरी बस जलकर राख हो गई, लेकिन सभी यात्रियों ने कूदकर अपनी जान बचाई। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। अचानक धुंआ निकला, यात्री खिड़कियों से कूदे जानकारी के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 6 बजे हुई। बस अपनी सामान्य गति से चल रही थी तभी उसमें से धुआं निकलने लगा। ड्राइवर ने स्थिति भांपते हुए तुरंत बस को सड़क किनारे रोका और यात्रियों को नीचे उतरने का निर्देश दिया। यात्रियों ने कूदकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। पुलिस, दमकल विभाग मौके पर पहुंचा सूचना मिलते ही झल्लारा थाना अधिकारी जय किशन फुलवारिया अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सुरक्षा कारणों से हाईवे पर दोनों ओर से यातायात रोक दिया। नगर परिषद कंट्रोल रूम को सुबह 6 बजे आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद स्थानीय फायर ब्रिगेड टीम पहुंची। कुछ ही मिनटों में बस जलकर राख हुई हालांकि, आग की भयावहता को देखते हुए सलूंबर से अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाए गए। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी और उसका केवल लोहे का ढांचा ही बचा था। हाईवे पर लगा दो घंटे तक जाम इस घटना के कारण बांसवाड़ा-उदयपुर हाईवे पर लगभग डेढ़ से दो घंटे तक यातायात बाधित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्री और राहगीर जाम में फंसे रहे। बाद में पुलिस ने क्रेन की सहायता से जली हुई बस को हटवाकर यातायात सामान्य कराया। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी को माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 10:11 am

एनएच-27 पर आधी रात आरटीओ की बड़ी कार्रवाई:ओवरलोड बसों पर कार्रवाई, स्लीपर बसों की भी जांच की

शिवपुरी जिले के सुरवाया थाना क्षेत्र में एनएच-27 पर शनिवार रात परिवहन विभाग की टीम ने स्लीपर कोच बसों पर औचक दबिश दी। इस दौरान शिवपुरी आरटीओ रंजना भदोरिया स्वयं मौके पर मौजूद रहीं और उन्होंने एक-एक बस की गहनता से जांच करवाई। टीम ने बसों के परमिट, फिटनेस, बीमा और टैक्स संबंधी दस्तावेजों की जांच की। इसके अतिरिक्त, बसों में अग्निशमन यंत्र, इमरजेंसी गेट, फर्स्ट एड बॉक्स और चालकों की यूनिफॉर्म भी जांची गई। जांच के दौरान बसों में सवार यात्रियों की संख्या भी गिनी गई, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि निर्धारित सीट क्षमता से अधिक यात्री न हों। जिन बसों में ओवरलोडिंग पाई गई या दस्तावेजों में कमी मिली, उन पर मौके पर ही चालान काटे गए। रात भर चली इस सख्त कार्रवाई से बस ऑपरेटरों में हड़कंप मच गया। कई बस चालकों को जांच के दौरान अपने आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करते देखा गया। आरटीओ रंजना भदोरिया ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसी औचक चेकिंग जारी रहेगी।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 10:11 am

खाड़ी तनाव के बीच प्रवीण पोनिया ओमान में फंसे:अमेरिका-ईरान संघर्ष के कारण उड़ानें रद्द, परिवार के लोग चिंतित

सादाबाद के युवा समाजसेवी और रालोद के वरिष्ठ युवा नेता प्रवीन पौनिया अपनी पत्नी, बहन और बेटी के साथ ओमान में फंसे हुए हैं। खाड़ी देशों में बढ़ते तनाव और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के रद्द होने के कारण उनकी वापसी में देरी हो रही है। यह स्थिति अमेरिका, इस्राइल और ईरान के बीच 28 फरवरी से शुरू हुए सैन्य संघर्ष के कारण उत्पन्न हुई है। इस तनाव का असर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर स्पष्ट रूप से दिख रहा है। प्रवीन पौनिया 26 फरवरी को ओमान घूमने गए थे। खाड़ी क्षेत्र में कई उड़ानें निरस्त कर दी गई हैं, जिससे दुबई का हवाई यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। जल्द ही लौटेंगे सुरक्षित वापस... प्रभारी जनों से हुई बातचीत में उन्होंने बताया कि वे सभी सुरक्षित हैं और उन्हें उम्मीद है कि वे जल्द ही सादाबाद वापस आ जाएंगे। उनके सहयोगी और पार्टी कार्यकर्ता लगातार उनसे संपर्क में हैं।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 10:10 am

जीआरपी ने गांजा तस्करी नेटवर्क ध्वस्त किया:ओडिशा से मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पहले भी हुई थीं तीन गिरफ्तारियां

बैतूल जीआरपी ने गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी नौसाद अली उर्फ मामा (33) को ओडिशा से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद उसे बैतूल लाकर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। जीआरपी प्रभारी रविश कुमार ने बताया कि आरोपी मूल रूप से हावड़ा (पश्चिम बंगाल) का रहने वाला है और फिलहाल ओडिशा के गजपति जिले की फॉरेस्ट गेट कॉलोनी में रह रहा था। उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 08/26 के तहत धारा 8/20 और 29 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। जांच में सामने आया कि नौसाद अली उर्फ मामा गांजा सप्लाई करने का मुख्य काम करता था। शाहिद नाम का व्यक्ति उससे माल मंगवाता था और आगे सप्लाई करता था। पिछले महीने भी इसी नेटवर्क के लोग पकड़ाएपुलिस के अनुसार, पिछले महीने इसी नेटवर्क से जुड़े तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। इनमें पश्चिम बंगाल का ताजिम अनवर और आगर मालवा के शाहिद खान व सुनील नायक शामिल हैं। इन सभी के पास से करीब चार-चार किलो गांजा बरामद किया गया था। इन आरोपियों से पूछताछ और मिली जानकारी के आधार पर पुलिस नौसाद अली तक पहुंची। इस कार्रवाई से पूरे गिरोह का खुलासा हो गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य जुड़े लोगों की तलाश की जा रही है।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 10:09 am

गोंडा ठगी का मुख्य आरोपी शमशाद कोलकाता में गिरफ्तार:विवेक नाम रखकर की थी 200 लोगों से ठगी

गोंडा में विदेश भेजने के नाम पर 200 से अधिक लोगों से डेढ़ करोड़ रुपये की ठगी करने वाले मुख्य आरोपी शमशाद उर्फ विवेक को कोलकाता में गिरफ्तार कर लिया गया है। गोंडा सर्विलांस टीम की मदद से कोलकाता पुलिस ने यह कार्रवाई की आरोपी को गोंडा लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। शमशाद उर्फ विवेक चंपारण, बिहार का रहने वाला है। उसने गोंडा में अपना असली नाम छिपाकर मुस्लिम से हिंदू बनकर 'विवेक' नाम से लोगों को ठगा। उसने 200 से अधिक लोगों को विदेश भेजने का झांसा दिया था। ठगी के शिकार हुए सभी 200 लोगों को जरूरी कागजात और कपड़ों के साथ दिल्ली एयरपोर्ट बुलाया गया था। उन्हें बताया गया था कि 25 फरवरी को उन्हें विदेश भेजा जाएगा। जब ये लोग दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे, तो शमशाद उर्फ विवेक ने अपना मोबाइल बंद कर लिया और मौके पर नहीं आया। इसके बाद पीड़ितों ने गोंडा पहुंचकर 26 फरवरी को नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज करवाया था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है। गोंडा नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि गोंडा पुलिस द्वारा भेजे गए पत्र और सहयोग के अनुरोध पर कोलकाता पुलिस ने आरोपी शमशाद उर्फ विवेक को कोलकाता में गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी कोलकाता के रास्ते विदेश भागने की तैयारी में था। उसे ट्रांजिट रिमांड पर कोलकाता से गोंडा लाया जाएगा।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 10:08 am

कोटा में होली पर सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम:चम्बल नदी व नहरों के पास जाने-नहाने पर प्रतिबंधित, अलर्ट प्रशासन

रंगों के त्योहार होली को सुरक्षित बनाने के लिए कोटा जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। हर साल धुलण्डी के बाद बड़ी संख्या में लोग नहरों और नदी में नहाने के लिए पहुंचते हैं, जिसके चलते डूबने जैसी दुखद घटनाएं सामने आती रही हैं। इस बार ऐसी किसी भी अनहोनी को रोकने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। होली के दौरान चम्बल नदी, उसकी मुख्य नहरों और वितरिकाओं में नहाने पर पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। तेज बहाव, गहराई और फिसलन के कारण इन स्थानों को संवेदनशील घोषित किया गया है। आमजन से अपील की गई है कि वे गहरे पानी और तेज धारा वाले क्षेत्रों से दूर रहें। अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट, कोटा के निर्देश पर जिला पुलिस अधीक्षक (शहर व ग्रामीण) को चिन्हित स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने, नियमित गश्त बढ़ाने और सघन निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। दायीं मुख्य नहर से कोटड़ी तालाब तक का क्षेत्र, श्रीराम चंद्रपुरा घाट, थेकड़ा ब्रांच, कंसुआ योजना, डीसीएम तालाब, कैथून कस्बे के नहरी घाट, बायीं मुख्य नहर का सकतपुरा काली बस्ती क्षेत्र, नान्ता रोड पुलिया, पार्श्वनाथ अपार्टमेंट सोसायटी के आसपास के घाट, सुखाड़िया और पत्थर मंडी का खुला भाग, कापरेन ब्रांच और लैंडमार्क माइनर, शहर के भीतरिया कुण्ड, कुसुआं क्षेत्र तथा कर्णेश्वर मंदिर कुण्ड के घाट संवेदशील माने गए है। प्रशासन का कहना है कि हर वर्ष लापरवाही के कारण युवा अपनी जान गंवा बैठते हैं। तेज बहाव, तैराकी न जानना और असावधानी बड़ी दुर्घटनाओं का कारण बनती है। इसलिए इस बार पहले से सख्ती बरतते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि होली का त्योहार प्रेम, भाईचारे और सुरक्षित वातावरण में मनाएं, ताकि खुशियों के इस रंग में कोई दुर्घटना बाधा न बने।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 10:07 am

फरीदाबाद में सोफे के अंदर रखे सोने के गहने गायब:महिला ने सहेली पर चोरी का आरोप लगाया, करीब 8 से 9 लाख रुपये कीमत

फरीदाबाद की जनता कॉलोनी में एक हैरान करने वाला चोरी का मामला सामने आया है, जहां सोने के गहनों को सुरक्षित रखने के लिए सोफे के अंदर छिपाना भी महिला को भारी पड़ गया। पीड़िता ने अब अपनी ही सहेली और उसके परिवार के लोगों के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। सहेली की सलाह पर सोफे में छिपाए थे गहने जनता कॉलोनी निवासी गोल्डी पांडे ने सारण थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पास करीब 8 से 9 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात थे। इन्हें सुरक्षित रखने के लिए उसने अपनी सहेली शिवकुमारी से सलाह ली। शिकायत के अनुसार, सहेली ने उसे सोफा खरीदकर उसके अंदर जेवर छिपाने की सलाह दी। सहेली की बात मानते हुए गोल्डी पांडे ने दिसंबर महीने में नया सोफा खरीदा और उसमें अपने गहने छिपा दिए। जांच करने पर गायब मिले जेवर पीड़िता के अनुसार, 16 जनवरी को जब उसने सोफे में रखे जेवर चेक किए तो वे गायब थे। महिला का कहना है कि सोफे में जेवर छिपाने की जानकारी केवल उसकी सहेली को ही थी। इसके बाद गोल्डी पांडे ने सारण थाना में सहेली शिवकुमारी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कराया। केस में सहेली के परिवार के कुछ सदस्यों के नाम भी शामिल किए गए हैं। चोरी हुए जेवरात में शामिल उन्होंने बताया चोरी किए गए जेवरात में 7 ग्राम की एक सोने की बाली, 3.5 ग्राम की बड़ी बाली, 3 ग्राम के सोने के टॉप्स का एक जोड़ा, 5 ग्राम का मंगलसूत्र, 4 ग्राम के दो पेंडल, 5 ग्राम का माथे का टीका, 2 ग्राम की एक अंगूठी, 3-3 ग्राम की दो सोने की अंगूठियां, 12 ग्राम की चांदी की पाजेब, 3 जोड़ी चांदी की बिछुए (करीब 3 तोला), 20 ग्राम के दो चांदी के सिक्के शामिल है। पुलिस जांच में जुटी सारण थाना के जांच अधिकारी बह्रम प्रकाश ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 10:07 am

फर्रुखाबाद में युवक ने लगाई फांसी:पत्नी के मायके जाने के बाद उठाया आत्मघाती कदम

कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के लखनपुर गांव में 25 वर्षीय युवक ने रविवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक अपने कमरे में पंखे से पत्नी की साड़ी का फंदा लगाकर लटका मिला। यह घटना तब सामने आई जब सुबह काफी देर तक अंकित कमरे से बाहर नहीं निकला। मृतक अंकित का विवाह तीन वर्ष पूर्व राजेपुर क्षेत्र के कुसुमाकर गांव निवासी रूबी से हुआ था। उनकी आठ माह की एक पुत्री भी है, जिसका नाम सिद्धि है। अंकित अपने पांच भाइयों में सबसे बड़ा था और उसकी एक बहन अंशिका भी है। मृतक की मां रेनू के अनुसार, अंकित और उसकी पत्नी रूबी के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था, जिससे अंकित मानसिक रूप से परेशान रहता था। अंकित की पत्नी रूबी चार दिन पहले अपने मायके चली गई थी। अंकित मजदूरी करता था और घटना से एक दिन पहले शाम को काम से लौटकर आया था। खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में सोने चला गया था। सूचना मिलने पर क्राइम इंचार्ज इंस्पेक्टर सुरजीत सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। क्राइम इंचार्ज ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने बताया कि फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो मामले की जांच कर रही है।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 10:06 am

गोहाना में 10 हजार रुपए के लिए जानलेवा हमला:दोस्त के सिर में गंडासी से वार; बेची गाड़ी के रुपए बकाया थे, गिरफ्तार

सोनीपत जिले के थाना सदर गोहाना पुलिस ने तेजधार हथियार से हमला कर गंभीर चोट पहुंचाने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल उर्फ़ लेफ्टी निवासी गांव महमूदपुर, जिला सोनीपत के रूप में हुई है। यू है पूरा मामला जानकारी के अनुसार, 27 फरवरी को अमित निवासी गांव महमूदपुर, जिला सोनीपत ने थाना सदर गोहाना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसने करीब एक माह पहले अपनी गाड़ी राहुल उर्फ़ लेफ्टी को बेची थी। गाड़ी के बकाये 10 हजार रुपए लेने के लिए 26 फरवरी की सुबह करीब 8 बजे राहुल ने उसे अपने घर बुलाया। चचेरे भाई के साथ गया था अमित अपने चाचा के बेटे हिमांशु के साथ राहुल के घर पहुंचा, जहां आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए गंडासी से उसके सिर पर दो-तीन वार कर दिए। हमले में अमित गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही बेहोश हो गया। हिमांशु ने घायल अमित को सिविल अस्पताल गोहाना पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे खानपुर पीजीआई रेफर कर दिया। पुलिस ने आरोपी को भेजा गया न्यायिक हिरासत मेंघटना के बाद थाना सदर गोहाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। जांच अधिकारी उप निरीक्षक रत्तन सिंह ने अपनी टीम के साथ कार्रवाई करते हुए आरोपी राहुल उर्फ़ लेफ्टी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 10:04 am

कन्नौज में पुलिस पर मारपीट का आरोप:झगड़े की सूचना पर घर में घुसकर तोड़फोड़, एसपी से शिकायत

कन्नौज के एक गांव में पुलिसकर्मियों पर ग्रामीण ने गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीण का आरोप है कि झगड़े की सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने उसके साथ मारपीट की और घर में तोड़फोड़ की। उसने मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक (एसपी) से करते हुए कार्रवाई की मांग की है। यह मामला गुरसहायगंज कोतवाली के नौरंगपुर चौकी क्षेत्र का है। यहां के निवासी ठाकुर जितेंद्र सिंह ने बताया कि उनके गांव में दो भाई आपस में झगड़ रहे थे। इस मामले की सूचना पुलिस को दी गई थी। जितेंद्र सिंह का आरोप है कि झगड़ा दूसरे परिवार में हो रहा था, लेकिन पुलिसकर्मी उनके घर में घुस गए, जहां वह खाना खा रहे थे। उन्होंने बताया कि लोवर-टी-शर्ट पहने एक सिपाही ने उनके साथ मारपीट की और घर में तोड़फोड़ की। इसके बाद उन्हें जबरदस्ती घसीटते हुए सड़क पर ले जाया गया। जब ग्रामीणों ने पुलिस की इस कार्रवाई का विरोध किया, तो पुलिसकर्मी उन पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की धमकी देकर चले गए। ठाकुर जितेंद्र सिंह ने बताया कि वह युवा हिंदू वाहिनी के वरिष्ठ सदस्य हैं। उन्होंने इस घटना का वीडियो सबूत के साथ एसपी बिनोद कुमार से शिकायत की है। एसपी ने मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 10:03 am

मेनार में त्योहारों को लेकर सीएलजी की बैठक:ग्रामीणों ने एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड व अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की

मेनार में आगामी त्योहारों होली, धुलेंडी, जमराबीज, रामनवमी और महावीर जयंती की तैयारियों को लेकर शुक्रवार शाम सीएलजी (कम्युनिटी लाइजन ग्रुप) की बैठक हुई। खेरोदा थानाधिकारी सुरेश बिश्नोई की अध्यक्षता में यह बैठक ओंकारेश्वर चौक स्थित श्री चारभुजानाथ मंदिर प्रांगण में संपन्न हुई। बैठक में 4 मार्च को मनाए जाने वाले ऐतिहासिक पर्व जमराबीज की व्यवस्थाओं पर विशेष रूप से चर्चा की गई। इसमें बिजली, पानी, अतिथियों के बैठने और देखने की व्यवस्था के साथ-साथ बाहर से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था को प्राथमिकता दी गई। विभिन्न मार्गों पर पार्किंग स्थल चिह्नित करने के लिए ग्रामीणों से सुझाव मांगे गए। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस लाइन से अतिरिक्त पुलिस बल की मांग पर भी विचार हुआ। ग्रामीणों ने प्रशासन से कार्यक्रम के दौरान एम्बुलेंस, चिकित्सकीय दल और फायर ब्रिगेड की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही, किसी भी आपात स्थिति में गांव से बाहर निकलने के लिए एक रास्ता खुला रखने पर जोर दिया गया। ग्रामीण प्रतिनिधियों ने पुलिस के साथ संभावित पार्किंग स्थलों का निरीक्षण किया, ताकि सुरक्षित और सुव्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित हो सके। जमरा स्थल पर श्रद्धालुओं और अतिथियों की सुविधा के लिए अस्थायी शौचालयों और गांव की ओर से चाय-पानी की व्यवस्था की जानकारी भी दी गई। बैठक में पुलिस चौकी भटेवर से हेड कांस्टेबल महेंद्र ढाका, मेनार बीट अधिकारी नितेश, प्रदीप, सरपंच प्रमोद कुमार, उपसरपंच मांगीलाल, वरिष्ठ अधिवक्ता हुक्मीचंद सांगावत, पूर्व सरपंच ओंकारलाल भलावत, ग्रामीण विजयलाल, अंबालाल, पूर्व उपसरपंच शंकरलाल, शांतिलाल, नारायण, धनलाल, पपु, छोगालाल, कन्हैयालाल, मांगीलाल और दर्शन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने मिलकर त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने का संकल्प लिया।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 10:02 am

शिवपुरी में शराब दुकानों के टेंडर शुरू:बेस प्राइस 20% बढ़ी, 113 शराब दुकानों को 32 समूहों में बांटा

शिवपुरी जिले में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए शराब दुकानों के नए टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आबकारी विभाग ने इस बार पुराने ठेकेदारों को सीधा नवीनीकरण का मौका नहीं दिया है। सभी दुकानों को ओपन टेंडर के जरिए दिया जाएगा। जिले की कुल 113 शराब दुकानों को 32 समूहों में बांटा गया है। हर समूह में एक से पांच दुकानें शामिल हैं। इस साल दुकानों की बेस कीमत पिछले साल के मुकाबले 20 प्रतिशत बढ़ा दी गई है। टेंडर की प्रोसेस तीन चरणों में पूरी होगीटेंडर की प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी होगी। पहले चरण में 11 समूहों के टेंडर जारी किए जा चुके हैं, जिन्हें 2 मार्च 2026 को खोला जाएगा। दूसरे चरण के 11 समूहों के टेंडर 3 मार्च से ऑनलाइन लाइव होंगे और 5 मार्च को खोले जाएंगे। बाकी 10 समूहों के टेंडर 6 मार्च को जारी होंगे और 7 मार्च 2026 को खोले जाएंगे। आबकारी विभाग का कहना है कि नई ओपन टेंडर व्यवस्था से प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और जिले को 25 से 30 प्रतिशत तक ज्यादा राजस्व मिलने की उम्मीद है। अधिकारियों के अनुसार, इस प्रक्रिया से सरकार की आय बढ़ेगी और व्यवस्था अधिक पारदर्शी बनेगी।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 10:01 am

मां से बच्चे की कस्टडी लेकर दादा को मिली:ग्वालियर हाईकोर्ट का फैसला, नाबालिग बोला- दादा के साथ खुश; मां ने तीसरी शादी की इच्छा जताई

मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ ने एक अहम फैसले में नाबालिग बच्चे की कस्टडी उसके दादा को सौंप दी। इसके साथ ही कोर्ट ने दतिया फैमिली कोर्ट के उस आदेश को रद्द कर दिया, जिसमें बच्चे की कस्टडी मां को दी गई थी। न्यायमूर्ति आनंद पाठक और न्यायमूर्ति अनिल वर्मा की खंडपीठ ने कहा कि बच्चे का हित सबसे महत्वपूर्ण है और उसी आधार पर कस्टडी तय की जानी चाहिए। कोर्ट ने पाया कि दादा सरकारी शिक्षक हैं और बच्चे की शिक्षा, स्वास्थ्य और देखभाल के लिए बेहतर व्यवस्था कर सकते हैं। बच्चा बोला- दादा के साथ खुश हूं यह मामला गार्जियन एंड वार्ड्स एक्ट, 1890 की धारा 47 के तहत दायर प्रथम अपील से जुड़ा था। दतिया फैमिली कोर्ट ने मां द्वारा दायर धारा 25 के आवेदन को स्वीकार करते हुए बच्चे की कस्टडी मां को देने का आदेश दिया था। इस आदेश को दादा ने हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। सुनवाई के दौरान बच्चे को कोर्ट में पेश किया गया। बच्चे ने कहा कि वह अपने दादा के साथ खुश है और आगे भी उनके साथ ही रहना चाहता है। मां को एक बार बच्चे से मिलने का अधिकार कोर्ट ने यह भी पाया कि पिता की मौत के बाद मां ने दूसरा विवाह कर लिया था और बच्चे को दादा-दादी के पास छोड़ दिया था। बाद में मां ने तीसरी शादी की इच्छा जताई, जिससे बच्चे के स्थिर भविष्य पर असर पड़ सकता है। हालांकि, हाईकोर्ट ने मां को हर महीने एक बार बच्चे से मुलाकात (विजिटेशन) का अधिकार दिया है। दादा को निर्देशित किया गया है कि वे मां को बच्चे से मिलने में कोई बाधा न डालें। अपील को स्वीकार करते हुए मामले का निस्तारण बिना किसी लागत के किया गया।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 10:00 am

कैथल में आग से 16 लाख की पराली जली:3 घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू, किसान करता था फसल अवशेष प्रबंधन का काम

कैथल के कस्बा राजौंद में अज्ञात व्यक्ति ने एक किसान के खेत में रखे पराली के गट‌्ठों में आग लगा दी। इस घटना में करीब 5.5 हजार क्विंटल पराली जल गई, जिसकी अनुमानित कीमत 16 लाख रुपए बताई जाती है। इस संबंध में पीड़ित व्यक्ति ने राजौंद थाने में शिकायत दी है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। राजौंद के वार्ड नंबर 6 निवासी रोमी राणा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह खेती और फसल अवशेष प्रबंधन का काम करता है। कल रात वह अपने घर में था। देर रात उसके भतीजे राहुल ने बताया कि, चाचा बीर बांगड़ा रोड पर अपने खेत में पराली गांठों के स्टॉक में आग लगी हुई है। उसने अपने परिवार को साथ लेकर फायर ब्रिगेड व 112 व JCB को फोन किया और ये सभी मौके पर आ गए। 3 घंटों की कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया फिर फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने 3 घंटों की कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया। तब तक 5 से 5.5 हजार क्विंटल पराली जल चुकी थी। शिकायतकर्ता ने कहा कि यह शरारत किसी व्यक्ति द्वारा की गई है। उसके शरारती तत्व के खिलाफ ठोस कार्रवाई की जाए और नुकसान की भरपाई करवाई जाए। उसे लगभग 16 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। राजौंद थाना के जांच अधिकारी महीपाल ने बताया कि इस संबंध में पुलिस के पास शिकायत आई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 9:58 am

पटवारी ने नहाते समय किरायेदार छात्रा का वीडियो बनाया:भीड़ ने इतना पीटा कि कपड़े फट गए, पुलिस ने किया बीच-बचाव, पॉक्सो सहित कई धाराएं लगीं

राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में एक पटवारी ने अपने ही घर में पढ़ाई के लिए किराए से रह रही नाबालिग छात्रा का नहाते समय वीडियो बना लिया। जब इस हरकत का खुलासा हुआ तो शनिवार रात गुस्साए परिजन और ग्रामीण आरोपी के घर पहुंच गए और उसकी जमकर पिटाई कर दी। हालात इतने बिगड़ गए कि मारपीट में आरोपी के कपड़े तक फट गए। पुलिस को मौके पर पहुंचकर बीच बचाव करना पड़ा। छात्रा की शिकायत पर खिलचीपुर थाने में आरोपी पटवारी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित कई कई धाराओं में केस दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी उमाशंकर मुकाती ने बताया कि आरोपी के मोबाइल से नाबालिग छात्रा के नहाते हुए वीडियो मिले हैं। बाथरूम के ऊपर लगी जाली से रिकॉर्डिंग की पुलिस के अनुसार, पटवारी महेश साहू (50) के घर में आसपास के गांवों की नाबालिग छात्राएं पढ़ाई के लिए किराए से रहती थीं। एक सप्ताह पहले आरोपी की पत्नी राजस्थान के छबड़ा अपने रिश्तेदार के यहां गई हुई थी, जिससे घर में आरोपी अकेला था। शनिवार सुबह 11वीं की छात्रा परीक्षा देने से पहले नहाने के लिए बाथरूम गई। इसी दौरान पटवारी ने बाथरूम के गेट के ऊपर लगी जाली से अपने मोबाइल से छात्रा का वीडियो बना लिया। आरोपी ने एक नहीं, बल्कि 2 से 3 वीडियो रिकॉर्ड किए। छात्रा ने आरोपी को संदिग्ध हालात में देख लिया, लेकिन डर और परीक्षा के कारण तत्काल कुछ नहीं कहा। बाद में उसने साथ रहने वाली छात्राओं को यह बात बताई और परीक्षा देने चली गई। मोबाइल चेक करते ही खुल गया राज शाम को परीक्षा से लौटने के बाद छात्राओं ने परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी। रात करीब 9 बजे गुस्साए परिजन और ग्रामीण आरोपी के घर पहुंचे। जब उन्होंने आरोपी का मोबाइल चेक किया तो डिलीट किए गए वीडियो रीसाइकल बिन में मिल गए। यह देखते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने आरोपी की जमकर पिटाई की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ से छुड़ाया। हालात इतने तनावपूर्ण थे कि पुलिस को आरोपी को पैदल, फिर बाइक से थाने ले जाना पड़ा। घटना के बाद देर रात तक थाने के बाहर लोगों की भीड़ लगी रही। लोग आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते रहे। यह खबर भी पढ़ें... SDM कार्यालय में महिला ने पटवारी की कॉलर पकड़ी; बोली- जाति प्रमाण पत्र बनवाने के लिए रिश्वत मांगी, अकेले मिलने बुलाया राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में अपने बेटे और पति का जाति प्रमाण पत्र बनवाने पहुंची महिला ने SDM कार्यालय में पटवारी की कॉलर पकड़ ली। इसके बाद कागजों को फेंककर हंगामा शुरू कर दिया। महिला का आरोप है कि पटवारी महेश साहू ने जाति प्रमाण पत्र के लिए शजरा खानदान की गलत जानकारी दी और अकेले मिलने के लिए दबाव बना रहा था। पढ़ें पूरी खबर

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 9:57 am

साक्षी महाराज ने जातिवाद के आरोपों पर दी सफाई:उन्नाव में कहा- मैं सर्व समाज की राजनीति करता हूं

उन्नाव सांसद साक्षी महाराज ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान हालिया बयान को लेकर उठे विवाद पर सफाई दी। उन्होंने कहा कि उनके वक्तव्य को या तो पूरा सुना नहीं गया या फिर उसे तोड़-मरोड़ कर प्रस्तुत किया गया। सांसद ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वह सर्व समाज की राजनीति करते हैं और रत्ती भर भी जातिवाद में विश्वास नहीं रखते। सांसद ने बताया कि यदि वह राजनीति में नहीं आते तो एक सामान्य ब्राह्मण परिवार के व्यक्ति के रूप में जीवन व्यतीत करते। उन्होंने अपनी शिक्षा-दीक्षा का जिक्र करते हुए कहा कि वे ऐसे संस्थानों में हुई है जहां अनुशासन और संस्कार सर्वोपरि रहे हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर का उल्लेख करते हुए बताया कि वह पहली बार मथुरा से सांसद चुने गए थे, जहां विभिन्न जातियों और वर्गों के लोगों ने उनका समर्थन किया था। साक्षी महाराज ने बताया कि वे अयोध्या आंदोलन से जुड़े रहे हैं और उन्हें 'हिंदू हृदय सम्राट' भी कहा जाता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि उनका उद्देश्य कभी भी समाज में विघटन पैदा करना नहीं रहा। उन्होंने उन्नाव की राजनीति का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने यहां के कई नेताओं के साथ कठिन समय में सहयोग किया है। इसलिए उन पर जातिवाद का आरोप लगाना पूरी तरह गलत है। उन्होंने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश में बड़े बदलाव हुए हैं। अयोध्या मुद्दे का समाधान, धारा 370 और 35ए का हटाया जाना तथा देश की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा में वृद्धि जैसे कार्य ऐतिहासिक हैं। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी समस्याओं को लेकर प्रधानमंत्री के खिलाफ नारेबाजी करना उचित नहीं है। सांसद ने कहा कि समाज में विभाजन की राजनीति समाप्त होनी चाहिए। कहा कि सनातन, प्रधानमंत्री और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सम्मान के लिए एकजुटता आवश्यक है। उन्होंने 10 प्रतिशत सवर्ण आरक्षण का उल्लेख करते हुए कहा कि यह निर्णय समाज के संतुलन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। प्रदेश सरकार की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ मॉडल बन चुके हैं और विकास कार्य पूरे प्रदेश में दिखाई दे रहे हैं।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 9:56 am

रोहतक पुलिस की दिल्ली- राजस्थान में दबिश:प्रॉपर्टी डीलर सत्यवान के हत्या आरोपी की तलाश, गैंगस्टर सुंदर काला ने ली थी जिम्मेदारी

रोहतक के गांव खेड़ी साध निवासी सत्यवान की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी प्रदीप की तलाश में पुलिस की कई टीमें दिल्ली, राजस्थान समेत आसपास के राज्यों में दबिश दे रही है। STF व CIA समेत दिल्ली पुलिस भी आरोपी प्रदीप की तलाश में छापेमारी कर रही है, लेकिन अभी तक आरोपी का कहीं कोई पता नहीं चला है। बता दें कि, गांव खरावड़ के पास 20 फरवरी को गांव खेड़ी साध निवासी प्रॉपर्टी डीलर सत्यवान की गाड़ी लावारिश हालत में मिली थी, जिसके पास खून पड़ा था और गोलियों के खोल बरामद हुए थे। लेकिन वहां कोई व्यक्ति नहीं मिला और ना ही किसी का शव बरामद हुआ। इसके बाद एक गैंगस्टर सुंदर काला ने फेसबुक पर पोस्ट डालकर हत्या की जिम्मेदारी ली। फेसबुक पोस्ट सामने आने के बाद पुलिस की कई टीमें सत्यवान की खोज कर रही थी। आसपास के राज्यों में भी आरोपियों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को जो सबूत मिले, उसी के माध्यम से दो आरोपियों को काबू किया, जिनकी निशानदेही पर 24 फरवरी को सत्यवान के शव को जेएलएन से बरामद किया गया। इन आरोपियों को पुलिस कर चुकी काबू सत्यवान की हत्या के मामले में पुलिस अब तक 4 आरोपियों को काबू कर चुकी है। इनमें दो आरोपी मनीष निवासी गांव भाली और मंजीत निवासी बापोड़ा जिला भिवानी को 24 फरवरी को काबू किया। जिनकी निशानदेही पर सत्यवान के शव को जेएलएन से बरामद किया गया। पुलिस लगातार छापेमारी करते हुए अन्य आरोपियों को काबू करने में लगी हुई, जिसके दौरान पुलिस ने गांव खेड़ी साध निवासी सुशील पुत्र सुखबीर व अजय पुत्र जगदीश को काबू किया है, जो सत्यवान की हत्या करने की साजिश में शामिल रहे। पुलिस प्रदीप की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस आरोपी की तलाश में दे रही दबिश आईएमटी थाना पुलिस ने बताया कि सत्यवान की हत्या के मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को पकड़ा हुआ है। इस मामले में अभी अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। अन्य राज्यों की पुलिस से भी सहयोग लिया जा रहा है। जल्द ही हत्याकांड के अन्य आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 9:56 am

नारनौल में एक्सीडेंट में युवक की मौत:नेशनल हाईवे पर गाड़ी ने मारी बाइक को टक्कर, दोस्त से मिलने जा रहा था

हरियाणा के नारनौल क्षेत्र में नेशनल हाईवे नंबर 11 पर हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद अस्पताल में पहुंची पुलिस ने मृतक का नागरिक अस्पताल से पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया। अटेली थाना के गांव बजाड निवासी राकेश कुमार ने थाना सदर नारनौल में दी शिकायत में बताया कि उसका भतीजा नवनीत कुमार, बीती रात 8- 8:30 बजे अपनी अपाची बाइक पर सवार होकर अपने दोस्त अमित निवासी पटीकरा से मिलने जा रहा था। सराय गांव के पास हुआ हादसा बताया गया है कि, जब वह एनएच 11 पर गांव सराय बहादुर नगर के पास पहुंचा तो तेज गति और लापरवाही से चलाए जा रहे किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल नवनीत को तुरंत सरकारी अस्पताल नारनौल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज मामले की सूचना मिलने पर थाना सदर नारनौल की पुलिस टीम अस्पताल पहुंची। मृतक के चाचा राकेश कुमार ने पुलिस को लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 106 के तहत अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 9:55 am

किसान हत्याकांड की गुत्थी दो हफ्ते बाद भी अनसुलझी:श्रावस्ती में 2 हजार की लूट के बाद किसान की हुई थी हत्या

श्रावस्ती के हरदत्त नगर गिरंट थाना क्षेत्र के भजोरेपुरवा में किसान नेमराज पाठक की हत्या के दो सप्ताह बाद भी मामले का खुलासा नहीं हों सका है। 16 फरवरी की देर रात लूट के दौरान उनकी हत्या कर दी गई थी। 50 वर्षीय नेमराज पाठक घटना की रात अपने घर के बरामदे में सो रहे थे।उनके पुत्र सुनील पाठक और बहू लक्ष्मी कमरे में थे। रात करीब दो बजे चार अज्ञात बदमाश घर में घुस आए।आहट होने पर नेमराज की नींद खुल गई। विरोध करने पर बदमाशों ने उनका मुंह और गला दबाकर हत्या कर दी। शोर सुनकर बेटे सुनील ने कमरे का दरवाजा खोला। बाहर खड़े बदमाशों ने उसे कपड़े से दबोच कर बांध दिया।बहू लक्ष्मी के अनुसार,पति को बदमाशों के कब्जे में देख वह कमरे में बेड के नीचे छिप गई। बदमाशों के जाने के बाद वह बाहर निकली तो सुनील बंधा हुआ मिला और नेमराज खून से लथपथ पड़े थे। बदमाश करीब दो हजार रुपये नकद और कुछ जेवर लूटकर फरार हो गए। ग्रामीणों के मुताबिक,करीब पांच वर्ष पहले नेमराज का बड़ा बेटा सुशील पाठक लापता हो गया था। कुछ समय बाद उनकी पत्नी आशा बहू का भी निधन हो गया।पत्नी की मौत के बाद पूरे परिवार की जिम्मेदारी नेमराज पर आ गई थी। दो वर्ष पूर्व उन्होंने छोटे बेटे की शादी की थी, लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर बनी हुई थी।वह छह बीघा खेती के सहारे गांव के बाहर बने घर में रहकर परिवार का गुजारा कर रहे थे। महज दो हजार रुपये और जेवर की लूट के लिए हत्या किए जाने से गांव में कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ ग्रामीण आंतरिक साजिश की आशंका जता रहे हैं, जबकि कुछ का मानना है कि नेमराज ने शायद आरोपियों को पहचान लिया था, जिसके चलते उनकी हत्या कर दी गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संदिग्धों की तलाश में टीमें दबिश दे रही हैं और जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा। हालांकि, दो सप्ताह बीत जाने के बाद भी मामले का खुलासा नहीं हो सका है, और लोगों को इस सनसनीखेज हत्याकांड से पर्दा उठने का इंतजार है।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 9:54 am

मंडी से लापता डीएवी की छात्रा MP से सकुशल बरामद:चार राज्यों में चला पुलिस का सर्च ऑपरेशन; पूछताछ में खुलेगा पूरा मामला

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। डीएवी स्कूल मंडी की आठवीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा को मध्य प्रदेश के पीपरी क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया गया है। छात्रा पुलिस चौकी शहरी, थाना सदर मंडी के अंतर्गत लापता हुई थी। 23 फरवरी को दर्ज हुई थी गुमशुदगी की शिकायत जानकारी के अनुसार, छात्रा के पिता मोहन लाल ने 23 फरवरी 2026 को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उनकी बेटी स्कूल गई थी, लेकिन घर वापस नहीं लौटी। शिकायत के आधार पर थाना सदर मंडी में भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत अभियोग संख्या 66/26 दर्ज किया गया और तत्काल कार्रवाई शुरू की गई। एसपी ने गठित की विशेष टीम मामले की गंभीरता को देखते हुए, मंडी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने एक विशेष टीम का गठन किया। इस टीम में मुख्य आरक्षी पवन कुमार, आरक्षी अजय कुमार और महिला आरक्षी संतोष कुमारी शामिल थे। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर जांच शुरू की। चार राज्यों में चलाया गया सर्च ऑपरेशन जांच के दौरान पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी। बालिका की तलाश में पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश राज्यों में लगातार खोजबीन की गई। टीम ने विभिन्न स्थानों पर स्थानीय पुलिस के सहयोग से समन्वय स्थापित कर अभियान चलाया। 27 फरवरी को बरामद, 28 फरवरी को मंडी पहुंची छात्रा निरंतर प्रयासों और तकनीकी विश्लेषण के बाद, 27 फरवरी को बालिका को मध्य प्रदेश के पीपरी से सकुशल बरामद कर लिया गया। 28 फरवरी को पुलिस टीम छात्रा को सुरक्षित मंडी लेकर पहुंची। परिवार ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई और प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया है। जांच जारी पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है और सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 9:50 am

अनूपपुर में बदला मौसम, छाए काले बादल:होली से पहले बारिश की आशंका से किसानों की बढ़ी चिंता

होली से ठीक पहले अनूपपुर जिले में मौसम का मिजाज बदल गया है। शनिवार दोपहर से आसमान में काले बादल छाए हुए हैं, जो रविवार सुबह तक बने रहे। बारिश की आशंका से किसानों की चिंताएं बढ़ गई हैं, खासकर दलहनी और तिलहनी फसलों को लेकर। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि यदि भारी बारिश होती है, तो पककर तैयार खड़ी दलहनी और तिलहनी फसलों को काफी नुकसान हो सकता है। रविवार सुबह भी जिले में सूरज और बादलों के बीच लुका-छिपी जारी रही। हवाएं शांत हैं, लेकिन बादलों के कारण धूप की तपिश कम हुई है, जिससे हल्की ठंडक महसूस की जा रही है। उप संचालक कृषि विभाग कैलाश मगर के अनुसार, वर्तमान मौसम गेहूं की फसल के लिए तो अनुकूल है, लेकिन दलहन और तिलहन के लिए समस्या खड़ी कर सकता है। कई क्षेत्रों में ये फसलें पकने की कगार पर हैं और कुछ जगह कटाई भी शुरू हो चुकी है। मगर ने बताया कि यदि बारिश दो-तीन घंटे होकर रुक जाती है, तो खड़ी फसल को कम नुकसान होगा। हालांकि, यदि दिनभर तेज बारिश होती रही, तो फसलें खेतों में ही खराब हो सकती हैं। इसके अतिरिक्त, आम के बौर (मंजर) झड़ने की भी आशंका है। अनूपपुर जिले में इस वर्ष रबी सीजन के लिए 93,100 हेक्टेयर का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसके विरुद्ध 92,420 हेक्टेयर में बुवाई की गई है। इसमें गेहूं 24,700 हेक्टेयर, चना 20,450 हेक्टेयर, मसूर 23,000 हेक्टेयर, अलसी 10,700 हेक्टेयर, सरसों 8,550 हेक्टेयर और जै 500 हेक्टेयर पर बोया गया है। शनिवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं, रविवार को बादलों के प्रभाव से अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान गिरकर 12 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 9:50 am

राजौंद के स्कूल में विज्ञान प्रश्नोत्तरी आयोजित:छात्रों ने 'ज्ञान की उड़ान' में दिखाई प्रतिभा, भौतिकी, रसायन विज्ञान से जुड़े प्रश्न पूछे

राजौंद के जाखौली गांव के आदर्श स्कूल में 'ज्ञान की उड़ान' विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने विज्ञान से संबंधित कठिन प्रश्नों के उत्तर देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में भौतिकी, रसायन विज्ञान और सामान्य विज्ञान से जुड़े प्रश्न पूछे गए। विद्यार्थियों ने पूरी तैयारी और आत्मविश्वास के साथ इन प्रश्नों का जवाब दिया, जिससे विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल बन गया। निर्णायकों ने किया बच्चों का उत्साहवर्धन निर्णायक मंडल में मोनिका, ज्योति, रसायन विज्ञान के टीचर कुलदीप और भौतिक विज्ञान के टीचर विशाल शामिल थे। उन्होंने निष्पक्ष मूल्यांकन के साथ-साथ बच्चों का उत्साहवर्धन भी किया। विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागियों और विजेताओं को शुभकामनाएं दीं। शिक्षकों ने बताया कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, तर्क शक्ति और आत्मविश्वास को मजबूत करती हैं। यह कार्यक्रम आदर्श स्कूल जाखौली के इतिहास में एक प्रेरणादायक अध्याय के रूप में दर्ज किया गया।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 9:50 am

1540 करोड़ से होगा शहर का विकास:अलीगढ़ नगर निगम में 30 मिनट में पास हुआ बजट, भिड़े भाजपा पार्षद; VEDIO

अलीगढ़ नगर निगम की बोर्ड बैठक शनिवार को विकास की चर्चा से ज्यादा पार्षदों के दंगल का अखाड़ा बनी रही। हैबिटेट सेंटर के सभागार में आयोजित इस बैठक में भारी शोर-शराबे और तीखी नोकझोंक के बीच महज 30 मिनट में 1540 करोड़ रुपए का पुनरीक्षित बजट पास कर दिया गया। इस बजट में से करीब 1373 करोड़ रुपए शहर के विकास कार्यों और निगम कर्मचारियों के वेतन पर खर्च किए जाएंगे। ​नियमों का हवाला देकर खोला मोर्चा बैठक की शुरुआत ही हंगामेदार रही। करीब 55 मिनट की देरी से शुरू हुए सदन में पार्षद कुलदीप पांडेय ने नियमों का हवाला देते हुए मोर्चा खोल दिया। उन्होंने कार्यकारिणी के सामने बजट पेश न किए जाने को लेकर इस पूरी प्रक्रिया को अवैध करार दे दिया। इस दौरान पार्षद ने नगर निगम की कार्यप्रणाली की तुलना राष्ट्रपति शासन से भी की। करीब 25 मिनट तक पार्षद और नगर आयुक्त के बीच नियमों को लेकर बहस चलती रही। इसके बाद पार्षद बैठक का बहिष्कार कर बाहर निकल गए। सोशल मीडिया पोस्ट पर हुआ विवाद ​सदन के भीतर सत्तापक्ष भाजपा के पार्षदों के आपस में भिड़ने के बाद हंगामा शुरू हो गया। पार्षद नरेंद्र सैनी और बॉबी के बीच सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए किसी वीडियो को लेकर विवाद बढ़ने लगा। यह विवाद इतना बढ़ा कि थोड़ी ही देर में दोनों एक–दूसरे के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगे। इस विवाद में पार्षद योगेश सिंघल कूदने से गाली-गलौज तक की नौबत आ गई। सपा पार्षदों ने कराया बीच–बचाव हैरानी की बात यह रही कि सत्ताधारी दल के इन पार्षदों के बीच-बचाव के लिए विपक्षी दल सपा के पार्षदों को आगे आना पड़ा। मामला यहीं शांत नहीं हुआ और बैठक के बाद पार्षद बॉबी ने नरेंद्र सैनी के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में तहरीर दे दी। सपा पार्षदों ने मुकदमा वापसी के लिए की नारेबाजी उधर, समाजवादी पार्टी के पार्षदों ने भी अपने अंदाज में विरोध दर्ज कराया। सपा पार्षद शाहिद अब्बासी और तारिक ने अपने नेताओं पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग वाले पोस्टर लहराए और जमकर नारेबाजी की। इस बीच सपा पार्षद मुशर्रफ ने चुटकी लेते हुए कहा कि आज तो सदन में विपक्ष की भूमिका खुद भाजपा के पार्षद ही निभा रहे हैं। 1066 करोड़ की अनुमानित आय प्रस्तावित ​आंकड़ों की बात करें तो वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए नगर निगम ने 1066 करोड़ रुपए की अनुमानित आय प्रस्तावित की है। पिछले अवशेषों को मिलाकर कुल 1540 करोड़ रुपए का बजट तैयार किया गया है। नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने कहा कि इस बजट से शहर के विकास कार्यों में और तेजी आएगी। वहीं, महापौर प्रशांत सिंघल ने दावा किया कि बजट का बड़ा हिस्सा शहर की सड़कों को सीसी करने और अलीगढ़ को रोशनी से जगमग करने पर खर्च होगा।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 9:47 am

स्लेट की चोट ने छीनी नजर, मेहनत ने दिलाई पहचान:चित्तौड़गढ़ के सोनू मेघवाल को मिली सरकारी नौकरी, मां के साथ पहुंचकर लिया ज्वाइनिंग लेटर

जिला स्तरीय मुख्यमंत्री रोजगार महोत्सव में शनिवार को 454 युवाओं को ज्वाइनिंग लेटर दिए गए। मंच पर एक-एक कर नाम पुकारे जा रहे थे। तालियां बज रही थीं। उसी भीड़ में 26 साल का एक युवक भी खड़ा था—सोनू मेघवाल। जब उसका नाम पुकारा गया और वह पशु परिचर के पद के लिए ज्वाइनिंग लेटर लेने मंच पर पहुंचा, तो यह सिर्फ नौकरी मिलने का पल नहीं था, बल्कि कई सालों के दर्द, संघर्ष और उम्मीद की जीत थी। निंबाहेड़ा के मांगरोल ग्राम पंचायत के वेटनरी हॉस्पिटल में उसकी नियुक्ति हुई है। आठ साल की उम्र में बदल गई जिंदगी सोनू बताते हैं कि वह केवल 8 साल के थे। स्कूल की कक्षा में दो बच्चे आपस में झगड़ रहे थे और एक-दूसरे पर स्लेट से मार रहे थे। सोनू उन्हें रोकने गए। तभी स्लेट का कोना उनकी आंखों पर जा लगा। उन्हें तुरंत हॉस्पिटल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने कह दिया कि आंखों का पर्दा पूरी तरह खराब हो चुका है। उस दिन के बाद उनकी आंखों की रोशनी चली गई। परिवार के लिए यह बहुत बड़ा सदमा था। कुछ समय के लिए पढ़ाई भी छूट गई। लेकिन हार मानना सोनू ने सीखा ही नहीं था धीरे-धीरे सोनू ने खुद को संभाला। उन्होंने तय किया कि वह पढ़ाई नहीं छोड़ेंगे। पड़ोस के एक शिक्षक ने जोधपुर के ब्लाइंड स्कूल के बारे में बताया। वहीं उनका दाखिला हुआ और उन्होंने 12वीं तक पढ़ाई पूरी की। नई जगह, नया तरीका, नई चुनौतियां—सब कुछ आसान नहीं था। लेकिन सोनू हर दिन खुद को समझाते थे कि जिंदगी खत्म नहीं हुई है। पिता का साया उठा, मां बनी हिम्मत सोनू की जिंदगी में दुख यहीं खत्म नहीं हुआ। साल 2009 में उनके पिता शांतिलाल मेघवाल का निधन हो गया। घर में चार भाई-बहन हैं। उनकी छोटी बहन मंजू भी बचपन से देख नहीं पाती है। पिता के जाने के बाद मां बेरी बाई पर पूरे परिवार की जिम्मेदारी आ गई। उन्होंने घर-घर जाकर झाड़ू-पोछा किया, मेहनत मजदूरी की और बच्चों की पढ़ाई जारी रखी। सोनू कहते हैं, “आज मैं जहां भी हूं, अपनी मां की वजह से हूं।” पढ़ाई जारी रखी, सपना नहीं छोड़ा 12वीं के बाद सोनू चित्तौड़गढ़ लौट आए। यहां उन्होंने आरएनटी कॉलेज से BSTC की पढ़ाई की। फिर STS किया और बाद में BA में एडमिशन लिया। अभी वह BA सेकंड ईयर में हैं। पढ़ाई के साथ उन्होंने सरकारी नौकरी पाने का सपना देखा। साल 2023 में पशु परिचर की भर्ती निकली। 2024 में उन्होंने परीक्षा दी। इंतजार लंबा था, लेकिन दिसंबर 2025 में चयन की खबर आई। उनका नाम सूची में था। क्रिकेट में भी आगे थे सोनू सोनू ने सिर्फ पढ़ाई ही नहीं की, बल्कि खेल में भी आगे रहे। 12 साल की उम्र से उन्होंने क्रिकेट खेलना शुरू किया। 22 राज्य स्तरीय मैच खेले। उन्हें बड़े खिलाड़ियों से मिलने का मौका मिला। उन्होंने युवराज सिंह, महेंद्र सिंह धोनी, हरभजन सिंह से मुलाकात की। लेकिन साल 2019 में घर की जिम्मेदारियों के कारण उन्हें क्रिकेट छोड़ना पड़ा। ज्वाइनिंग लेटर देते समय मां भी रही साथ रोजगार महोत्सव में जब जिला कलेक्टर ने सोनू को ज्वाइनिंग लेटर दिया तो उन्होंने सिर्फ एक बात कही—“जो जिम्मेदारी मिली है, उसे ईमानदारी से निभाना।” उस समय सोनू की मां भी उनके साथ थीं। मां के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दे रही थी, लेकिन वह खुशी के आंसू थे। सालों की मेहनत और संघर्ष उस एक पल में दिखाई दे रहा था।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 9:45 am

चंद्रग्रहण के चलते 3 मार्च को मंदिर के पट बंद:शाम 5:30 बजे से बंद रहेंगे मां शारदा के कपाट; 4 मार्च को शुद्धिकरण के बाद खुलेंगे

मैहर में त्रिकूट पर्वत पर स्थित मां शारदा मंदिर के पट 3 मार्च को चंद्रग्रहण के कारण शाम 5:30 बजे बंद कर दिए जाएंगे। श्रद्धालुओं को 4 मार्च को अभिषेक और शुद्धिकरण के बाद ही दर्शन मिल पाएंगे। यह जानकारी मंदिर के प्रधान पुजारी पवन महाराज ने दी है। मंदिर प्रबंधन ने बताया कि 3 मार्च को चंद्रग्रहण के दिन शाम 5 बजे माता शारदा की सांध्यकालीन आरती और विशेष पूजन संपन्न होगा। आरती के ठीक बाद, शाम 5:30 बजे गर्भगृह के कपाट दर्शनार्थियों के लिए बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी को भी दर्शन की अनुमति नहीं होगी। 4 मार्च को शुद्धिकरण-अभिषेक बाद खुलेंगे मंदिर पट ग्रहण समाप्त होने के बाद, 4 मार्च को गर्भगृह का शुद्धिकरण किया जाएगा। माता का पवित्र जल से अभिषेक होगा और विधिवत पूजा-अर्चना पूर्ण होने के बाद ही गर्भगृह के पट श्रद्धालुओं के लिए दोबारा खोले जाएंगे। मंदिर प्रबंधन ने दूर-दराज से आने वाले हजारों भक्तों से अपील की है कि वे किसी भी असुविधा से बचने के लिए इस समय-सारणी का विशेष ध्यान रखें। जो भक्त 3 मार्च को दर्शन की योजना बना रहे हैं, वे शाम 5:30 बजे से पहले मंदिर परिसर पहुंच जाएं। प्रबंधन ने दर्शनार्थियों से मंदिर परिसर में शांति और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग का भी अनुरोध किया है।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 9:43 am

धार में 5 दिनों से तापमान बढ़ा:दोपहर में धूप करने लगी परेशान; किसानों ने फसल कटाई भी शुरू की

धार जिले में मौसम तेजी से बदल रहा है। ठंड की विदाई के साथ ही गर्मी ने दस्तक दे दी है। सुबह हल्की ठंड महसूस हो रही है, लेकिन दोपहर में तेज धूप और बढ़ते तापमान से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। होली के नजदीक आते ही ठंड का असर कम हो रहा है और गर्मी बढ़ रही है। रविवार सुबह जिले का न्यूनतम तापमान 17.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले चार-पांच दिनों से अधिकतम तापमान लगातार 32 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जो सामान्य से अधिक है। तेज धूप के कारण दोपहर में बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा छाने लगा है। लोग आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। राहगीर सिर ढककर और पानी की बोतल साथ लेकर चल रहे हैं। बढ़ती गर्मी से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अधिक परेशानी हो रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में इन दिनों गेहूं की कटाई जोरों पर है। खेतों में फसल कटने से वातावरण में नमी कम हो रही है, जिससे तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। किसान सुबह और शाम के समय ही खेतों में काम कर पा रहे हैं, जबकि दोपहर में तेज धूप के कारण उन्हें काम रोकना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, यह गर्मी की शुरुआती स्थिति है। आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है, जिससे भीषण गर्मी का दौर शुरू हो सकता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर में धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने, हल्का भोजन करने और आवश्यकता पड़ने पर ही बाहर निकलने की सलाह दी है। इस प्रकार, धार जिले में ठंड की विदाई और गर्मी का आगमन स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है, जिससे आने वाले दिनों में लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 9:41 am

झांसी में NCRMU ने जीता रेलवे इंस्टीट्यूट का चुनाव:दूसरी बार दर्ज की जीत, सभी यूनियन के समीकरण हो गए फेल

झांसी में सीनियर रेलवे इंस्टीट्यूट में चल रहे चुनाव का देर रात परिणाम घोषित कर दिया गया। चुनाव में एनसीआरएमयू ने सभी यूनियनों को पीछे छोड़ते हुए सभी पदों पर जीत दर्ज की। परिणाम सामने आते ही यूनियन पदाधिकारियों और समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई और देर रात तक जश्न का माहौल बना रहा।सीनियर रेलवे इंस्टीट्यूट झांसी में उपाध्यक्ष, सचिव व कोषाध्यक्ष के साथ 56 डेलिगेट पदों के लिए मतदान हुआ था। कुल 2809 मतदाताओं में से 2570 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।वहीं ग्वालियर रेल संस्थान में उपाध्यक्ष, सचिव व कोषाध्यक्ष समेत 5 डेलिगेट पदों के लिए 234 में से 222 मतदाताओं ने मतदान किया।इसके अलावा बांदा रेल संस्थान में भी उपाध्यक्ष, सचिव व कोषाध्यक्ष और 5 डेलिगेट पदों के लिए कुल 271 मत डाले गए।तीनों स्थानों पर शाम 5 बजे से मतगणना शुरू हुई। रात करीब 10:30 बजे तक चुनाव परिणाम की स्थिति स्पष्ट हो गई। लगातार बढ़त बनाए रखते हुए एनसीआरएमयू ने सभी रेल संगठनों को पछाड़ते हुए एक बार फिर अपनी मजबूत पकड़ साबित की।परिणाम घोषित होने के बाद विजयी प्रत्याशियों और समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। यूनियन पदाधिकारियों ने इसे कर्मचारियों के विश्वास और समर्थन की जीत बताते हुए कहा कि वे रेल कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए पूरी मजबूती से काम करते रहेंगे।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 9:39 am

अयोध्या की होली प्रेम, समरसता और सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक:पूर्व सांसद लल्लू सिंह बोले - मंदिरों में भक्ति-रस से सराबोर होली अलौकिक

भारतीय जनता पार्टी के पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने कहा कि अयोध्या की होली अदभुद है।भगवान श्रीराम और संतों के प्रेम और आशीर्वाद की यह होली सभी के लिए मंगलकारी है।भक्त यहां आकर श्रीराम की कृपा प्राप्त करें।और भगवान रामलला का आशीर्वाद लेकर अपना मंगल करें। उन्होंने अयोध्यावासियों सहित करोड़ों रामभक्तों को होली की हार्दिक बधाई दी है। कहा कि अब रामलला और राजा राम अपने दिव्य महल में विराजमान होकर भक्तों को आशीर्वाद दे रहे हैं। यह सब कुछ पीएम मोदी और सीएम योगी के प्रयास से ही 500 साल बाद संभव हो सका है। अब अयोध्या की होली आनंद, उमंग और आध्यात्मिक उल्लास का अद्वितीय संगम होती है। यहां रंगों का यह पावन पर्व केवल उत्सव नहीं, बल्कि प्रेम, समरसता और सांस्कृतिक परंपरा का जीवंत प्रतीक है।उन्होंने बताया कि अयोध्या में होली का शुभारंभ रंगभरी एकादशी से ही हो जाता है। इसी दिन से गलियों में अबीर-गुलाल उड़ने लगता है और श्रद्धालु एक-दूसरे से गले मिलकर शुभकामनाएं देते हैं। “यहां की होली में अपनापन झलकता है। लोग भेदभाव भूलकर प्रेम के रंग में रंग जाते हैं,” उन्होंने कहा। लल्लू सिंह ने उल्लेख किया कि वह स्वयं अयोध्या और फैजाबाद क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर आयोजित होली मिलन समारोहों में पहुंचकर लोगों के साथ उत्सव की खुशियां साझा करते हैं। उनकी प्राथमिकता रहती है कि जहां भी होली मिलन हो, वहां उपस्थित होकर जन-जन से मिलें। उन्होंने कहा कि अयोध्या संतों की नगरी है और यहां ठाकुर जी के साथ होली खेलने की परंपरा सदियों से चली आ रही है। मंदिरों में भक्ति-रस से सराबोर होली, फूलों और गुलाल की वर्षा, तथा भजन-कीर्तन की मधुर स्वर-लहरियां इस पर्व को अलौकिक बना देती हैं। “अयोध्या की होली अद्भुत है, इसमें प्रेम की पवित्रता और भक्ति की गहराई समाहित है,”पूर्व सांसद ने प्रदेशवासियों और देशवासियों, विशेषकर अयोध्यावासियों एवं सनातन धर्मावलंबियों से आह्वान किया कि वे इस पावन उत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लें और एक बार अयोध्या आकर यहां की दिव्य होली का आनंद अवश्य लें। अंत में उन्होंने सभी को सुख, समृद्धि और सौहार्द की कामना की।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 9:38 am

महू में कार ने बाइक सवारों को मारी टक्कर:4 लोग घायल, चालक हिरासत में; खुद को बता रहा आर्मी मेजर

महू-इंदौर रोड पर किशनगंज रेलवे ब्रिज के नीचे रविवार सुबह करीब 8 बजे सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार कार ने 4 से 5 बाइक सवारों को टक्कर मार दी, जिससे 4 लोग घायल हो गए। टक्कर के बाद कुछ बाइकें सड़क पर दूर तक घिसट गईं। प्रत्यक्षदर्शी बंटी के अनुसार, कार तेज गति में थी और चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक सवारों को टक्कर मारी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को महू के सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में ले लिया सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और कार चालक को हिरासत में ले लिया। कोतवाली पुलिस के मुताबिक, चालक खुद को आर्मी का मेजर बता रहा है। पुलिस उसके दस्तावेजों की जांच कर रही है और मामले की पड़ताल जारी है। हादसे के कारण कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर मार्ग को सुचारू किया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 9:38 am

अंबेडकरनगर में मामूली विवाद पर चली गोली, युवक घायल:पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लिया, पिस्टल बरामद

अंबेडकरनगर के शाहपुर फिरोजपुर गांव में शनिवार देर रात मामूली विवाद के बाद हुई मारपीट में एक युवक को गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद कर ली है। यह घटना जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के शाहपुर फिरोजपुर गांव में रात करीब 9:30 बजे हुई। जानकारी के अनुसार, गांव के लालू और टाइगर के बीच खाने-पीने के दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद जल्द ही बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान लालू ने पिस्टल निकालकर टाइगर पर गोली चला दी। गोली लगने से टाइगर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल टाइगर को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलालपुर ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। मुख्य आरोपी लालू, उसके भाई इंदल और दो अन्य सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद कर ली है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अजय प्रताप सिंह यादव ने बताया कि मामूली विवाद में गोली चलने की घटना सामने आई है। घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मुकदमा पंजीकृत कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी श्याम देव ने बताया कि शराब के नशे में पहले मारपीट हुई, फिर गोली चली जिसमें एक व्यक्ति घायल हुआ है। उन्होंने यह भी बताया कि घायल व्यक्ति का इलाज अस्पताल में चल रहा है और वह खतरे से बाहर है। पुलिस चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 9:35 am

बागपत के गुफा वाले मंदिर पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम:होली पर हजारों श्रद्धालुओं के लिए पुलिस प्रशासन अलर्ट, निगरानी जारी

बागपत के ऐतिहासिक गुफा वाले मंदिर में होली के अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो। मंदिर परिसर और मेले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। इसके साथ ही, सिविल ड्रेस में भी पुलिसकर्मी हर गतिविधि पर पैनी नजर रख रहे हैं। जनपद में श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही के लिए रूट डायवर्जन की व्यवस्था भी की गई है। सीओ विजय चौधरी ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। यह गुफा वाला मंदिर एक ऐतिहासिक स्थल है, जहां होली के मौके पर देश के कोने-कोने से हजारों भक्त पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। हर साल की तरह इस वर्ष भी यहां मेले का आयोजन किया गया है, जिसके कारण सुरक्षा व्यवस्था और भी महत्वपूर्ण हो जाती है।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 9:35 am

होली पर 3 मार्च 2026 को सार्वजनिक अवकाश घोषित:निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट के तहत उत्तर प्रदेश सरकार का निर्णय।

सरकार ने होली पर्व के अवसर पर 3 मार्च 2026 (मंगलवार) को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। यह निर्णय निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट, 1881 के तहत लिया गया है। सामान्य प्रशासन अनुभाग, उत्तर प्रदेश शासन द्वारा 17 नवंबर 2025 को जारी विज्ञप्ति में वर्ष 2026 के अवकाशों की सूची में 2 मार्च 2026 को होलिका दहन और 4 मार्च 2026 को होली के लिए राजपत्रित अवकाश घोषित किया गया था। जनभावनाओं और प्रशासनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए, 3 मार्च 2026 को भी सार्वजनिक अवकाश घोषित करने का निर्णय लिया गया। कानपुर देहात के जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशों के क्रम में, प्रमुख सचिव, सामान्य प्रशासन अनुभाग की 27 फरवरी 2026 की विज्ञप्ति में इस निर्णय की जानकारी दी गई। जनपद कानपुर देहात में, वर्ष 2026 के लिए घोषित अवकाशों की सूची में 3 मार्च 2026 को स्थानीय अवकाश के स्थान पर अब सार्वजनिक अवकाश माना जाएगा। इसके साथ ही, 17 नवंबर 2025 की पूर्व विज्ञप्ति को इस सीमा तक संशोधित समझा जाएगा। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 9:34 am

करनाल में 3 नशा तस्कर दबोचे, 3 किलो अफीम बरामद:रेलवे रोड पर पुलिस ने की नाकाबंदी; देसी पिस्तौल, 6 रौंद भी बरामद

करनाल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कार में सवार तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से एक कंट्री मेड अवैध पिस्टल, 3 किलो 800 ग्राम अफीम और 6 जिंदा राउंड बरामद किए गए हैं। बरामद अफीम की कीमत करीब 8 लाख रुपए आंकी जा रही है। पुलिस रविवार को आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेकर नेटवर्क की जानकारी जुटाएगी। डीएसपी संदीप कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक कार में कुछ लोग नशीला पदार्थ और अवैध हथियार लेकर घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीमें अलर्ट हो गईं। रेलवे रोड करनाल पर नाकाबंदी कर संदिग्ध कार को रुकवाया गया। तलाशी के दौरान गाड़ी में तीन लोग सवार मिले। जांच में उनके पास से एक देसी पिस्टल, 3.800 किलोग्राम अफीम और 6 जिंदा राउंड बरामद किए गए। तीनों आरोपी अलग-अलग राज्यों से पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में एक बिहार का रहने वाला है, दूसरा झारखंड का है, जबकि तीसरा आरोपी करनाल के गांव सौकड़ा का निवासी है, जिसने अपना नाम अर्शदीप बताया है। पुलिस यह जांच कर रही है कि यह खेप कहां सप्लाई की जानी थी और इनके पीछे कौन सा नेटवर्क सक्रिय है। कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी पुलिस डीएसपी संदीप कुमार ने बताया कि तीनों आरोपियों को रविवार को माननीय कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस उन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशीला पदार्थ कहां से लाया गया और आगे किसे देना था। उन्होंने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 9:34 am

भरतपुर में तेज रफ्तार कार से मचाया उत्पात:चाय के बूथ में मारी टक्कर, युवक गंभीर, पुलिस क्षतिग्रस्त कार को किया जब्त

भरतपुर के सेवर थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम तेज रफ्तार कार ने चाय के बूथ में टक्कर मार दी। चाय पी रहा एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। कार में चार युवक सवार थे, जिन्हें मौके पर मौजूद लोगों ने पकड़ लिया। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है। चाय पी रहा युवक आया कार की चपेट में घटना जगन्नाथ पहाड़िया मेडिकल कॉलेज के पास की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हरियाणा नंबर की कार अचानक तेज गति से आई और सीधे चाय के बूथ से टकरा गई। उस समय अनाह गेट निवासी शुभम (30) बूथ के बाहर खड़ा होकर चाय पी रहा था और कार की चपेट में आ गया। चाय के बूथ का सामान भी बिखरा टक्कर इतनी जोरदार थी कि बूथ का सामान सड़क पर बिखर गया। हादसे में शुभम को गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए चारों युवकों को पकड़ लिया और पुलिस व एम्बुलेंस को सूचना दी। बीजेपी कार्यकर्ता युवकों को साथ ले गया घायल शुभम के भाई हर्ष के अनुसार, घटना के कुछ ही देर बाद भाजपा कार्यकर्ता दौलत फौजदार मौके पर पहुंचे और चारों युवकों को अपनी कार में बैठाकर वहां से ले गए। इधर, पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है। शुभम की हालत गंभीर होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 9:33 am

जमीन में दबाकर छुपाया डोडा-पोस्त बरामद:तलाशी के दौरान ताजा खुदाई से हुआ शक, एक तस्कर गिरफ्तार

बालोतरा जिले के बायतु थाना पुलिस ने जमीन में दबाकर छुपाया गया डोडा-पोस्त बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान पशुबाड़े के पास ताजा खुदाई के निशान देखकर पुलिस को संदेह हुआ, जिसके बाद कार्रवाई में 21.100 किलोग्राम अवैध डोडा-पोस्त जब्त किया गया। थानाधिकारी डॉ. मनोहर विश्नोई ने बताया - सूचना मिली थी कि मोराला कोलू निवासी नैनाराम पुत्र विशनाराम अपने खेत में बने पशुबाड़े के पास डोडा-पोस्त छिपाकर रखे हुए है। सूचना के आधार पर डीएसटी इंचार्ज आईदानराम के साथ पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। तलाशी के दौरान पशुबाड़े के निकट ताजी खुदाई के निशान दिखाई दिए। संदेह होने पर फावड़े से रेत हटाई गई तो गड्ढे में दबा काले रंग का प्लास्टिक कट्टा मिला। वजन करने पर उसमें 21 किलो 100 ग्राम डोडा-पोस्त पाया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे की जांच गिड़ा थानाधिकारी दलपतसिंह कर रहे हैं।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 9:31 am

हरियाणा में बोर्ड परीक्षाओं में 77 नकलची पकड़े:पेपर आउट होने पर रद्द किया गया, कल 88 हजार 426 परीक्षार्थी देंगे एग्जाम

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH) द्वारा आयोजित बोर्ड (10वीं व 12वीं) परीक्षाओं में अभी तक हुए 4 एग्जाम में कुल 77 नकलची पकड़े जा चुके हैं। 10 से ज्यादा पर्यवेक्षकों को कार्यभार मुक्त किया जा चुका है। परीक्षा को नकल रहित करवाने के लिए बोर्ड द्वारा दावे किए जा रहे हैं और 320 उड़नदस्ते नियुक्त किए गए हैं। सेकेंडरी व सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक/मुक्त विद्यालय) की वार्षिक परीक्षाओं में प्रदेशभर में करीब 1431 परीक्षा केंद्रों पर लगभग 5 लाख 66 हजार 411 परीक्षार्थी प्रविष्ठ हो रहे हैं। जिसमें 2 लाख 96 हजार 593 लड़के व 2 लाख 69 हजार 818 लड़कियां शामिल हैं। 2 मार्च को 88 हजार 426 परीक्षार्थी देंगे एग्जामअब अगली परीक्षा 2 मार्च को होगी। सोमवार को 1162 परीक्षा केंद्रों पर संचालित होने वाली सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक/मुक्त विद्यालय) की भौतिक विज्ञान व अर्थशास्त्र एवं डीएलएड द्वितीय वर्ष रि-अपीयर विषय की परीक्षा में 88 हजार 426 परीक्षार्थी प्रविष्ट होंगे। सभी केंद्र अधीक्षक उनके केंद्र की प्रतिदिन की अनुपस्थिति व यूएमसी रिपोर्ट ऑनलाइन लिंक के माध्यम से भेजना होगा। कब कितने मामले सामने आए 25 फरवरी: सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक/मुक्त विद्यालय) अंग्रेजी एवं डीएलएड द्वितीय वर्ष रि-अपीयर की परीक्षा में सेंटर पर नकल के 17 मामले पकड़े गए तथा 2 पर्यवेक्षकों को कार्यभार मुक्त कर दिया है। 26 फरवरी: सेकेंडरी (शैक्षिक/मुक्त विद्यालय) गणित विषय की परीक्षा में अनुचित साधन के 10 केस दर्ज हुए। जिला चरखी दादरी के रानीला परीक्षा केंद्र पर पेपर आउट करने वाले परीक्षार्थियों व पर्यवेक्षकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई गई है। 27 फरवरी: सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक/मुक्त विद्यालय) एवं डीएलएड द्वितीय वर्ष (रि-अपीयर) की परीक्षा में प्रदेशभर में कुछ परीक्षा केंद्रों पर अनुचित साधन प्रयोग के 36 मामले दर्ज किए गए तथा ड्यूटी में कौताही बरतने पर 4 पर्यवेक्षकों को कार्यभार मुक्त किया गया। 28 फरवरी: सेकेंडरी (शैक्षिक/मुक्त विद्यालय) हिंदी एवं डीएलएड प्रथम वर्ष (रि-अपीयर) की परीक्षा में प्रदेशभर में कुल 14 अनुचित साधन के केस दर्ज किए तथा 4 पर्यवेक्षकों को परीक्षा ड्यूटी से कार्यभार मुक्त किया गया। 320 फ्लाइंग टीमों का गठित परीक्षा केंद्रों के औचक निरीक्षण के लिए 320 फ्लाइंग टीमों का गठन किया है। जिसमें 22 जिला प्रश्न पत्र फ्लाइंग टीम, 48 उप-मंडल प्रश्र पत्र फ्लाइंग टीम, 21 रैपिड एक्शन फोर्स, 21 एसटीएफ, संग्रहण केंद्र के 22 फ्लाइंग टीम एवं 2 नियंत्रण कक्ष फ्लाइंग टीम गठित की गई है। इसके अतिरिक्त डीसी की 22 फ्लाइंग टीम, उप-मंडल अधिकारी (ना.) की 69 फ्लाइंग टीम, जिला शिक्षा अधिकारी की 22 फ्लाइंग टीम व अध्यक्ष की 22 विशेष टीम, उपाध्यक्ष की 22 विशेष फ्लाइंग टीम व सचिव के 22 विशेष फ्लाइंग टीम एवं उप-सचिव (संचालन) व सहायक सचिव (संचालन) के फ्लाइंग टीम भी गठित किए हैं। जोकि परीक्षा केंद्रों पर पैनी निगाहें बनाए रखेंगे।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 9:29 am

पत्नी के बाहर जाने पर महिला से करता था रेप:डरा-धमकाकर 08 महीने में कई बार की ज्यादती

शहर में एक महिला के साथ दुष्कर्म, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता ने थाने में रिपोर्ट देकर आरोपी व उसकी सहयोगी महिला के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू की है। पाली शहर के औद्योगिक थाने में दी रिपोर्ट में पीड़िता ने बताया कि जनवरी 2025 में वह एक व्यक्ति के यहां अकाउंट व कागजी कार्यवाही के लिए नौकरी पर लगी थी। जून में किया रेप, अश्लील-फोटो वीडियो बनाएंआरोप है कि मई 2025 तक उसका व्यवहार सामान्य रहा, लेकिन जून 2025 के प्रथम सप्ताह में आरोपी ने उसे ऑफिस बुलाकर चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और जबरन दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपी ने उसके अश्लील फोटो व वीडियो भी बना लिए और सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उसे चुप रहने के लिए मजबूर किया। पत्नी के बाहर जाने पर करता था रेपपीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी आए दिन अपनी पत्नी के घर से बाहर रहने पर उसे बुलाकर दुष्कर्म करता रहा। एक फार्म हाउस पर भी ले जाता था, जहां उसकी सहयोगी महिला पहरा देती और आरोपी दुष्कर्म करता। डर और बदनामी के कारण पीड़िता लंबे समय तक शिकायत नहीं कर सकी। फरवरी 2026 से ऑफिस जाना किया बंदरिपोर्ट में बताया कि बार-बार हो रही ज्यादती के चलते उसने 23 फरवरी 2026 से ऑफिस जाना बंद कर दिया, इसके बाद भी आरोपी लगातार फोन व व्हाट्सएप संदेश भेजकर दबाव बनाता रहा। 26 फरवरी 2026 को आरोपी जबरन उसके घर में घुस आया और छेड़छाड़ की। शोर मचाने पर पीड़िता की मां मौके पर पहुंची और बीच-बचाव किया। जाते समय आरोपी ने पुलिस में शिकायत करने पर बदनाम करने की धमकी दी। पीड़िता ने बताया कि घर के बाहर लगे CCTV कैमरों में आरोपी की आवाजाही रिकॉर्ड है। उसने मेडिकल जांच कराने की मांग करते हुए आरोपी व उसकी सहयोगी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू की।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 9:29 am

शाजापुर में NH पर लोडिंग वाहन डिवाइडर से टकराया:दो लोग घायल; आगरा से इंदौर जा रहा आयशर क्षतिग्रस्त

शाजापुर में नेशनल हाईवे 52 पर रविवार सुबह करीब 5 बजे एक सड़क हादसा हो गया। कोतवाली थाना क्षेत्र के भरड़ जोड़ के पास पुल पर आगरा से इंदौर की ओर जा रहा एक लोडिंग आयशर वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। इस दुर्घटना में वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। डायल 112 के पायलट राजेंद्र सिकरवार और प्रधान आरक्षक अशोक ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। घायलों की पहचान अनिल कुमार (36) पिता हरिसिंह निवासी आगरा और कांताप्रसाद (28) पिता सुंदर सिंह के रूप में हुई है। दोनों का इलाज शाजापुर जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में वाहन का अनियंत्रित होना ही हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 9:28 am

चोरी के शक में 12 साल के बच्चे की पिटाई:करनाल में सिर मुंडवाया, बाथरुम में बंद रखा, दुकानदार बोला- मुझसे गलती हुई

करनाल के मॉडल टाउन इलाके में एक 12 साल के नाबालिग बच्चे को चोरी के शक में दुकानदार द्वारा पीटने और उसका सिर मुंडवाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद बच्चे की मां ने सेक्टर-13 चौकी पुलिस में शिकायत दी। पुलिस ने मामला संबंधित क्षेत्र होने के कारण मॉडल टाउन चौकी को सौंप दिया है। शिकायत में मारपीट, बाथरूम में बंद करने और जबरन बाल कटवाने के आरोप लगाए गए हैं। जानकारी के अनुसार, मॉडल टाउन में एक महिला किरयाना की दुकान पर काम करती है। शनिवार को उसकी तबीयत खराब थी, इसलिए वह काम पर नहीं जा सकी। आरोप है कि दुकानदार ने उसकी जगह उसके 12 साल के बेटे को दुकान पर काम करने के लिए बुला लिया। दुकानदार का आरोप है कि बच्चे ने दुकान के अंदर चोरी की। इसी बात पर उसे गुस्सा आया और उसने बच्चे की पिटाई कर दी। बाद में उसका सिर भी मुंडवा दिया गया। दुकानदार बोला- मुझसे गलती हुई घटना के बाद दुकानदार ने माना कि उससे गलती हुई है। उसका कहना है कि बच्चे ने चोरी की थी और पकड़े जाने पर गंदी गालियां दीं। इसी वजह से गुस्से में आकर उसने मारपीट की और सिर मुंडवा दिया। दुकानदार ने कहा कि वह ऐसा नहीं करना चाहता था और अब वह माफी मांगता है। बच्चे का आरोप-जबरन ले गए, बाथरूम में बंद किया पीड़ित बच्चे ने बताया कि उसकी मां दुकान पर काम करती है, लेकिन मां की तबीयत खराब थी। वह खुद काम पर नहीं जाना चाहता था, फिर भी दुकानदार उसे जबरन दुकान पर ले गया। बच्चे का आरोप है कि दुकान के अंदर उस पर चोरी का इल्जाम लगाया गया। दुकानदार और वहां काम करने वाले अन्य नौकरों ने भी उसे पीटा। उसे बाथरूम में बंद कर दिया गया और बाद में उसका सिर मुंडवा दिया गया। मां बोली-पैरों में गिरकर बच्चा छुड़ाया बच्चे की मां ने आरोप लगाया कि दुकानदार उसके बेटे को जबरन दुकान पर ले गया और वहां मारपीट की। इतना ही नहीं, उसे बाथरूम में भी बंद रखा गया। मां का कहना है कि जब उसे घटना का पता चला तो वह दुकानदार के पास गई और उसके पैरों में गिरकर गिड़गिड़ाई। काफी देर बाद उसे उसका बेटा वापस दिया गया। मां ने कहा कि अगर बच्चे ने कोई गलती की थी तो उसे बताया जाना चाहिए था। बच्चे के साथ मारपीट करने और गंजा करवाने का कोई हक किसी को नहीं है। पुलिस ने शुरू की जांच सेक्टर-13 चौकी में सब इंस्पेक्टर सुंदर सिंह ने बताया कि एक महिला ने दुकानदार के खिलाफ शिकायत दी है। आरोप है कि बच्चे के साथ मारपीट की गई और उसका सिर मुंडवाया गया। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र मॉडल टाउन चौकी के अधीन आता है, इसलिए आगे की जांच वहीं की जाएगी। पुलिस ने परिवार को भरोसा दिलाया है कि जांच के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 9:28 am

मशीनों से खेलने वाली होली पहुंचा सकती है अस्पताल:एक्सपर्ट ने दी सावधानी बरतने की सलाह, स्वांस रोगियों के लिए बड़ा खतरा

होली का पर्व शहर में धूमधाम से मनाया जाएगा। इस पर्व पर शहर में भी लोग गए दूसरे को रंग और गुलाल लगाकर होली खेलेंगे। होली के मौके रंग और गुलाल की दुकानें सज चुकी है, लेकिन खास बात यह है कि यदि आप घटिया क्वालिटी का रंग और गुलाल यूज करते हैं तो यह सिर्फ आपकी स्किन और आंखों को ही नहीं बल्कि फेफड़ों तक को नुकसान पहुंचा सकते हैं। ऐसा हम नहीं बल्कि एक्सपर्ट खुद कह रहे हैं। क्योंकि इन दिनों मशीनों से होली खेलने का क्रेज बढ़ रहा है। जिसमें गुलाल को महीन पाउडर के तौर पर मिक्स कर उड़ाया जाता है तो फेफड़ों तक पहुंचता है। इसके चलते आगे चलकर बड़ी समस्या भी उत्पन हो सकती है। ऐसे में एक्सपर्ट ने इस होली को पारम्परिक तरीके और सावधानीपूर्वक खेलने की सलाह दी है। कमला नेहरू नगर चेस्ट एंड टीबी हॉस्पिटल के अधीक्षक डॉक्टर सीआर चौधरी ने बताया कि जोधपुर में होली के मौके पर लोग एक दूसरे को रंग और गुलाल लगाकर होली खेलते हैं। होली के कलर के कई तरह के साईड इफैक्ट है।, लेकिन इसकी मिस्ट बनाकर पाउडर बनाकर जो स्प्रे मशीन के जरीए किया जाता है ऐसे में उसके जो महीन कण होते हैं वो उड़कर फैफड़ों के अंदर चले जाते हैं। खासतौर पर अस्थमा, स्वांस रोगियों के लिए तो यह गंभीर खतरा है, लेकिन आम नागरिकों को भी इसमें सावधानी बरतनी चाहिए। क्योंकि कई बार देखा गया है कि गुलाल से लेकर कलर भी बाजार में केमिकल वाले मिलते हैं। इसलिए सभी से अपील है कि सही तरीके से होली खेलें जिससे किसी भी प्रकार का साइड इफैक्ट नहीं हो। आई एक्सपर्ट भी बोले एमडीएम हॉस्पिटल के डॉक्टर अरविंद चौहान के मुताबिक नकली गुलाल आंखों को नुकसान पहुंचाता है। बाजार में कई बार केमिकल वाले रंग से होली खेलने के दौरान कलर आंखों में चला जाता है जो काफी नुकसान पहुंचाता है।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 9:28 am

दुबई-अबुधाबी में फंसे कोटा के 3 स्टूडेंट्स:बोले चारों तरफ मिसाइल के धमाके हो रहे, दुबई एयरपोर्ट बंद

इजराइल और अमरीका के ईरान पर हमला करने के बाद युद्ध के हालात के कारण कोटा के तीन स्टूडेंट्स दुबई-अबुधाबी में फंस गए हैं। ईरान ने इजराइल के अलावा कतर, यूएई, जॉर्डन सहित मिडिल ईस्ट के कई देशों पर हमला किया है, जिससे वहां हवाई सेवा बंद कर दी गई। कोटा निवासी कॉलोनाइजर राजकुमार जैन के बेटे सिद्धार्थ जैन सहित 3 स्टूडेंट्स दुबई में फंसे हुए हैं। उनके साथ सीकर व दिल्ली के 4 और स्टूडेंट्स भी हैं। स्टूडेंट्स के परिजन परेशान है। उनका कहना है कि सरकार उनके बच्चों को जल्दी से जल्दी वहां से निकाले। दुबई में फंसे सिद्धार्थ से फोन पर बात की। उन्होंने बताया कि वे दुबई के एकेडमी एजुकेशनल जोन में हैं और एक हॉस्टल में ठहरे हुए हैं। उनके हॉस्टल के पास ही मिसाइल से हमला हुआ है। कोटा निवासी तान्या शर्मा कनाडा से भारत आते समय अबुधाबी में फंस गई। एयरलाइन ने फिलहाल उन्हें होटल में शिफ्ट किया है, लेकिन कई फ्लाइट्स दुबई में अटक जाने के कारण अव्यवस्था की स्थिति है और यात्री परेशान हो रहे हैं। उनका कहना है कि सरकार जल्दी बाहर निकाले। चेक-इन किया था, तभी विस्फोट हुआ और एयरपोर्ट बंद कर दियाःसिद्धार्थ ने दुबई से दोस्त के साथ फोटो और वीडियो भेजा। उसने बताया, 'जहां हम ठहरे हुए हैं। वहां थोड़ी-थोड़ी देर में धमाके हो रहे हैं। बिल्डिंग के ऊपर से मिसाइल गुजर रही हैं। हर मिसाइल की आवाज सुन कर सहम जाते हैं। हम सभी काफी दहशत में हैं। कुछ लोग यहां से पास ही स्थित शारजहां शहर की तरफ जाने की तैयारी कर रहे हैं।' दूसरी ओर, तान्या ने बताया, 'मैंने कनाडा में पढ़ाई की और अब वहीं जॉब कर रही हूं। शनिवार को भारत आ रही थी। मेरी अबुधाबी से मुंबई की कनेक्टिंग फ्लाइट थी। कनाड़ा से अबुधाबी पहुंच गई और मुंबई की फ्लाइट के लिए चेक-इन भी कर लिया था। तभी एक विस्फोट हुआ और अफरा-तफरी मच गई। एयरपोर्ट बंद कर दिया और तुरंत ही आर्मी पहुंच गई। पूरा एयरपोर्ट खाली करा दिया और हमें होटल शिफ्ट कर दिया। परिजनों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मदद की गुहार की है। दुबई में फंसे सिद्धार्थ के पिता ने बताया कि उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष और केंद्र सरकार से मदद मांगी है। बच्चों की डिटेल मांगी गई थी, जो भेज दी है। लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने कहा कि वे लगातार बच्चों के सम्पर्क बना हुए हैं। जैसे ही कोई इंतजाम होगा, उन्हें तत्काल भारत ले जाएंगे। उधर, तान्या जब एयरपोर्ट पहुंची तो वहां मिसाइल से हमला हुआ। वह कई घंटे एयरपोर्ट पर पंसी रही। उसके परिजन परेशान है। उन्होंने तान्या से बात की है।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 9:27 am

ANTF ने एक दिन में पकड़ी दो 2 MD फैक्ट्री:पूरा सेटअप खेत में छिपाया, फसल के बीच से 20 किलो केमिकल बरामद

जालोर एएनटीएफ चौकी ने गावड़ी गांव में एक ही दिन में एमडी (मेथामफेटामिन) बनाने की दो अवैध फैक्ट्रियों का भंडाफोड़ किया। पहली कार्रवाई में आधुनिक सेटअप, केमिकल और उपकरण बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पहली रेड की सूचना मिलते ही दूसरी फैक्ट्री संचालक ने अपना पूरा सेटअप हटाकर खेत में फसल के बीच छिपा दिया और फरार हो गया। टीम ने पहली कार्रवाई पूरी करने के बाद दूसरे ठिकाने पर दबिश दी। वहां कुछ नहीं मिलने पर आसपास तलाश की गई तो खेत में छिपाए गए केमिकल और उपकरण बरामद हुए। मौके से करीब 20 किलो एमडी बनाने योग्य केमिकल और फैक्ट्री का सामान जब्त किया गया। इस मामले में गावड़ी निवासी अचलाराम पुत्र आसूराम देवासी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। उल्लेखनीय है कि इस तरह की कार्रवाई पहले पड़ोसी जिले बाड़मेर के सेड़वा क्षेत्र में भी हो चुकी है। कबाड़ी से मिला सुराग, बदली लोकेशन से खुला राज जांच में सामने आया कि हाल ही में पकड़ी गई एक फैक्ट्री अपनी लोकेशन बदलने की तैयारी में थी। एएनटीएफ को बागोड़ा क्षेत्र में फैक्ट्री होने की सूचना थी, लेकिन 15 दिन की तलाश के बावजूद सटीक स्थान नहीं मिल पाया। कबाड़ियों से पूछताछ के दौरान पता चला कि एक व्यक्ति खाली ड्रम मुफ्त में दे रहा है। इसी सुराग के आधार पर टीम फैक्ट्री तक पहुंची। कार्रवाई से बचने के लिए संचालक ओमप्रकाश ने पुरानी जगह खाली कर सहयोगी दीपाराम के कृषि कुएं पर नया सेटअप तैयार किया था, लेकिन उत्पादन शुरू होने से पहले ही टीम ने उसे पकड़ लिया। डोडा तस्करी छोड़ एमडी निर्माण की ओर रुझान पिछले छह माह में एएनटीएफ ने जालोर, बाड़मेर, जोधपुर और सिरोही जिलों में 12 अवैध एमडी फैक्ट्रियां पकड़ी हैं। जांच में सामने आया कि अधिकांश आरोपी पहले डोडा चूरा तस्करी से जुड़े थे। डोडा तस्करी में अधिक जोखिम और सीमित मुनाफा होने के कारण अब तस्कर एमडी निर्माण की ओर रुख कर रहे हैं। एमडी फैक्ट्री कम खर्च में स्थापित हो जाती है और तैयार माल छोटे पैकेटों में होने से परिवहन आसान रहता है। केमिकल भी आसानी से उपलब्ध हो जाते हैं। बताया जा रहा है कि इस धंधे में 5 से 10 गुना तक मुनाफा होता है और मारवाड़ सहित गुजरात व अन्य राज्यों तक इसकी सप्लाई की जाती है। फिलहाल एएनटीएफ फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जांच की जा रही है।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 9:26 am

सीधी में 3 मार्च शाम 6:48 के बाद रंगोत्सव शुभ:पंडित ने होली का मुहूर्त स्पष्ट किया; बोले-चंद्र ग्रहण सूतक में मांगलिक कार्य वर्जित

सीधी और रीवा जिलों में होली को लेकर उत्साह चरम पर है। बाजारों में अबीर-गुलाल, पिचकारी और रंगों की खरीदारी तेज हो चुकी है। इसी बीच, ज्योतिषीय गणनाओं के आधार पर पंडितों ने होली के शुभ मुहूर्त को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है, जिससे तिथि और समय को लेकर बनी असमंजस की स्थिति काफी हद तक साफ हो गई है। प्रख्यात ज्योतिषाचार्य पंडित विनय प्रसाद शास्त्री ने बताया कि इस साल होली खेलने का शुभ समय 3 मार्च की शाम 6:48 बजे के बाद ही माना जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि होलिका दहन से जुड़ी पूर्णिमा तिथि 2 मार्च की शाम 6 बजे से प्रारंभ होकर रात 12:50 बजे तक प्रभावी रहेगी। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, “ॐ होलिकायै नमः” मंत्र के जप के साथ विधिवत होलिका दहन करना शुभ फलदायी रहेगा। पंडित बोले-चंद्र ग्रहण सूतक में मांगलिक कार्य वर्जित पंडित शास्त्री ने आगे कहा कि 3 मार्च को चंद्र ग्रहण का सूतक सुबह 9:18 बजे से प्रारंभ हो जाएगा। ग्रहण का दृश्य प्रभाव शाम 6:00 बजे से दिखेगा और इसका मोक्ष शाम 6:48 बजे तक होगा। उन्होंने समझाया कि सूतक काल और ग्रहण अवधि के दौरान किसी भी प्रकार के मांगलिक कार्य या उत्सव से बचना चाहिए। इसी कारण, रंग-अबीर और गुलाल का प्रयोग ग्रहण मोक्ष के बाद ही पावन माना जाएगा। ज्योतिषीय दृष्टिकोण से यह समय विशेष सावधानी का संकेत देता है। पंडित शास्त्री के अनुसार, ग्रहण समाप्ति के बाद ही रंगोत्सव करना धार्मिक दृष्टि से उचित है। 4 मार्च को होली खेलना माना जाएगा शुभ इसलिए, अधिकांश लोग 3 मार्च की रात के बजाय अगले दिन, यानी 4 मार्च को होली खेलना अधिक शुभ मानेंगे। स्थानीय निवासी राम प्रसाद यादव ने बताया कि गांवों में होली का सामाजिक स्वरूप आज भी बेहद जीवंत है, जहां सभी लोग एक साथ जुटते हैं और गिले-शिकवे भूलकर एक-दूसरे को रंग लगाते हैं।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 9:26 am

मऊ में आज होगी बिजली कटौती:पोल और ट्रांसफॉर्मर लगाए जाने का काम किया जाएगा, कई फीडर 4 घंटे प्रभावित रहेंगे

मऊ में 01 मार्च 2026 (रविवार) को कई क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह कटौती सुबह 11:00 बजे से दोपहर 03:00 बजे तक, कुल चार घंटे के लिए होगी। इसका कारण विद्युतीकरण कार्य के तहत पोल और ट्रांसफार्मर विस्थापन तथा नई 11 केवी लाइन का निर्माण है। यह कार्य निविदा संख्या 118/EDC/(M)/2023-24 के अंतर्गत सेतु निगम के संरेखण में किया जा रहा है। इस निर्माण कार्य से 33/11 केवी ओल्ड न्यू पावर हाउस और ओल्ड पावर हाउस के अंतर्गत आने वाले कुछ फीडरों की विद्युत आपूर्ति प्रभावित होगी। प्रभावित होने वाले फीडरों में फीडर नंबर-06, फीडर नंबर-03 और महिला फीडर शामिल हैं। जिन क्षेत्रों में बिजली गुल रहेगी, उनमें निजामुद्दीनपुरा, अंधा मोड़, बलिया मोड़, ख़्वाजा जहाँपुर, ऑफिसर्स कॉलोनी, अम्बेडकरनगर भीटी, हट्टी मदारी और सदर चौक प्रमुख हैं। अघोरेश्वर कृपा कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रोपराइटर ने बताया कि सुचारु विद्युतीकरण और नई लाइनों के सुदृढ़ीकरण के लिए यह कार्य आवश्यक है। संबंधित क्षेत्रों के उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे इस समयावधि से पूर्व अपने आवश्यक कार्य पूर्ण कर लें। कार्य पूर्ण होते ही विद्युत आपूर्ति यथाशीघ्र बहाल कर दी जाएगी।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 9:25 am

करनाल में डंपर ने थार समेत 3 गाड़ियां ठोंकी:ओवरहाइट तूड़ा ट्राली की वजह से रुके थे वाहन; ड्राइवर नहीं कर सका कंट्रोल

करनाल में स्टेट हाईवे पर शनिवार को एक तेज रफ्तार डंपर ने सड़क पर खड़ी तीन गाड़ियों को टक्कर मार दी। हाईवे पर ओवरहाइट तुड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्राली के कारण वाहन रुके हुए थे। इसी दौरान पीछे से आए डंपर ने कार, थार और लोडिंग फोर व्हीलर को अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत रही कि हादसे में किसी को चोट नहीं आई। ओवरलोड ट्राली बनी हादसे की वजह प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खेत से एक ट्रैक्टर-ट्राली ओवरलोड और ओवरहाइट तुड़ी लेकर हाईवे पर चढ़ रही थी। ट्राली के साथ अन्य ट्रैक्टर भी टोचन किए हुए थे, जिससे सड़क पर चल रहे वाहन रुक गए। इसी बीच पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे डंपर चालक ने नियंत्रण खो दिया और खड़ी गाड़ियों में जा टकराया। तीन वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक कार, एक थार और एक लोडिंग फोर व्हीलर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। कार का अगला और पिछला हिस्सा टूट गया, जबकि लोडिंग फोर व्हीलर डिवाइडर पर चढ़ गया। थार को भी भारी नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और स्थिति देखने लगे। ट्रैक्टर चालक फरार, हाईवे पर लगा जाम घटना के तुरंत बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। लोगों का कहना है कि अगर ट्राली ओवरलोड और ओवरहाइट न होती तो वाहन सड़क पर नहीं रुकते और यह हादसा टल सकता था। दुर्घटना के बाद हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने हटवाए वाहन, यातायात बहाल सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु करवाया। जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर चंद्रभान ने बताया कि हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 9:25 am

गर्लफ्रेंड की मौत के बाद प्रेमी का सुसाइड:लिखा- मेरी जान ही नहीं रही तो जी के क्या करूंगा; सुलतानपुर में साथ दफनाए गए

यूपी के सुलतानपुर में गर्लफ्रेंड की मौत के बाद प्रेमी ने सुसाइड कर लिया। दोनों 3 साल से रिलेशन में थे। गर्लफ्रेंड की 25 फरवरी की दोपहर सड़क हादसे में मौत हो गई थी। खबर सुनते ही युवक का दिल टूट गया। उसे आखिरी बार देखने घर पहुंचा। पता चला कि उसे दफना दिया गया है। युवक सीधे कब्रिस्तान पहुंचा। कब्र खोदने लगा। वहां मौजूद लोगों ने रोका तो वह वहां से चला गया। फिर वापस नहीं लौटा। दो दिन बाद यानी 28 फरवरी को उसका शव एक बाग में फांसी पर लटकता मिला। परिजनों ने उसे गर्लफ्रेंड की कब्र के पास ही दफना दिया। इस बीच, युवक के सुसाइड से पहले का इंस्टाग्राम पोस्ट सामने आया। इसमें लिखा था- हेलो भाई... ये मेरा आखिरी वीडियो है। जब मेरी जान ही इस दुनिया में नहीं रही तो मैं जी के क्या करूंगा। मुझे माफ करना भाई लोग, बाय। मामला लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के भागीरथ पट्टी, घाटमपुर उत्तरी गांव का है। अब सिलसिलेवार तरीके से पूरा मामला समझिए… घाटमपुर का रहने वाला विनीत (25) तीन भाइयों में सबसे छोटा था। चौथी कक्षा तक पढ़ा था। उसके पिता की मृत्यु 5 साल पहले हो चुकी है। एक कपड़े की दुकान में काम करता था। यहीं पर एक लड़की अर्पिता भी काम करती थी। दोनों एक दूसरे को पसंद करते थे। धीरे-धीरे दोनों में प्यार हो गया। विनीत के भाई स्वामित्त ने बताया कि 25 फरवरी को एक सड़क हादसे में अर्पिता मौत हो गई थी। वह अपने भाई के साथ बाजार गई थी, जहां एक कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी थी। भाई ने बताया- अगले दिन अर्पिता की मौत की जानकारी जब विनीत को लगी तो वह सदमे में आ गया। वह आखिरी बार अर्पिता को देखने उसके घर गया। वहां पर वह रोते-रोते बेहोश हो गया। फिर हम उसे घर वापस ले आए। विनीत की भाभी काजल ने बताया- अर्पिता की मौत के बाद से विनीत बहुत परेशान था। खाना-पीना छोड़ दिया। किसी से बात नहीं कर रहा था। शाम को दोबारा वहां गया। पता चला कि उसे दफना दिया गया है। इसके बाद वह अर्पिता की कब्र पर गया। उसकी कब्र खोदने लगा। उन्होंने बताया कि लोगों ने उसे रोका तो वह भाग गया। फिर वापस नहीं लौटा। उसे काफी खोजा गया, लेकिन मिला नहीं। इसके बाद थाने में विनीत की गुमशुदगी दर्ज कराई गई। पुलिस को विनीत की लोकेशन एक बाग में मिलीपुलिस उसे दो दिन तक ढूंढती रही, लेकिन वह मिला नहीं। फिर विनीत का फोन ट्रेस हुआ। उसकी लोकेशन गांव से ही 8 किमी दूर एक बाग में मिली। जब परिजन और पुलिस वहां पहुंचे तो विनीत का शव फंदे से लटकते मिला। पुलिस को जेब से एक प्रेम पत्र मिलापुलिस ने शव को नीचे उतारा और आसपास जांच की पुलिस को एक प्रेम पत्र भी उसकी जेब से मिला। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। शनिवार शाम को पोस्टमॉर्टम के बाद शव घर आया और परिजनों उसके शव को अर्पिता की कब्र के बगल में ही दफना दिया। -------------------- पढ़ें पूरी खबर… झांसी में भाभी को चाकू मारकर न्यूड भागा प्रेमी देवर...VIDEO:300 मीटर दूर पेड़ से लटककर जान दी, ब्रेकअप से नाराज था झांसी में भाभी पर प्रेमी देवर ने जानलेवा हमला कर दिया। उसने चाकू से पेट और गले पर वार किए। सीना फाड़ दिया। उसकी आतें बाहर आ गईं। इसके बाद आरोपी न्यूड अवस्था में लंगड़ाते हुए भागा और 300 मीटर दूर जाकर पेड़ से लटककर जान दे दी। पढ़ें पूरी खबर…

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 9:25 am

4 हजार का इनामी NDPS एक्ट का आरोपी गिरफ्तार:दमोह का मनीष प्रधान ढाई साल से फरार, पनागर पुलिस ने दबोचा

पनागर पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे एक इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 4,000 रुपए का इनाम घोषित था। उसे शनिवार शाम को सटीक सूचना के आधार पर पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दमोह जिले के जबेरा निवासी मनीष प्रधान के रूप में हुई है। मनीष पनागर थाने में साल 2024 में दर्ज NDPS एक्ट के एक गंभीर मामले में मुख्य आरोपी था। घटना के बाद से ही वह लगातार फरार चल रहा था। पुलिस जांच में सामने आया है कि मनीष प्रधान एक आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ पहले भी NDPS एक्ट के तहत चार अन्य मामले दर्ज हैं। पुलिस अधिकारी विपिन ताम्रकार के अनुसार, आरोपी पिछले लगभग ढाई साल से कानून की गिरफ्त से बचने का प्रयास कर रहा था। फिलहाल, मनीष प्रधान पुलिस रिमांड में है। पुलिस उससे सख्ती से पूछताछ कर रही है ताकि नशीले पदार्थों के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य अपराधियों और उनके स्रोतों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई जा सके।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 9:22 am

होलिका दहन के लिए लखनऊ नगर निगम बेच रहा लट्ठे:देसी गाय के गोबर से बनाए गए, 200 से ज्यादा खरीदेंगे तो होम डिलीवरी फ्री

होली के मौके पर नगर निगम लखनऊ की तरफ से होलिका दहन के लिए देसी गाय के गोबर से लट्ठे तैयार किए गए हैं। नगर निगम इसकी ऑनलाइन शॉपिंग करने के साथ में ऑफलाइन तरीके से भी इसे बेच रहा है। अगर कोई 200 से ज्यादा लट्ठे खरीदता है तो उसके लिए फ्री में होम डिलीवरी की जाएगी। पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा के अनुसार देसी गाय के गोबर से बने लट्ठों के दहन से वातावरण शुद्ध-पवित्र होता है। प्रदूषण में कमी आती है। पारंपरिक मान्यताओं के अनुसार गोबर से किया गया होलिका दहन सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। पर्यावरण को नुकसान भी कम पहुंचाता है। 3 तस्वीरें… 5 रुपए से शुरू है लट्ठों के दाम लोग देसी गाय के गोबर से तैयार लट्ठे मात्र 5 रुपए प्रति लट्ठे की दर से खरीद सकते हैं। 200 रुपए से अधिक खरीद पर निशुल्क होम डिलीवरी की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके लिए सोनू सिंह से मोबाइल नंबर 9140876200 और 9451149355 पर संपर्क किया जा सकता है।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 9:21 am

कैथल में उड़ा होली का गुलाल:छात्र-छात्राओं और स्टाफ एक दूसरे को लगाया रंग; कॉलेज में 8 तक छुटि्टयां घोषित

कैथल जिले के राजौंद स्थित किठाना कॉलेज ऑफ एजुकेशन में 28 फरवरी को होली का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विश्वविद्यालय की 1 से 8 मार्च तक की छुट्टियों के कारण यह आयोजन पूर्व निर्धारित तिथि से पहले किया गया। कार्यक्रम में बी.ए.बी.एड., बी.एस.सी.बी.एड. और दो वर्षीय बी.एड. पाठ्यक्रमों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समारोह की शुरुआत में विद्यार्थियों ने कॉलेज प्रबंधन, प्राचार्य और सभी स्टाफ सदस्यों को गुलाल लगाकर मिठाई खिलाई और होली की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर कॉलेज चेयरमैन श्री रामपाल ढांडा और डायरेक्टर श्री विकास ढांडा भी विद्यार्थियों के साथ मौजूद रहे। प्रेम और एकता का संदेश चेयरमैन श्री रामपाल ढांडा ने अपने संबोधन में कहा कि होली केवल रंगों का नहीं, बल्कि आपसी मनमुटाव भुलाकर प्रेम और एकता के रंग में रंगने का पर्व है। डायरेक्टर श्री विकास ढांडा ने युवाओं को सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण तरीके से होली मनाने का संदेश दिया। सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ाने वाला आयोजन प्राचार्य सहित सभी प्राध्यापकों ने होली के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से छात्रों में सांस्कृतिक मूल्यों और आपसी सहयोग की भावना मजबूत होती है। रंगों और मिठाइयों के साथ हुआ समापन कार्यक्रम के अंत में सभी स्टाफ सदस्यों और विद्यार्थियों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर और मिठाई खिलाकर पर्व की बधाई दी। इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार के प्राध्यापक डॉ. सुमन ढांडा, डॉ. सुमन मलिक, सतीश कुमार, कृष्ण कुमार, सतविंद्र, अजय, नीरज, श्री नितिन सहित सभी शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 9:16 am

झारखंड बनेगा रक्षा उत्पादन का नया हब:देवघर में बनेगी ब्रह्मोस मिसाइल, मनोहरपुर के 300 एकड़ जमीन में लगेगी यूनिट

बहुत जल्द झारखंड देश भर में रक्षा उत्पादन का केंद्र बनने जा रहा है। इसके लिए पहल हो चुकी है। सबकुछ ठीक रहा तो बाबा नगरी देवघर में ब्रह्मोस मिसाइल बनेगी। इसके लिए यहां ब्रह्मोस मिसाइल बनाने की यूनिट लगाई जाएगी। इसके लिए मोहनपुर अंचल के तिलौना और सिरसिया गांव के पास करीब 300 एकड़ सरकारी भूमि चिन्हित की जा चुकी है। जमीन चिन्हित करने की प्रक्रिया आठ साल पहले ही पूरी की जा चुकी है। मीडिया में आई खबरों के मुताबिक इस प्रोजेक्ट के लिए गोड्डा के सांसद डॉ. निशिकांत दुबे के आग्रह पर रक्षा मंत्रालय ने सैद्धांतिक स्वीकृति दे दी है। इसके लिए सांसद डॉ निशिकांत दुबे ने 13 जनवरी को रक्षा मंत्री को पत्र लिखा था। भू-रणनीतिक महत्व से बढ़ेगी राष्ट्रीय सुरक्षा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने अपने पत्र में देवघर को भू-रणनीतिक दृष्टि से अहम बताया था। उनका कहना है कि यहां उच्च तकनीक वाली ब्रह्मोस मिसाइल निर्माण इकाई स्थापित होने से राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूती मिलेगी। पूर्व रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर के मार्गदर्शन में डीआरडीओ द्वारा देवघर एयरपोर्ट के विकास के लिए लगभग 220 करोड़ रुपए उपलब्ध कराए गए थे। एयरपोर्ट अब पूरी तरह संचालित है। यह रक्षा उत्पादन व सैन्य जरूरतों के लिहाज से उपयोगी साबित हो सकता है। आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत देश में रक्षा उत्पादन में निरंतर वृद्धि हो रही है और यह परियोजना उसी दिशा में अहम कदम मानी जा रही है। ऑपरेशन ‘सिंदूर’ के बाद बढ़ी ब्रह्मोस की मांग हाल के ऑपरेशन ‘सिंदूर’ में ब्रह्मोस मिसाइल की प्रभावी भूमिका के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसकी मांग में इजाफा हुआ है। रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि नई निर्माण इकाई स्थापित होने से उत्पादन क्षमता बढ़ेगी और निर्यात के अवसर भी मजबूत होंगे। इससे भारत की वैश्विक रक्षा बाजार में स्थिति और सुदृढ़ हो सकती है। देवघर में प्रस्तावित इकाई पूर्वी भारत को रणनीतिक और औद्योगिक मानचित्र पर नई पहचान देगी। एमएसएमई सेक्टर को मिलेगा सीधा लाभ ब्रह्मोस मिसाइल यूनिट लगने से स्थानीय युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर मिलेंगे। मिसाइल निर्माण के लिए आवश्यक हजारों छोटे-बड़े पुर्जों, इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स, मेटल फेब्रिकेशन और पैकेजिंग सामग्री की आपूर्ति स्थानीय उद्योगों से हो सकेगी। इससे एमएसएमई सेक्टर को नियमित ऑर्डर मिलेंगे। आर्थिक गतिविधियों में तेजी आएगी। बड़े औद्योगिक प्रतिष्ठान के आसपास ऑटो पार्ट्स, प्रिसीजन इंजीनियरिंग और लॉजिस्टिक्स से जुड़े उद्योगों का क्लस्टर विकसित होगा। प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से हजारों रोजगार सृजित होने की संभावना है, जिससे झारखंड की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 9:15 am

समराला में आज शिअद की पंजाब बचाओ रैली:सुखबीर सिंह बादल करेंगे संबोधन, 10 हजार से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था

पंजाब के लुधियाना के कस्बा समराला स्थित दाना मंडी में आज शिरोमणि अकाली दल (बादल) की पंजाब बचाओ रैली आयोजित की जा रही है। रैली को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन स्थल पर 10 हजार से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। रैली में पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल मुख्य वक्ता के रूप में पहुंच रहे हैं। उनके आगमन को लेकर समर्थकों में खासा उत्साह है। मंच और पंडाल की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। AAP और कांग्रेस पर साधेंगे निशाना सूत्रों के मुताबिक अपने संबोधन में सुखबीर बादल पंजाब की मौजूदा सरकार और विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोल सकते हैं। वे विशेष तौर पर आम आदमी पार्टी और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की नीतियों और कामकाज को मुद्दा बना सकते हैं। परमजीत सिंह ढिल्लों की अगुवाई में आयोजन रैली का आयोजन हलका इंचार्ज परमजीत सिंह ढिल्लों की अगुवाई में किया जा रहा है। पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार क्षेत्रभर से कार्यकर्ताओं और समर्थकों को लाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।प्रशासन की ओर से रैली को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ ट्रैफिक व्यवस्था को भी सुचारू रखने के लिए विशेष योजना बनाई गई है। रैली सुबह 10 बजे से शुरू हो जाएगी। कौन हैं सुखबीर सिंह बादल? सुखबीर सिंह बादल पंजाब की प्रमुख सियासी शख्सियतों में से एक हैं। वे शिरोमणि अकाली दल (बादल) के अध्यक्ष हैं और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री रह चुके हैं। वे पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के पुत्र हैं। सुखबीर बादल लंबे समय से पंजाब की राजनीति में सक्रिय हैं और पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए विभिन्न जनसभाओं और कार्यक्रमों के जरिए कार्यकर्ताओं से संवाद करते रहते हैं। रैली को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज है और इसे आगामी चुनावी रणनीति से भी जोड़कर देखा जा रहा है।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 9:13 am

मुख्यमंत्री DAV स्कूल में RTE छात्रों से कराई मजदूरी...VIDEO:स्टूडेंट बोले-प्रिंसिपल जबरन काम करवाती है, कहती है फ्री में पढ़ते हो, ये तुम्हारा हक है

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में मुख्यमंत्री DAV पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल पर RTE (शिक्षा का अधिकार) के तहत पढ़ने वाले बच्चों से स्कूल परिसर में निर्माण कार्य और पुताई कराए जाने का आरोप है। बच्चों के परिजनों ने यह शिकायत कलेक्टर जनदर्शन में की है। परिजनों ने शिकायत में बताया है कि वे मामले को लेकर स्कूल पहुंचे तो प्रिंसिपल ने उनसे बदसलूकी की और कहा कि गेट के बाहर जाकर बात कीजिए, आपके बच्चों को फ्री में बैग, टेबल, बिजली और किताबें मिल रही हैं, आपका कोई पैसा तो लगता नहीं है। छात्रों ने बताया कि प्रिंसिपल विधु शर्मा जबरन काम करवाती है, कहती है फ्री में पढ़ते हो, ये तुम्हारा हक है। सबूत के तौर पर बच्चों का काम करते हुए फोटो और वीडियो भी दिए हैं। मामले की जांच के लिए DEO ने 3 सदस्यीय टीम बनाई है। यह मामला कोतवाली के तिलसिवां क्षेत्र का है। पहले देखिए ये तस्वीरें- अब जानिए पूरा मामला सूरजपुर जिले के तिलसिवां में मुख्यमंत्री DAV पब्लिक स्कूल में पढ़ने वाले छात्रों के परिजनों ने प्रिंसिपल के खिलाफ शिकायत की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि प्रिंसिपल ने आरटीई के तहत पढ़ने वाले बच्चों से स्कूल में निर्माण कार्य और पुताई कराई। परिजनों ने शिकायत की है कि आरटीई के तहत पढ़ने वाले छात्रों से स्कूल में सीमेंट, रेत और अन्य सामान से निर्माण का काम कराया जा रहा है। बच्चों से कक्षाओं की पुताई भी करवाई गई। स्टूडेंट्स और परिजनों का कहना है कि जो छात्र काम करने से मना करते हैं, उन्हें टीसी काटने की धमकी दी जाती है। प्रिंसिपल पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप छात्रों के परिजनों ने शिकायत में बताया है कि वे जब छात्रों से काम कराने को लेकर बात करने स्कूल पहुंचे तो प्रिंसिपल ने उनसे अभद्र व्यवहार करते हुए कहा कि “गेट के बाहर जाकर बात कीजिए, आपके बच्चों को फ्री में बैग, टेबल, बिजली और किताबें मिल रही हैं, आपका कोई पैसा तो लगता नहीं है। छात्रों से काम कराने का वीडियो करीब 20-25 दिन पुराना बताया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि प्रिंसिपल ने स्कूल की एक कक्षा को अपने पति के साथ आवास बना लिया है। DEO ने बनाई जांच टीम सूरजपुर कलेक्टर ने मामले की जांच के निर्देश सूरजपुर DEO को दिए हैं। सूरजपुर DEO अजय मिश्रा ने जांच के लिए 3 सदस्यीय जांच टीम बनाई है। टीम में सहायक संचालक योजना लता बेक को अध्यक्ष, बीईओ सूरजपुर हरेंद्र सिंह और सेजेस जयनगर की प्राचार्य पुष्पा राय सदस्य हैं। DEO अजय मिश्रा ने बताया कि टीम को 7 दिनों में जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने कहा गया है। जांच प्रतिवेदन के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। मामले में DAV की प्रिंसिपल विधु शर्मा ने कहा कि आरोप पूरी तरह निराधार है। मेरे विरुद्ध द्वेषवश शिकायत की गई है। जांच में वस्तुस्थिति स्पष्ट हो जाएगी। ……………………… इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… आदिवासी गर्ल्स हॉस्टल में छात्राओं से कराई सफाई और पेंटिंग: छज्जे में चढ़कर गंदगी निकाली, दीवारों को रंगा, रायगढ़ में वार्डन बोलीं- प्यून ने करवाया छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में कन्या छात्रावास की छात्राओं से रंगाई-पुताई कराए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो वायरल है, जिसमें लड़कियां हॉस्टल के कमरे की पुताई करते दिख रही हैं। वहीं छात्राएं छज्जे की सफाई कर गंदगी निकालते हुए भी नजर आईं। वीडियो वायरल होने के बाद आदिवासी विकास विभाग ने इस मामले की जांच के आदेश दिए हैं। पढ़ें पूरी खबर…

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 9:12 am

नरसिंहपुर में मेधावी छात्रों को मिलेगी मुफ्त JEE-NEET कोचिंग:आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए बैतूल मॉडल पर शुरू होगा प्रोजेक्ट

नरसिंहपुर जिले में अब इंजीनियरिंग और मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी शासकीय स्तर पर कराई जाएगी। बैतूल मॉडल की तर्ज पर, आर्थिक रूप से कमजोर प्रतिभावान विद्यार्थियों के लिए JEE और NEET की निशुल्क कोचिंग का पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया जा रहा है। स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने शनिवार शाम चावरा विद्यापीठ नरसिंहपुर में आयोजित एक कार्यशाला में यह घोषणा की। हॉस्टल में रहकर डेढ़ माह मिलेगी कोचिंग मंत्री उदय प्रताप सिंह ने बताया कि बोर्ड परीक्षाओं के बाद चयनित विद्यार्थियों को एक स्थान पर हॉस्टल में रखकर डेढ़ महीने तक गहन कोचिंग दी जाएगी। इसका उद्देश्य उन्हें NEET और JEE जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार करना है। इस कार्यक्रम में बैतूल से आए शिक्षकों ने मास्टर ट्रेनर के रूप में अपने अनुभव साझा किए। मंत्री ने बैतूल मॉडल से मिली प्रेरणा का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि बैतूल जिले में शासकीय विज्ञान शिक्षकों और प्राचार्यों ने आदिवासी क्षेत्रों के बच्चों को विशेष कोचिंग दी थी। इसके परिणामस्वरूप पिछले दो-तीन वर्षों में सैकड़ों विद्यार्थी पीएमटी, इंजीनियरिंग, पॉलिटेक्निक और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल हुए हैं। सफलता पर प्रदेशभर में लागू होगा बैतूल मॉडल बैतूल दौरे के दौरान इस मॉडल से प्रभावित होकर नरसिंहपुर में भी इसे लागू करने का निर्णय लिया गया है। अब यहां शिक्षकों को सामूहिक रूप से प्रशिक्षित कर उनकी क्षमताओं का उपयोग इस विशेष कोचिंग कार्यक्रम में किया जाएगा। मंत्री ने स्पष्ट किया कि नरसिंहपुर में यह प्रयोग सफल रहने पर इसे प्रदेश स्तर पर लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश जैसे बड़े राज्य में अधिक से अधिक बच्चों तक ऐसी सुविधाएं पहुंचाना सरकार का लक्ष्य है। मंत्री ने 'सुपर हंड्रेड' योजना के विस्तार की भी जानकारी दी इसके अतिरिक्त, मंत्री ने 'सुपर हंड्रेड' योजना के विस्तार की भी जानकारी दी। भोपाल और इंदौर में संचालित इन कक्षाओं का विस्तार अगले वर्ष से जबलपुर और ग्वालियर में भी किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को अपने संभाग में ही उच्चस्तरीय तैयारी का अवसर मिलेगा। बोर्ड परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए मंत्री ने कहा कि सरकार विद्यार्थियों के मानसिक दबाव को कम करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से दोहरी परीक्षा की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। जिससे यदि विद्यार्थी पहली बार में सफल न हों तो उन्हें दूसरा अवसर मिलता है और इसका नकारात्मक प्रभाव उनके करियर रिकॉर्ड पर नहीं पड़ता। मंत्री बोले- सकारात्मक सोच से परीक्षा दें, सरकार साथ है मंत्री ने कहा कि आज के दौर में हर क्षेत्र में दबाव है, लेकिन विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच के साथ परीक्षा देनी चाहिए। सरकार, अभिभावक और शिक्षक सभी उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से प्रदेश में डॉक्टर और इंजीनियरों की संख्या में वृद्धि होगी। उक्त अवसर पर जिलाधीश नरसिंहपुर रजनी सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी नरसिंहपुर, चावरा विद्यापीठ नरसिंहपुर के प्राचार्य फादर वर्गिस जी, सहित जिला बैतूल से उपस्थित एक्सपर्ट मेंटर्स टीम, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, एपीसी, प्राचार्य गण एवं शिक्षक/शिक्षकाएं उपस्थित रहे।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 9:11 am

हॉफ मर्डर केस में हिस्ट्रीशीटर समेत 13 को सजा:मैडी बोला-हंस के काटेंगे 4 महीना;3 साल पहले मैडी-वसीम खान गैंग के बीच हुआ था गैंगवार

बिलासपुर में गैंगवार के मामले में कोर्ट ने हिस्ट्रीशीटर मैडी उर्फ रितेश निखारे समेत 13 दोषियों को हॉफ मर्डर केस में 7-7 साल की सजा सुनाई है। 3 साल पहले मैडी गैंग और वसीम खान गैंग के बीच खूनी संघर्ष हुआ था। इस हमले में भास्कर वर्मा गंभीर रूप से घायल हुआ था। जेल ले जाते समय मैडी अपने साथियों से कहते सुना गया, “हंस के काटेंगे चार महीना, बिल्कुल लोड न लेना।” 7 मई 2023 की देर रात हुआ था हमला घटना 7 मई 2023 की देर रात तारबाहर थाना क्षेत्र के टेलीफोन एक्सचेंज रोड स्थित हेवंस पार्क के पास हुई थी। भास्कर वर्मा अपने दोस्त नवीन के साथ बाइक पर सवार था। हेवंस पार्क गली के सामने दोनों खड़े थे। उसी दौरान दो कार और तीन बाइक में सवार 10-15 लोग अचानक पहुंचे। हमलावरों ने भास्कर को घेर लिया और हमला शुरू कर दिया। गली घेरकर किया हमला, खास हथियार का इस्तेमाल हमलावरों ने गली को दोनों ओर से बंद कर दिया और भास्कर वर्मा को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। मेडी ग्रुप के सदस्य हथियार लेकर आए थे। लोहे की रॉड पर बाइक की चेन रिंग काटकर तैयार किया गया नुकीला हथियार फरसे जैसा दिखता था। उसी हथियार से कई वार किए गए, जिससे भास्कर गंभीर रूप से घायल हो गया। एट्रोसिटी स्पेशल कोर्ट में चला ट्रायल इस मामले में पुलिस ने मैडी उर्फ रितेश निखारे, सिद्धार्थ शर्मा उर्फ छोटू, आदित्य प्रकाश दुबे, प्रिंस शर्मा, काव्य गढ़वाल, एम. वरुण, रूपेश दुबे, आयुष मराठा उर्फ बाबू, फरीद अहमद उर्फ सोनू खान, सोनू उर्फ आशीष माली, मोहम्मद साबिर उर्फ रानू, विकास वैष्णव उर्फ बाबा राजू, विराज सिंह ध्रुव उर्फ गोलू विदेशी को आरोपी बनाया। सभी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। आरोप पत्र पेश होने के बाद एट्रोसिटी स्पेशल कोर्ट में सुनवाई शुरू हुई। स्पेशल कोर्ट के न्यायाधीश लवकेश प्रताप बघेल ने सभी आरोपियों को दोषी मानते हुए शनिवार को 7-7 साल की सजा सुनाई। फैसले से पहले बढ़ाई गई सुरक्षा इस मामले की सुनवाई के दौरान शनिवार को फैसला होना था। इस दौरान एट्रोसिटी स्पेशल कोर्ट के जज लवकेश प्रताप बघेल ने पहले से ही पुलिस बल बुला लिया था। वहीं अंतिम फैसले के वक्त मैडी से जुड़े लोगों की भीड़ भी कोर्ट पहुंच गई थी। इसके चलते कोर्ट परिसर में गहमा गहमी का माहौल था। बड़ी संख्या में युवकों की भीड़ भी जमा हो गई थी। जेल परिसर तक पहुंची भीड़ सजा सुनाए जाने के बाद कोर्ट परिसर में सन्नाटा छा गया। पुलिस ने सभी दोषियों को हिरासत में लिया। मैडी को जेल ले जाते समय समर्थक पीछे-पीछे चलने लगे। भीड़ जेल परिसर तक पहुंच गई। भारी भीड़ के बीच मैडी को अंदर ले जाया गया। स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस को भीड़ को खदेड़ना पड़ा।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 9:11 am

इंदौर में तीसरी मंजिल पर टॉवर तोड़ते समय हादसा:छत का हिस्सा भरभराकर गिर, मलबे में दबने से मजूदर की मौत; जांच में जुटी पुलिस

इंदौर के विजयनगर थाना क्षेत्र में शनिवार को निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। तीसरी मंजिल पर टॉवर तोड़ रहे एक मजदूर पर अचानक छत का हिस्सा गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान हरिओम (45) पुत्र मोहनसिंह, निवासी कुलकर्णी का भट्‌टा के रूप में हुई है। घटना बड़ी भमोरी इलाके की है, जहां वह अपने साथियों के साथ मकान के ऊपरी हिस्से को तोड़ने का काम कर रहा था। काम के दौरान हुआ हादसा प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हरिओम तीसरी मंजिल पर बने टॉवर को तोड़ रहा था। इसी दौरान अचानक छत का हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा और वह मलबे में दब गया। साथियों ने तुरंत उसे बाहर निकाला और ठेकेदार महेश की मदद से अस्पताल पहुंचाया। घायल अवस्था में हरिओम को एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हरिओम अपने दो भाइयों के साथ मकान निर्माण कार्य से जुड़ा था। उसके परिवार में पत्नी और एक बेटा है। विजयनगर पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। विजयनगर पुलिस के मुताबिक जांच के बाद लापरवाही को लेकर कारवाई की जाएगी।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 9:11 am

ईरान के सुप्रीम लीडर की मौत पर लखनऊ में प्रदर्शन:लोग सड़कों पर उतरे, शिया धर्मगुरुओं के विरोध के बाद नारेबाजी शुरू

अमेरिका-इजराइल के हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद यूपी में प्रदर्शन शुरू हो गया है। लखनऊ में शिया समुदाय के हजारों लोग सड़क पर उतर आए। महिलाएं छाती पीटकर रोती रहीं। प्रदर्शकारियों ने “खामनेई जिंदाबाद” और “अमेरिका-इजराइल मुर्दाबाद” के नारे लगाए। एक महिला ने चिल्लाते हुए कहा- “जिनके खून में गद्दारी है, उन्होंने खामनेनी को धोखे से मारा है। खामनेनी मेरा शेर था। अगर एक खामनेनी मारा गया है, तो हजार खामनेनी फिर उठ खड़े होंगे। इज़राइल और अमेरिका धोखेबाज़ हैं।” ऑल इंडिया शिया पर्सनल लॉ बोर्ड की तरफ से तीन दिवसीय शोक की घोषणा कर दी गई है। बोर्ड के महासचिव मौलाना यासूब अब्बास ने कहा- लोग अपने घरों पर काले झंडे लगाएंगे और काले कपड़े पहनेंगे। अयातुल्ला खामनेनी के नाम पर मजलिस का आयोजन किया जाएगा। 3 तस्वीरें देखिए… यूपी में शुरू हलचल के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे लाइव ब्लॉग पढ़िए…

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 9:10 am

भास्कर एप का सरपंच रेटिंग सर्वे चर्चा का विषय बना:ग्रामीण पहली बार काम के आधार पर सरपंचों को 1 से 5 नंबर दे रहे

दैनिक भास्कर एप का सरपंच रेटिंग सर्वे गांवों में चर्चा का विषय बन गया है। इस सर्वे के माध्यम से ग्रामीण पहली बार अपने सरपंचों के कामकाज का मूल्यांकन कर रहे हैं, जिसमें उन्हें 1 से 5 तक नंबर देने का अवसर मिल रहा है। ग्रामीण पानी, सड़क, रोड लाइट, नाली और शौचालय जैसे मूलभूत मुद्दों पर सरपंचों के प्रदर्शन को आंक रहे हैं। इस पहल से उन मुद्दों को सामने लाने में मदद मिल रही है, जिन पर पहले कभी खुलकर बात नहीं हुई। लोग बोले- ऐसा मौका पहली बार मिलाग्रामीणों का कहना है कि उन्हें पहली बार काम के आधार पर सरपंचों को नंबर देने का मौका मिला है। वहीं, खुद जनप्रतिनिधि भी इस सर्वे को अपने कामकाज का सटीक और निष्पक्ष आकलन मानते हैं। मक्कासर में भी सर्वे की चर्चासर्वे लॉन्च होने के बाद दैनिक भास्कर एप की टीम ने मक्कासर ग्राम पंचायत का दौरा किया। इसका उद्देश्य पंचायत चुनावों से पहले गांवों के प्रमुख मुद्दों को समझना था। गांवों में इस बात पर भी चर्चा है कि एक साथ सभी सरपंचों पर सर्वे करवाना एक बड़ा कार्य है। ग्रामीण इस बात से उत्साहित हैं कि अब वे सीधे तौर पर अपने सरपंचों के कार्यों पर अपनी राय दे पा रहे हैं। लोगों ने दैनिक भास्कर के प्रयास को सराहाग्रामीण बलविंद्र सिंह ने दैनिक भास्कर के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि लोगों को सर्वे में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। उन्होंने अपने सरपंच द्वारा किए गए कार्यों का भी जिक्र किया। मलख गोदारा ने बताया कि उन्होंने भी मक्कासर पंचायत में हुए कामों के आधार पर अपने सरपंच को रेटिंग दी है। उनका मानना है कि सड़क, पानी और सफाई जैसे आमजन से जुड़े मुद्दे पर चर्चा आवश्यक है। सरपंचों का भी मानना है कि ऐसे सर्वे से उनके कार्यों का निष्पक्ष मूल्यांकन संभव हो पाएगा।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 9:09 am

हांसी में खुशी नर्सिंग कॉलेज की छात्राओं का धरना समाप्त:विधायक भयाना बोले- माइग्रेशन की प्रक्रिया शुरू; 2 मार्च से होगी काउंसलिंग

हांसी में माइग्रेशन और कॉलेज अलॉटमेंट की मांग को लेकर 13 फरवरी से हांसी में विधायक आवास पर धरना दे रहीं खुशी नर्सिंग कॉलेज की छात्राओं ने शनिवार शाम अपना आंदोलन समाप्त कर दिया। यह फैसला विधायक विनोद भयाना और नारनौंद के एसडीएम विकास यादव के आश्वासन के बाद लिया गया। 166 छात्राओं का माइग्रेशन पूरा, शेष प्रक्रिया जल्द धरने के दौरान विधायक विनोद भयाना ने जानकारी दी कि 171 में से 166 छात्राओं का माइग्रेशन पूर्ण हो चुका है, जबकि शेष कार्य भी शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। 21 फरवरी से 24 फरवरी तक तीन दिन के क्रमिक अनशन के बाद 11 छात्राएं और 11 किसान नेता लगातार धरने पर डटे रहे। प्रशासन ने दी काउंसलिंग शुरू करने की तारीख शनिवार शाम विधायक और एसडीएम स्वयं धरना स्थल पर पहुंचे और छात्राओं व किसान नेताओं से बातचीत की। प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया कि 2 मार्च से छात्राओं की काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। छात्राओं ने मांग रखी कि विधायक विनोद भयाना और किसान नेता सुरेश कोथ काउंसलिंग के दौरान उनके साथ मौजूद रहें, जिस पर विधायक ने सहमति जताई। लड्डू खिलाकर समाप्त हुआ धरना विधायक विनोद भयाना ने लड्डू खिलाकर और नारेबाजी के बीच धरना समाप्त करने की घोषणा की। इसके बाद छात्राएं अपने-अपने घरों को रवाना हो गईं, जबकि किसान नेताओं ने विधायक आवास के बाहर लगा तंबू भी हटा दिया। संघर्ष की जीत बताया किसानों ने किसान नेता सुरेश कोथ ने कहा कि छात्राओं की मांग लंबी लड़ाई और संघर्ष के बाद पूरी हुई है। अब प्रशासनिक आश्वासन मिलने के बाद धरना समाप्त कर दिया गया है। लगभग 171 छात्राओं ने कॉलेज से माइग्रेशन के लिए आवेदन किया था, जिनमें से 166 छात्राओं के माइग्रेशन मंजूर हो चुके हैं। किसानों ने इसे संघर्ष की जीत बताया। इस अवसर पर किसान नेता दशरथ मलिक, मुकेश कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 9:08 am

बस ऑपरेटरों की हड़ताल वापस:होली से पहले यात्रियों को मिली राहत, 2 मार्च से प्रस्तावित थी

मध्य प्रदेश में 2 मार्च से प्रस्तावित बस ऑपरेटरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल वापस ले ली गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ शनिवार को भोपाल में हुई बैठक के बाद बस ऑपरेटर्स ने यह निर्णय लिया। इस घोषणा से बुरहानपुर जिले में भी होली पर्व से पहले यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। बुरहानपुर में भी बस ऑपरेटरों ने स्टेज कैरिज बसों के संचालन के लिए लाई जा रही नई नीति के विरोध में हड़ताल का ऐलान किया था। उनका कहना था कि यह नीति दमनकारी है और इससे प्रदेश के सभी बस मालिक प्रभावित हो रहे हैं। मांगों को न माने जाने पर 2 मार्च से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी गई थी और बसों पर पोस्टर भी लगाए गए थे। यह हड़ताल होली पर्व के दौरान प्रस्तावित थी, जिससे आमजन, विशेषकर छोटे गांवों से आने-जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता। हड़ताल वापस होने से अब बुरहानपुर सहित पूरे प्रदेश में बसों का संचालन पहले की तरह नियमित रूप से जारी रहेगा। बस ऑपरेटर्स की प्रमुख मांगेंबस ऑपरेटर्स की प्रमुख मांगों में 24 दिसंबर 2025 को राजपत्र में प्रकाशित संशोधन के प्रारूप को वापस लेना और 29 जनवरी 2026 को राजपत्र में प्रकाशित संशोधन को पूर्ण रूप से समाप्त करना शामिल था। वे चाहते थे कि वर्तमान में जिस व्यवस्था के साथ प्रदेश में बसों का संचालन हो रहा है, उसे यथावत रखा जाए। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री के साथ हुई चर्चा के बाद बस ऑपरेटर्स की मांगों पर विचार करते हुए सभी प्रस्तावित बदलावों को फिलहाल रोक दिया गया है। इसी आश्वासन के बाद बस ऑपरेटर्स ने अपनी हड़ताल वापस लेने का फैसला किया।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 9:07 am

50 लाख की चोरी का खुलासा, हिस्ट्रीशीटर की बहन गिरफ्तार:चोरी का आधा माल बरामद, मुख्य आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार

भीलवाड़ा शहर के बापूनगर स्थित सूने मकान में करीब 50 लाख रुपए की चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी हिस्ट्रीशीटर की बहन को गिरफ्तार कर चोरी का आधा माल बरामद किया है। मुख्य आरोपी और एक नाबालिग अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। 23 तोला सोना, चांदी और नकदी ले गए थे चोर एसपी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि बापूनगर में नहर के पास रहने वाले गोपाल सोनी के घर में 24 फरवरी की देर रात चोरी हुई थी। गोपाल सोनी पारिवारिक कार्य से नोएडा गए हुए थे। बदमाश घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और करीब 23 तोला सोना, एक किलो से अधिक चांदी के गहने, चांदी के सिक्के-बर्तन और करीब ढाई लाख रुपए नकद ले गए। 25 फरवरी को प्रतापनगर थाने में मामला दर्ज कराया गया। सीसीटीवी और मुखबिर सूचना से सुराग एएसपी पारस जैन के मार्गदर्शन और प्रतापनगर सीआई राजपाल सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। फुटेज में संदिग्ध बाइक की पहचान के बाद जांच कांवाखेड़ा निवासी हिस्ट्रीशीटर सत्यनारायण उर्फ सत्तू बैरवा तक पहुंची। पुलिस देख लौटे, फिर सुबह की वारदात जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी और एक नाबालिग पहले रात करीब 2:25 बजे क्षेत्र में घूम रहे थे, लेकिन पुलिस गश्त देखकर लौट गए। बाद में सुबह करीब 5 बजे दोबारा पहुंचे और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घर पर दबिश, आरोपी फरार पुलिस जब सत्यनारायण बैरवा के घर पूछताछ के लिए पहुंची तो वह चकमा देकर फरार हो गया। मौके पर उसकी बहन कांता बैरवा मिली, जिसके कब्जे से चोरी का माल बरामद हुआ। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। हिस्ट्रीशीटर पर कई मामले दर्ज मुख्य आरोपी सत्तू बैरवा भीलवाड़ा कोतवाली थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ चोरी, नकबजनी और लूट के दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। राजसमंद जिले में भी वह सर्राफा व्यवसायी को निशाना बना चुका है। फिलहाल पुलिस की टीमें फरार आरोपी और नाबालिग की तलाश में दबिश दे रही हैं।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 9:04 am

गुरुग्राम में साइबर ठगों ने 1.56 लाख रुपए ठगे:बीमा प्रीमियम के नाम पर फंसाया; दूसरे का मोबाइल हैक किया

गुरुग्राम में साइबर अपराधियों ने दो अलग-अलग वारदातों में 1 लाख 56 हजार रुपए की ठगी को अंजाम दिया। एक मामले में बीमा प्रीमियम जमा कराने का झांसा दिया गया, जबकि दूसरे में मोबाइल हैक कर रकम उड़ा ली गई। दोनों घटनाओं की शिकायत मिलने के बाद साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन मानेसर ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खेड़की दौला के रहने वाले राहुल पुरी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 30 जनवरी 2026 को उन्हें व्हाट्सएप पर एक व्यक्ति का मैसेज मिला। आरोपी ने खुद को PNB MetLife Insurance का मैनेजर बताया और ‘सेंचुरी प्लान’ का प्रीमियम बकाया बताते हुए एक क्यूआर कोड भेजा। पहले भुगतान असफल रहने के बाद, आरोपी ने दूसरा क्यूआर कोड भेजा। राहुल ने गूगल पे के माध्यम से भुगतान किया, जिसके बाद उनके एचडीएफसी बैंक खाते से पहले 2,000 रुपए और फिर 98,000 रुपए कट गए। बाद में कंपनी कार्यालय से पुष्टि हुई कि उनकी पॉलिसी में कोई राशि जमा नहीं हुई है। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) व 319(2) के तहत केस दर्ज किया है। मोबाइल हैक कर उड़ाए 56 हजार रुपए गांव बास पद्मका, तहसील पटौदी के रहने वाले पवन कुमार ने शिकायत दी कि ड्यूटी के दौरान उनका मोबाइल अचानक हैक हो गया। बिना किसी ओटीपी या लिंक पर क्लिक किए, उनके फोनपे से जुड़े इंडियन बैंक खाते से 50,000 रुपए और 6,000 रुपए कटने के मैसेज प्राप्त हुए। इस मामले में भी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस की अपील- अनजान पर भरोसा न करें साइबर क्राइम पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए क्यूआर कोड, लिंक या कॉल पर भरोसा न करें। किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर या राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 9:01 am

शॉर्ट सर्किट से दुकानों में लगी भीषण आग:लाखों का सामान जलकर राख, 2 घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

कोटा के डकनिया रोड इलाके में करियर पॉइंट के सामने देर रात एक जनरल स्टोर, स्टेशनरी और बेकरी की दुकान में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान के अंदर रखा स्टेशनरी और बेकरी का अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। देर रात दुकान के भीतर से धुआं उठता देख राहगीरों ने तुरंत विज्ञान नगर थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। दमकल की दो गाड़ी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास ने बताया कि डकनिया रोड क्षेत्र में शॉर्ट सर्किट के कारण दो अलग-अलग दुकानों में आग लगी थी। आग पर काबू पाने के लिए करीब डेढ़ से दो घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। फायर कर्मियों ने लगातार प्रयास कर आग को फैलने से रोका, जिससे आसपास की अन्य दुकानों को नुकसान होने से बचा लिया गया। हालांकि आगजनी की इस घटना में दुकान के अंदर रखा अधिकतर सामान जल गया, जिससे दुकानदार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हैं। -- ये खबर भी पढ़ें कोटा में दो शोरूमों में लगी भीषण आग:स्कूटी-बाइक और ई-रिक्शा जले, 10 फीट तक उठीं लपटें; जिम से निकलकर भागे लोग कोटा में इलेक्ट्रिक स्कूटी-बाइक शोरूम में आग लग गई। लपटें 10 फीट तक उठ रही थीं। देखते ही देखते आग ने बगल के ई-रिक्शा शोरूम को भी चपेट में ले लिया। 4 दमकल की गाड़ियों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।शोरूम के ऊपर जिम है। घटना के समय दो दर्जन से ज्यादा लोग जिम में थे। आग लगते ही अफरा-तफरी मच गई और जान बचाने के लिए सभी बाहर की तरफ भागे। (पूरी खबर पढ़ें)

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 9:00 am

रायसेन में कल 70 जगहों पर जलेगी होलिका:गोबर के कंडों से जलाने पर जोर; पुलिस बोली- हर्बल रंगों से मनाएं त्योहार

रायसेन में होली, रंग पंचमी और ईद त्योहारों को लेकर शनिवार शाम पुलिस कंट्रोल रूम में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्री हिंदू उत्सव समिति और मुस्लिम त्योहार कमेटी के अध्यक्ष, सदस्यगण, नागरिक, एसडीएम, एसडीओपी और थाना प्रभारी मौजूद थे। बैठक में होली को लेकर चर्चा की गई। शहर के वार्ड पांच टिप्टता बाजार स्थित बड़े मंदिर पर 2 मार्च को रात 9 बजे सबसे पहले होलिका का दहन किया जाएगा। इसके बाद शहर की अन्य होली बारी-बारी से जलाई जाएगी। शहर में लगभग 70 स्थानों पर छोटी-बड़ी होलिकाएं जलाई जाएंगी। होलिका दहन स्थलों पर नीचे झूल रहे बिजली के तारों को व्यवस्थित करने का सुझाव दिया गया। इसके अलावा, जुलूस के दौरान शहर के तिराहों पर अव्यवस्थित खड़े वाहनों को भी व्यवस्थित करने का मुद्दा उठाया गया। एसडीएम मनीष शर्मा और एसडीओपी नीलम चौधरी ने सभी लोगों से शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने की अपील की। होली त्योहार पर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है और जगह-जगह पुलिस पॉइंट लगाए गए हैं। पुलिस द्वारा हुड़दंगियों पर विशेष नजर रखी जाएगी। श्री हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष रवि खत्री ने बताया कि पाटन देव हनुमान मंदिर से सुबह 10 बजे जुलूस प्रारंभ होगा। यह सागर रोड, सागर तिराहे, महामाया चौक, इंडियन चौराहा से पुरानी बस्ती होता हुआ महामाया चौक पर समाप्त होगा। थाना प्रभारी नरेंद्र गोयल ने सभी से शांतिपूर्ण और मिलजुलकर त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने गोबर के कंडे से होलिका दहन करने और हर्बल रंगों से होली खेलने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जिन्हें रंगों से परहेज है, उन्हें जबरदस्ती रंग न लगाया जाए।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 9:00 am

हैलट में जूनियर डॉक्टरों ने गार्ड को पीटा VIDEO:1 सेकेंड में जड़े 3 थप्पड़, बैरिकेडिंग हटाने को लेकर हुई मारपीट

GSVM मेडिकल कॉलेज से संबद्ध हैलट अस्पताल में बैरिकेडिंग हटाने को लेकर जूनियर डॉक्टरों और सुरक्षा गार्डों के बीच मारपीट हो गई। शुक्रवार रात हुई इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। चश्मदीदों के मुताबिक, गेट पर गार्ड आकाश की ड्यूटी लगी हुई थी। तभी एक जूनियर डॉक्टर एक महिला के साथ स्कूटी अंदर लेकर जाने के लिए कहा तो गार्ड ने इमरजेंसी की तरफ निर्माणधीन बिल्डिंग में काम होने के कारण स्कूटी लेकर जाने से रोक दिया। जिसके बाद जूनियर डॉक्टर अपने साथ कई और जूनियर डॉक्टर लेकर आया और गार्ड आकाश के साथ मारपीट शुरू कर दी। आकाश रिटायर फौजी बताए जा रहे हैं। गेट के पास लगी बैरेकेटिंग को हटाने को लेकर पूरा विवाद शुरू हुआ। गार्डों ने आपत्ति जताई तो दोनों पक्षों में तीखी बहस हो गई। आरोप है कि इस दौरान कुछ जूनियर डॉक्टरों ने गार्ड के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट भी की है। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही कमेटी मामला बढ़ने पर अस्पताल प्रशासन ने तत्काल तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर दी। कमेटी का नेतृत्व डॉ. यशवंत राव को सौंपा गया है। जो पूरी रिपोर्ट मेडिकल कॉलेज प्रशासन को जांच करने के बाद सौपेंगे। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों के बयान लिए जाएंगे। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। हमलावर डॉक्टरों की पहचान अब तक नहीं घटना के बाद भी मारपीट में शामिल जूनियर डॉक्टरों की स्पष्ट पहचान नहीं हो सकी है। प्रशासन का कहना है कि दोषी चाहे कोई भी हो, लेकिन कार्रवाई तय है। इस घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। देर रात हुई इस घटना से मरीजों और तीमारदारों में भी दहशत का माहौल रहा। अस्पताल प्रबंधन ने कहा है कि परिसर में अनुशासन और सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 8:59 am

छतरपुर में नेता दामोदर यादव के खिलाफ विरोध प्रदर्शन:साधु-संतों पर टिप्पणी का विरोध; लोग बोला-धार्मिक भावनाएं आहत हुईं

छतरपुर में स्थानीय नेता दामोदर यादव के एक बयान के बाद शहर में राजनीतिक और सामाजिक हलचल तेज हो गई है। कुछ लोगों ने आरोप लगाया है कि उनके बयान से साधु-संतों और सनातन धर्म की भावनाएं आहत हुई हैं। इसी के विरोध में कुछ संगठनों और लोगों ने प्रदर्शन किया। विरोध में जूतों की माला तैयार प्रदर्शनकारियों ने विरोध स्वरूप जूतों की माला तैयार की है। समाजसेवी सतेंद्र शर्मा ने कहा कि यदि किसी मंच से साधु-संतों और सनातन धर्म पर आपत्तिजनक टिप्पणी की जाती है तो उसका कड़ा विरोध किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि जरूरत पड़ने पर सार्वजनिक रूप से जूतों की माला पहनाकर विरोध दर्ज कराया जाएगा। यह बयान बना विवाद की वजह बताया जा रहा है कि दामोदर यादव ने हाल ही में पाखंड और कथित चमत्कारों को लेकर बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि देश संविधान से चलता है, न कि आडंबर या चमत्कार से। साथ ही उन्होंने कुछ धार्मिक व्यक्तित्वों, जिनमें धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का नाम लेकर लोगों को भ्रमित करने का आरोप लगाया। उनके इन बयानों के बाद विरोध तेज हो गया। दोनों पक्षों में बयानबाजी घटना के बाद दामोदर यादव के समर्थकों और विरोधियों के बीच बयानबाजी शुरू हो गई है। हालांकि इस पूरे मामले में दामोदर यादव की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण या प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस प्रशासन ने कहा है कि सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर दिए जा रहे बयानों पर नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने सभी पक्षों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की है। कुछ सामाजिक संगठनों ने भी विवाद को बढ़ाने के बजाय आपसी संवाद से समाधान निकालने की बात कही है। फिलहाल शहर का माहौल संवेदनशील बना हुआ है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि दामोदर यादव आगे क्या प्रतिक्रिया देते हैं और प्रशासन स्थिति को किस तरह संभालता है।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 8:58 am

होली पर आमजन को महंगाई की मार:पेट्रोलियम कंपनियों ने कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में किया इजाफा

होली के त्योहार पर आमजन को महंगाई का झटका लगा है। बीती रात पेट्रोलियम कंपनियों ने एलपीजी गैस की कीमतों का रिव्यू करने के बाद कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी की है। कंपनियों ने सिलेंडर की कीमतों में 27.50 रुपए की बढ़ोतरी हुई। इस साल में लगातार तीसरा महीना है जब कंपनियों ने कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी की है। राजस्थान एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष दीपक गहलोत ने बताया कि कंपनियों की ओर से जारी रेट लिस्ट के मुताबिक राजस्थान में आज से 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल गैस सिलेंडर पर 27.50 रुपए बढ़ने के बाद 1769 रुपए की जगह 1796.50 रुपए में मिलेगा। जबकि पिछले महीने फरवरी में कंपनियों ने कॉमर्शियल गैस सिलेंडर पर 49.50 रुपए प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की थी। इससे पहले जनवरी में कंपनियों ने 111 रुपए प्रति सिलेंडर बढ़ाए थे। इस तरह इस साल कॉमर्शियल सिलेंडर पर अब तक 188 रुपए बढ़ चुके है। घरेलू सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं कंपनियों ने घरेलू उपयोग के लिए होने वाले सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है। वर्तमान में बाजार में घरेलू उपयोग का सिलेंडर 856.50 रुपए में ही मिलेगा। वहीं, राज्य सरकार की ओर से बीपीएल और उज्ज्वला कनेक्शनधारियों को रियायती दर पर सिलेंडर उपलब्ध करवाया है।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 8:57 am

राजस्थान में अशोक लीलैंड फैक्ट्री में लगी आग,VIDEO:बसों-ट्रक पर पेंट करने वाला प्लांट चपेट में, 30 से ज्यादा मजदूर मौजूद थे

अलवर में ट्रक-बस बनाने वाली कंपनी अशोक लीलैंड के प्लांट में आग लग गई। फैक्ट्री के जिस हिस्से में आग लगी वहां 30 से ज्यादा वर्कर काम कर रहे थे। जानकारी के अनुसार प्लांट के इस एरिया में ट्रक-बसों पर पेंट किया जाता है। आग भड़कने के कुछ मिनटों में ही लोगों को बाहर निकाल दिया गया था। हादसा शनिवार रात करीब 10.30 बजे मत्स्य इंडिस्ट्रियल एरिया (MIA) में हुआ। करीब एक से डेढ़ घंटे बाद फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया। 30 लाख से ज्यादा का नुकसान अलवर के फायर ऑफिसर अमित मीणा ने बताया- प्लांट के जिस हिस्से में आग लगी, उसके पास ही बसों और ट्रकों की कई चेचिस रखी हुई थी। हालांकि आग इस हिस्से तक नहीं आई। वहीं, अनुमान है कि आग से करीब 30 लाख रुपए का नुकसान हो गया। आग पर एक घंटे में काबू पा लिया गया। अब देखिए - फैक्ट्री में आग से जुड़े PHOTOS… 300 मीटर तक दिखाई दीं लपटें फैक्ट्री कर्मचारियों ने बताया- प्लांट के गेट नंबर दो पर कुछ हिस्से में अचानक आग लगी थी। कुछ मिनटों बाद आग की लपटें 300 मीटर दूर तक से भी दिखाई दे रही थीं। आग के कारणों को लेकर अभी कुछ जानकारी सामने नहीं आई है। जानकारी के अनुसार पेंट शॉप के अलावा फैक्ट्री के दूसरे हिस्से में बड़ी संख्या में वर्कर मौजूद थे। …. फैक्ट्री में आग-ब्लास्ट से जुड़िए ये खबर भी पढ़िए… राजस्थान में अवैध पटाखा फैक्ट्री में धमाका, पॉलीथीन में ले जाने पड़े शव; मैनेजर हिरासत में, फैक्ट्री सील राजस्थान के भिवाड़ी की केमिकल फैक्ट्री में अचानक तेज धमाका हुआ। इसमें 7 मजदूर जिंदा जल गए, जबकि 4 गंभीर रूप से झुलस गए थे। शव बुरी तरह जल गए थे। कई शवों के कंकाल भर बचे थे। पूरी खबर पढ़िए…

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 8:57 am

लुधियाना में युवक से 15 लाख रुपए की ठगी:अमेरिका भेजने का झांसा दिया था, दो एजेंट फरार, पुलिस जांच में जुटी

पंजाब में विदेश भेजने के नाम पर मासूम लोगों को ठगने वाले कबूतरबाजों का जाल लगातार फैलता जा रहा है। ताजा मामला महानगर के जमालपुर इलाके से सामने आया है जहां दो कथित एजेंटों ने एक युवक को अमेरिका भेजने का झांसा देकर उससे 15 लाख रुपये हड़प लिए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर सख्त कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और इमिग्रेशन एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। शिकायतकर्ता गुरदयाल सिंह निवासी सरपंच कॉलोनी जमालपुर ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि वह अपने बेटे दिलप्रीत सिंह को सुनहरे भविष्य के लिए अमेरिका भेजना चाहते थे। इसी दौरान उनका संपर्क दो एजेंटों इंद्रप्रीत सिंह निवासी न्यू शक्ति नगर और अजीत सिंह निवासी खारा खेड़ी,जिला हिसार से हुआ। आरोपियों ने बड़े-बड़े वादे किए और दिलप्रीत को अमेरिका पहुँचाने की पूरी जिम्मेदारी ली। सौदा तय होने के बाद गुरदयाल सिंह ने अपनी मेहनत की कमाई से जुटाए 15 लाख रुपये आरोपियों को सौंप दिए। न विदेश भेजा, न लौटाए पैसे रकम लेने के बाद आरोपियों के सुर बदल गए। कई महीने बीत जाने के बाद भी जब दिलप्रीत को अमेरिका भेजने की कोई प्रक्रिया शुरू नहीं हुई तो गुरदयाल सिंह ने अपने पैसे वापस मांगने शुरू किए। आरोपियों ने शुरुआत में टाल-मटोल की और बाद में पैसे लौटाने से साफ इनकार कर दिया। खुद को ठगा हुआ महसूस कर पीड़ित ने न्याय के लिए पुलिस का दरवाजा खटखटाया। जमालपुर थाना पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ ठोस सबूत जुटाए और मामला दर्ज किया। आरोपियों के खिलाफ धारा 420 (धोखाधड़ी), धारा 120-B (आपराधिक साजिश), 24 इमिग्रेशन एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। हमने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। जल्द ही दोनों पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

दैनिक भास्कर 1 Mar 2026 8:56 am